आसमान की मास्टर बनीं स्क्वाड्रन लीडर सान्या, वायुसेना में रचा इतिहास; नए लड़ाकू पायलटों को देंगी ट्रेनिंग

Squadron Leader Saanya: स्क्वाड्रन लीडर सान्या ने भारतीय वायुसेना में 'कैट-ए' क्वालीफाइड फ्लाइंग इंस्ट्रक्टर बनकर इतिहास रच दिया है। वह यह उपलब्धि हासिल करने वाली देश की पहली महिला अधिकारी बन गई हैं।
Indian Air Force first woman instructor
एयर चीफ मार्शल ए.पी. सिंह औऱ स्क्वाड्रन लीडर सान्या, फोटो- IAF X Post
Published on: 
Updated on: 

Indian Air Force First Woman Instructor: आसमान की अनंत ऊंचाइयों में अपनी धाक जमाने वाली हमारी बेटियां अब केवल विमान उड़ा ही नहीं रही हैं, बल्कि वे अब आने वाली पीढ़ी के जांबाज पायलटों को तैयार करने की कमान भी संभालेंगी।

स्क्वाड्रन लीडर सान्या ने वह मुकाम हासिल कर लिया है, जो अब तक वायुसेना में किसी भी महिला अधिकारी के लिए एक सपना मात्र था। उन्होंने प्रतिष्ठित 'कैट-ए' (Cat-A) क्वालीफाइड फ्लाइंग इंस्ट्रक्टर की योग्यता हासिल कर एक नया कीर्तिमान स्थापित किया है।

सान्या ने रचा गौरवशाली इतिहास

स्क्वाड्रन लीडर सान्या के लिए 'कैट-ए' क्वालीफाइड फ्लाइंग इंस्ट्रक्टर का खिताब मिलना कोई साधारण बात नहीं है। यह वायुसेना में उड़ान के क्षेत्र में सर्वोच्च स्तर की विशेषज्ञता और कुशलता को दर्शाता है। एक फ्लाइंग इंस्ट्रक्टर के तौर पर 'कैट-ए' ग्रेड हासिल करने का मतलब है कि सान्या अब उड़ान के सबसे जटिल और सूक्ष्म पहलुओं में पारंगत हो चुकी हैं। उनकी इस सफलता की खुद भारतीय वायुसेना ने सराहना की है।

नए लड़ाकू पायलटों को तराशने की जिम्मेदारी संभालेंगी सान्या

इस ऐतिहासिक उपलब्धि की गूंज सोमवार को उस समय सुनाई दी जब वायुसेना प्रमुख एयर चीफ मार्शल ए.पी. सिंह ने खुद स्क्वाड्रन लीडर सान्या को इस शानदार सफलता के लिए सम्मानित किया। वायुसेना ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर तस्वीरें शेयर करते हुए इसे देश के भविष्य के विमानन क्षेत्र के लिए एक बड़ी प्रेरणा बताया। सान्या की यह 'कैट-ए' डिग्री इस बात की गारंटी है कि वे अब प्रशिक्षण के उच्चतम मानकों पर खरी उतरी हैं और आने वाले समय में देश को कई बेहतरीन पायलट तैयार करके देंगी।

बेटियों की उड़ान को मिले नए पंख

वायुसेना द्वारा साझा किए गए संदेश में स्पष्ट रूप से कहा गया कि सान्या की यह जीत 'ब्रेकिंग बैरियर्स' यानी सीमाओं को तोड़ने वाली है। यह खबर उन हजारों किशोरियों के लिए उम्मीद की एक नई किरण है जो लड़ाकू विमानों के कॉकपिट में बैठकर देश की सेवा करने का सपना देखती हैं।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com