दिल्ली के पूर्व सीएम अरविंद केजरीवाल और पंजाब सीएम भगवंत मान। सोर्स: गूगल इंटरनेट
देश

पंजाब में AAP ने एक मंत्री समेत 7 विधायकों के टिकट क्यों काटे? जानें इसके पीछे का कारण

Punjab Election 2027: पंजाब चुनाव 2027 के लिए AAP ने 71 उम्मीदवार घोषित कर कई विधायकों की टिकट काटी। मंत्रियों के नाम होल्ड रखने और नए चेहरों को मौका देने के पीछे क्या है रणनीति?

अमन कुमार पाण्डेय

Highlights:

  • AAP ने दो सूचियों में 71 उम्मीदवार घोषित किए, गुरमीत खुड्डियां और डॉ. चरणजीत सिंह समेत कई विधायकों की टिकट काटी।

  • अमन अरोड़ा और हरपाल चीमा समेत 12 मंत्रियों के नाम होल्ड, जबकि जेल में बंद संजीव अरोड़ा को टिकट दी।

  • 71 उम्मीदवारों में सिर्फ 9 महिलाएं, दोआबा में 19 और मालवा में 37 सीटों पर उम्मीदवार घोषित; तीन विधायक BJP में शामिल।

AAP Cut Eight MLA Ticket in Punjab: पंजाब में 2027 के विधानसभा चुनाव की तैयारी के बीच आम आदमी पार्टी (AAP) ने उम्मीदवारों के चयन से सियासी हलचल तेज कर दी है। पार्टी ने दो सूचियों में अब तक 71 उम्मीदवारों के नाम घोषित किए हैं। इन सूचियों में सिर्फ चुनावी चेहरों का चयन नहीं हुआ, बल्कि कई मौजूदा विधायकों की टिकट काटकर, मंत्रियों के नाम रोककर और राजनीतिक परिवारों को मौका देकर पार्टी ने अपनी रणनीति के संकेत भी दिए हैं।

AAP के टिकट बंटवारे में सबसे ज्यादा चर्चा उन फैसलों की है, जिनमें दो पूर्व मुख्यमंत्रियों को हराने वाले विधायकों में से कुछ को दोबारा मौका मिला, जबकि कुछ की टिकट काट दी गई। एक विधायक के बेटे के बाद उसके सांसद पिता को भी विधानसभा चुनाव में उतारा गया। वहीं, पार्टी ने कुछ नेताओं को दूसरे दलों से आने के बावजूद टिकट दिया, जबकि कई मंत्रियों के नाम अभी तक घोषित नहीं किए हैं।

इन फैसलों से साफ है कि पार्टी इस बार केवल मौजूदा विधायकों के प्रदर्शन के आधार पर टिकट नहीं बांट रही, बल्कि क्षेत्रीय समीकरण, राजनीतिक प्रभाव और संभावित चुनावी चुनौतियों को भी ध्यान में रख रही है।

दो मुख्यमंत्रियों को हराने वाले विधायकों पर अलग-अलग फैसला

AAP की दूसरी सूची में सबसे चौंकाने वाला फैसला लंबी विधानसभा सीट को लेकर रहा। यहां से मौजूदा विधायक और कृषि मंत्री गुरमीत सिंह खुड्डियां की टिकट काट दी गई। उनकी जगह उनके भतीजे रणधीर सिंह धीरा खुड्डियां को उम्मीदवार बनाया गया है।

गुरमीत खुड्डियां ने 2022 के पंजाब विधानसभा चुनाव में पंजाब के पांच बार मुख्यमंत्री रहे प्रकाश सिंह बादल को हराया था। बादल के राजनीतिक करियर का यह आखिरी चुनाव था। इसके बाद उनका निधन हो गया। ऐसे में खुड्डियां की टिकट काटना पार्टी के सबसे चर्चित फैसलों में शामिल हो गया है।

इसी तरह चमकौर साहिब से विधायक डॉ. चरणजीत सिंह का टिकट भी काट दिया गया। उन्होंने 2022 में तत्कालीन मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी को हराया था।

हालांकि, पार्टी ने दो अन्य विधायकों पर भरोसा कायम रखा। भदौड़ से पूर्व मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी को हराने वाले लाभ सिंह उगोके और पटियाला से कैप्टन अमरिंदर सिंह को शिकस्त देने वाले अजीतपाल सिंह कोहली को पहली सूची में ही दोबारा टिकट दे दी गई।

इससे संकेत मिलता है कि AAP के लिए किसी बड़े नेता को हराने का पुराना रिकॉर्ड अपने आप में टिकट की गारंटी नहीं है।

एक परिवार में दो टिकट, मीत हेयर को फिर विधानसभा का मौका

AAP के टिकट वितरण में परिवार के भीतर दो टिकट देने का मामला भी चर्चा में है। पार्टी ने पहले चब्बेवाल से मौजूदा विधायक डॉ. इशांक चब्बेवाल को टिकट दी। इसके बाद दूसरी सूची में उनके पिता और होशियारपुर से मौजूदा लोकसभा सांसद राजकुमार चब्बेवाल को फगवाड़ा से विधानसभा उम्मीदवार घोषित कर दिया।

इस तरह पिता और बेटे दोनों चुनावी मैदान में होंगे। पार्टी की घोषित सूची में यह एकमात्र ऐसा उदाहरण बताया गया है, जहां एक ही परिवार के दो सदस्यों को टिकट मिली है।

वहीं, संगरूर के सांसद गुरमीत सिंह मीत हेयर को भी पार्टी ने एक बार फिर विधानसभा चुनाव में उतारने का फैसला किया है। उनका राजनीतिक सफर दिलचस्प रहा है। 2022 में वह बरनाला से विधायक बने और पंजाब सरकार में मंत्री बनाए गए। 2024 के लोकसभा चुनाव में पार्टी ने उन्हें संगरूर से उम्मीदवार बनाया और वह सांसद चुने गए। अब 2027 के चुनाव के लिए उन्हें फिर बरनाला से टिकट दी गई है।

यह फैसला बताता है कि पार्टी अपने कुछ स्थापित चेहरों को लोकसभा से वापस विधानसभा की राजनीति में लाने से भी परहेज नहीं कर रही।

अमन अरोड़ा और हरपाल चीमा की टिकट पर सस्पेंस, 12 मंत्रियों के नाम होल्ड

AAP की दोनों सूचियों में सबसे ज्यादा चर्चा उन मंत्रियों की है, जिनके नाम अभी तक घोषित नहीं हुए हैं। पार्टी ने पहली सूची में मुख्यमंत्री भगवंत मान को उम्मीदवार बना दिया था, लेकिन पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष और मंत्री अमन अरोड़ा का नाम दोनों सूचियों में नहीं आया।

सरकार में नंबर दो की हैसियत रखने वाले वित्त मंत्री हरपाल सिंह चीमा की टिकट भी होल्ड है। यह इसलिए भी महत्वपूर्ण है क्योंकि पार्टी ने 15 मंत्रियों में से 12 के नाम अभी तक घोषित नहीं किए हैं।

इसके उलट जेल में बंद मंत्री संजीव अरोड़ा को पहली सूची में ही लुधियाना वेस्ट से उम्मीदवार बना दिया गया। ऐसे में सवाल उठ रहा है कि पार्टी कुछ मंत्रियों पर भरोसा जता रही है, जबकि बाकी के नाम रोककर उनके राजनीतिक भविष्य को लेकर अनिश्चितता बनाए हुए है।

खरड़ से विधायक और पूर्व अभिनेत्री अनमोल गगन मान का मामला भी इसी तरह चर्चा में है। वह 2022 में पहली बार विधायक बनी थीं और बाद में मंत्री भी रहीं। हालांकि, उन्हें अचानक मंत्रिमंडल से हटा दिया गया। इसके बाद 19 जुलाई 2025 को उन्होंने विधायक पद से इस्तीफा देकर राजनीति छोड़ने का ऐलान किया था। पार्टी अध्यक्ष अमन अरोड़ा के मनाने पर उन्होंने अपना फैसला बदला, लेकिन अब पार्टी ने उनकी टिकट काट दी है।

71 उम्मीदवारों में सिर्फ 9 महिलाएं, दोआबा में सबसे ज्यादा टिकट

AAP की अब तक घोषित 71 उम्मीदवारों की सूची में महिलाओं की हिस्सेदारी काफी कम है। पार्टी ने सिर्फ 9 महिलाओं को टिकट दिया है। इनमें पांच मौजूदा विधायक हैं। इंद्रजीत कौर मान, संतोष कुमारी कटारिया, बलजिंदर कौर, डॉ. अमनदीप कौर अरोड़ा और सरवजीत कौर माणूके को दोबारा मौका मिला है।

बलजिंदर कौर और सरवजीत कौर माणूके को तीसरी बार टिकट दी गई है। वहीं, नए चेहरों में अभिनेत्री सोनिया मान, हरजोत कौर लोहटिया, डॉ. सुहानी डोडा और वनिंदर कौर लूंबा शामिल हैं।

क्षेत्रीय वितरण पर नजर डालें तो AAP ने सबसे ज्यादा उम्मीदवार दोआबा क्षेत्र में घोषित किए हैं। यहां कुल 23 विधानसभा सीटें हैं, जिनमें से 19 पर उम्मीदवारों के नाम सामने आ चुके हैं। माझा की 25 सीटों में से 15 पर टिकट घोषित हुई है, जबकि सबसे बड़े राजनीतिक क्षेत्र मालवा में 69 में से केवल 37 सीटों पर उम्मीदवारों का ऐलान हुआ है।

मालवा में टिकटों की घोषणा की धीमी रफ्तार बताती है कि पार्टी इस क्षेत्र में उम्मीदवारों के चयन को लेकर ज्यादा सावधानी बरत रही है। पंजाब की राजनीति में मालवा का खास महत्व है, इसलिए यहां टिकट वितरण का अंतिम समीकरण काफी अहम होगा।

दागी विधायकों की टिकट कटी, तीन विधायक BJP में शामिल

AAP ने टिकट वितरण में विवादों में रहे कुछ मौजूदा विधायकों से भी दूरी बनाई है। जालंधर सेंट्रल से रमन अरोड़ा, बठिंडा देहात से अमित रतन कोटफत्ता और पट्टी से लालजीत सिंह भुल्लर को टिकट नहीं दी गई है। रमन अरोड़ा और अमित रतन कोटफत्ता भ्रष्टाचार के मामलों में घिरे रहे हैं, जबकि लालजीत सिंह भुल्लर वेयरहाउस अधिकारी की आत्महत्या के मामले में जेल में हैं। हालांकि, मानसा से डॉ. विजय सिंगला की टिकट अभी होल्ड है। वह भी भ्रष्टाचार के मामले में गिरफ्तार हो चुके हैं।

दूसरी तरफ, पार्टी ने दूसरे दलों से आए दो नेताओं पर भी भरोसा जताया है। यह संकेत है कि AAP अपने संगठन के पुराने चेहरों के साथ-साथ बाहर से आए नेताओं को भी चुनावी मैदान में उतारने की रणनीति अपना रही है।

टिकट वितरण के बीच पार्टी को भीतरघात और नेताओं की नाराजगी का सामना भी करना पड़ रहा है। पहली सूची जारी होने के बाद सनौर के विधायक हरमीत सिंह पठानमाजरा और समाना के विधायक चेतन सिंह जौड़ामाजरा ने पार्टी छोड़ दी और बीजेपी में शामिल हो गए। पूर्व AAP विधायक कुंवर विजय प्रताप सिंह भी बीजेपी में चले गए हैं।

दूसरी सूची आने के बाद चमकौर साहिब से टिकट गंवाने वाले डॉ. चरणजीत सिंह की नाराजगी भी सामने आई है। ऐसे में पार्टी के सामने टिकट न पाने वाले नेताओं को संभालने और बगावत रोकने की चुनौती है।

आप पार्टी पंजाब में नए चेहरों को मौका देने के लिए तैयार

कुल मिलाकर, AAP का टिकट वितरण तीन बड़े संकेत देता है। पहला, पार्टी कुछ मौजूदा विधायकों और मंत्रियों के बजाय नए चेहरों को मौका देने के लिए तैयार है। दूसरा, परिवार के सदस्यों और दूसरे दलों से आए नेताओं को टिकट देकर चुनावी समीकरण साधने की कोशिश हो रही है। तीसरा, मंत्रियों के नाम रोकने और कुछ विधायकों की टिकट काटने से पार्टी के भीतर असंतोष की आशंका बढ़ी है। अब देखना होगा कि ये फैसले 2027 के चुनाव में AAP के लिए कितने कारगर साबित होते हैं।

Chhath Puja 2026: छठ पर घर लौटने की होड़, ट्रेनें फुल, फ्लाइट का किराया 44 हजार पार; 77 बसें भी पड़ रही कम

पंजाब में AAP को झटका, सुखदीप सिंह चीना ने छोड़ी आम आदमी पार्टी, सभी पदों और प्राथमिक सदस्यता से दिया इस्तीफा

दुनियाभर में Microsoft, Outlook और Teams की सेवाएं फिर से बहाल, करीब 7 घंटे से था सर्वर डाउन

पुलिस के हत्थे चढ़े राष्ट्रपति भवन के अंगरक्षक पर हमले के मुख्य आरोपी, मुठभेड़ के बाद हुई गिरफ्तारी

अखिलेश यादव के राम मंदिर जाने से समाजवादी पार्टी को फायदा या घाटा? 5 प्वॉइंट में जानें