जम्मू पुलिस के द्वारा पकड़ा गया आतंकी, फोटो- सोशल मीडिया 
जम्मू कश्मीर

पाकिस्तान से आतंक फैलाने आया था मोहम्मद उस्मान, बाल झड़ने से था परेशान, श्रीनगर में कराया हेयर ट्रांसप्लांट

Lashkar-e-Taiba: लश्कर आतंकी मोहम्मद उस्मान ने हैरान करने वाला खुलासा किया। उसने बताया कि घुसपैठ के बाद श्रीनगर में हेयर ट्रांसप्लांट कराया और फर्जी दस्तावेजों से विदेश भागने की फिराक में था।

प्रतीक पाण्डेय

LeT Terrorist Mohammad Usman Jatt Arrested: सुरक्षा एजेंसियों के हत्थे चढ़ा एक आतंकी जब अपनी दास्तां सुनाने बैठा, तो उसकी बातें सुनकर अनुभवी अधिकारी भी दंग रह गए। पाकिस्तान से ट्रेनिंग लेकर भारत में तबाही मचाने के इरादे से घुसा आतंकी अपने मिशन में नाकाम रहा। आतंकी ने एक हैरान कर देने वाला वकया सुनाया है।

श्रीनगर पुलिस की गिरफ्त में आया यह आतंकी मोहम्मद उस्मान जट्ट उर्फ 'चीनी' मूल रूप से पाकिस्तान के लाहौर का रहने वाला है। पूछताछ में उसने स्वीकार किया कि उसे सीमा पार से जम्मू-कश्मीर के बाहर भारत के अन्य हिस्सों में स्लीपर सेल तैयार करने का एक बड़ा और खतरनाक जिम्मा सौंपा गया था।

खतरनाक मकसद से भारत आया था ‘चीनी’

घुसपैठ करने के बाद मोहम्मद उस्मान जट्ट उर्फ 'चीनी' का मकसद भारतीय युवाओं को गुमराह करना और उन्हें आतंकी गतिविधियों के लिए संगठित करना था ताकि देश के भीतर बड़े हमले किए जा सकें। सीमा पार करने के बाद वह जरगम और अब्दुल्ला उर्फ 'अबू हुरैरा' जैसे अन्य पाकिस्तानी आतंकियों के संपर्क में भी आया था, जो पहले से ही भारत विरोधी गतिविधियों में शामिल थे।

बाल झड़ने से परेशान था आतंकी

जांच में सबसे चौंकाने वाला खुलासा आतंकी की निजी समस्या को लेकर हुआ। जांच एजेंसियों के सामने उस्मान ने कबूल किया कि वह लंबे समय से बाल झड़ने की समस्या से जूझ रहा था। यह समस्या उसके लिए इतनी गंभीर थी कि इससे उसका आत्म-सम्मान बुरी तरह प्रभावित होने लगा था और वह मानसिक रूप से कमजोर महसूस करने लगा था। श्रीनगर में छिपकर रहने के दौरान वह कुछ लोगों के संपर्क में आया, जिन्होंने उसे हेयर ट्रांसप्लांट की सलाह दी। इसके बाद उसे गुपचुप तरीके से श्रीनगर के ही एक क्लिनिक ले जाया गया, जहां उसने बाकायदा अपना हेयर रेस्टोरेशन ट्रीटमेंट कराया।

देश छोड़कर भागने के लिए तैयार किया था मास्टर प्लान

इलाज कराने के बाद उस्मान जम्मू के रास्ते पंजाब के मालेरकोटला पहुंचा, जहां उसने काफी समय तक छिपकर अपनी पहचान छुपाए रखी। यहां रहने के दौरान वह खुद को आधुनिक दिखाने की कोशिश कर रहा था। उसका असली इरादा भारत के आधार कार्ड, पैन कार्ड और पासपोर्ट जैसे दस्तावेज हासिल करना था।

बताया जा रहा है कि वह 'उमर उर्फ खरगोश' नाम के एक दूसरे आतंकी के नक्शेकदम पर चलना चाहता था, जो पहले ही फर्जी दस्तावेजों के जरिए भारत से इंडोनेशिया और फिर खाड़ी देशों में भागने में सफल रहा था। उस्मान भी इसी तरह अपनी पहचान बदलकर विदेश भाग जाने की जुगत में लगा था।

कश्मीर की असलियत देख दंग रह गया आतंकी

पूछताछ के दौरान उस्मान जट्ट ने एक ऐसी बात कही जो पाकिस्तान के प्रोपेगेंडा की पोल खोलती है। उसने बताया कि जब वह कश्मीर पहुंचा, तो यहां का माहौल और आम लोगों की जिंदगी वैसी बिल्कुल नहीं थी, जैसी उसे पाकिस्तान के आतंकी ट्रेनिंग कैंपों में दिखाई गई थी। घाटी की वास्तविकता और यहां के लोगों का सामान्य जीवन देखकर वह हैरान रह गया और उसने दावा किया कि यहां आने के बाद उसके मकसद पूरी तरह बदल गए थे।

आज की ताजा खबर 16 अगस्त LIVE: एक क्लिक में पढ़ें दिनभर की सारी बड़ी खबरें

राजस्थान के सरकारी स्कूलों में मीडिया की नो एंट्री! फोटो-वीडियो पर भी लगा बैन, नियम तोड़ने पर होगी कार्रवाई

आचार्य प्रमोद कृष्णम का कांग्रेस पर बड़ा हमला, बोले- राहुल गांधी पाकिस्तान के राष्ट्रपति जैसे

Tamil Nadu NEET Protest: विधानसभा के नए प्रस्ताव के बावजूद चेन्नई में NEET के खिलाफ प्रदर्शन जारी

JPSC-JSSC पेपर लीक के खिलाफ छात्रों का फूटा गुस्सा, हेमंत सोरेन के साथ राहुल-तेजस्वी का भी फूंका पुतला