Highlights:
वेरका ने दूध की कीमतों में बढ़ोतरी का फैसला क्यों लिया?
नई दरों से ग्राहकों और रोजाना दूध खरीदने वालों पर कितना असर पड़ेगा?
किन इलाकों में लागू हुईं नई कीमतें और किन पैकेटों की मात्रा में होगा बदलाव?
Verka Milk Price: पंजाब की प्रमुख डेयरी कंपनी वेरका ने दूध की कीमतों में बढ़ोतरी कर दी है। पंजाब स्टेट कोऑपरेटिव मिल्क प्रोड्यूसर्स फेडरेशन लिमिटेड के फ्लैगशिप ब्रांड वेरका ने अपने कई पैकेट वाले दूध की अधिकतम खुदरा कीमत (MRP) में 1 से 8 रुपये तक का इजाफा किया है। नई कीमतें 13 नवंबर की सुबह से पंजाब और आसपास के क्षेत्रों के साथ दिल्ली-एनसीआर में भी लागू हो गई हैं।
पंजाब स्टेट कोऑपरेटिव मिल्क प्रोड्यूसर्स फेडरेशन की ओर से गुरुवार को जारी सर्कुलर के मुताबिक, कीमतों में बदलाव का फैसला पंजाब और आसपास के इलाकों में दूसरी प्रमुख डेयरी कंपनियों के दूध के दामों पर चर्चा के लिए हुई वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग बैठक के बाद लिया गया।
नई दरों के अनुसार, 500 एमएल फुल क्रीम दूध की कीमत 36 से बढ़ाकर 38 रुपये कर दी गई है। स्टैंडर्ड दूध अब 33 के बजाय 35 रुपये में मिलेगा। टोंड दूध 30 से बढ़कर 31 रुपये, डबल टोंड दूध 27 से 28 रुपये, गाय का दूध 31 से 33 रुपये और स्किम्ड मिल्क 24 से 25 रुपये हो गया है।
एक लीटर वाले पैकेट में फुल क्रीम दूध की कीमत 72 से बढ़कर 76 रुपये और स्टैंडर्ड दूध की कीमत 65 से 69 रुपये हो गई है। वहीं, टोंड दूध अब 59 के बजाय 61 रुपये और डबल टोंड दूध 53 के बजाय 55 रुपये में मिलेगा।
डेढ़ लीटर वाले फुल क्रीम दूध की कीमत 106 से बढ़ाकर 112 रुपये और स्टैंडर्ड दूध की कीमत 96 से 102 रुपये कर दी गई है। डेढ़ लीटर गाय का दूध अब 90 के बजाय 96 रुपये में मिलेगा। दो लीटर वाले फुल क्रीम दूध की कीमत 142 से बढ़कर 150 रुपये और स्टैंडर्ड दूध की कीमत 128 से बढ़कर 136 रुपये हो गई है।
हालांकि, 180 एमएल डबल टोंड और 350 एमएल टोंड दूध की कीमतों में बदलाव नहीं किया गया है। कंपनी मौजूदा पैकेजिंग फिल्म का स्टॉक खत्म होने के बाद 350 एमएल टोंड दूध का पैकेट 320 एमएल और 450 एमएल स्टैंडर्ड दूध का पैकेट 430 एमएल करेगी।
फेडरेशन के मुताबिक, बल्क मिल्क की कीमतों और डिस्ट्रीब्यूटर व रिटेलर के मार्जिन में कोई बदलाव नहीं होगा। नई कीमतें पंजाब, चंडीगढ़, पंचकूला, मोहाली, कालका, रोपड़ और आसपास के क्षेत्रों में लागू होंगी। इसके अलावा कुछ दूसरे इलाकों में सप्लाई के लिए पैकेट पर अतिरिक्त ओवरप्रिंटिंग शुल्क भी तय किया गया है।