पाकिस्तानी मंत्री मुसादिक मलिक SCO बैठक में शामिल होने दिल्ली आए हैं।
उन्हें ताजमहल और निजामुद्दीन दरगाह जाने की अनुमति नहीं मिली।
सुरक्षा कारणों से दिल्ली से बाहर जाने पर प्रतिबंध लगाया गया।
पहलगाम हमले और ऑपरेशन सिंदूर के बाद यह पाकिस्तानी मंत्री का पहला भारत दौरा है।
Musadik Malik India Visit: पाकिस्तान के जलवायु मंत्री मुसादिक मलिक इस हफ्ते दिल्ली में आयोजित हो रहे शंघाई कोऑपरेशन ऑर्गनाइजेशन (SCO) की मीटिंग में शामिल होंगे। पहला शंघाई कोऑपरेशन ऑर्गनाइजेशन (SCO) सिविलाइजेशनल डायलॉग फोरम 20-22 नवंबर तक राजधानी के ऐतिहासिक पुराना किला में आयोजित किया जा रहा है।
जानकारी के मुताबिक, मलिक ने अपने भारत दौरे के दौरान SCO सम्मेलन में शामिल होने के साथ-साक कई और जगहों पर जाने की योजना बना रहे थे। इसमें आगरा का ताज महल भी शामिल था। हालांकि अब जानकारी सामने आ रही है कि सुरक्षा कारणों से मलिक हो ताज जाने की इजाजत नहीं दी गई है। इसले अलावा उनके हजरत निजामुद्दीन दरगाह जाने की मांग को खारिज कर दिया गया है।
मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक पाकिस्तानी मंत्री ने आगरा में ताजमहल और राजधानी में निजामुद्दीन दरगाह जाने की अनुमति मांगी थी, लेकिन भारत सरकार ने SCO मीटिंग के अलावा किसी भी काम के लिए इजाजत देने से मना कर दिया। रिपोर्ट में बताया गया कि मलिक को यहां अपने दौरे के दौरान केवल SCO इवेंट में शामिल होने की इजाजत है, किसी और जगह पर जाने की नहीं।
मलिक का भारत दौरा, 2023 में गोवा में बिलावल भुट्टो जरदारी के SCO मीटिंग में शामिल होने के बाद किसी पाकिस्तानी संघीय मंत्री का पहला दौरा है। यह मई 2025 में पहलगाम आतंकी हमले के बाद भारत के सैन्य कार्रवाई ऑपरेशन सिंदूर के बाद किसी पाकिस्तानी नेता का भारत का पहला दौरा भी है।
भारत ने 28 अक्टूबर को घोषणा की थी कि स्थापित परंपरा के मुताबिक, पाकिस्तान सहित सभी SCO सदस्यों को न्योता दिया गया है। पाकिस्तान सरकार ने बाद में मुसादिक मलिक के शामिल होने की पुष्टि की।
पाकिस्तान सरकार के बयान में कहा गया, पाकिस्तान सरकार सभ्यताओं के बीच बातचीत को बढ़ावा देने और आपसी सम्मान की भावना से SCO फ्रेमवर्क के तहत लोगों के बीच संपर्क को बढ़ावा देने के लिए प्रतिबद्ध है।
विपक्ष ने पाकिस्तान के मंत्री को बुलाने के लिए केंद्र की आलोचना की है। विपक्ष ने पूछा है कि पहलगाम के बाद ऐसा क्या बदला है कि पड़ोसी देश के प्रति पॉलिसी में बदलाव की जरूरत है। विपक्ष ने भारत द्वारा पाकिस्तान के साथ सिंधु जल संधि को रद्द करने पर मुसादिक मलिक की आक्रामक टिप्पणियों की ओर भी इशारा किया है।
SCO की स्थापना 2001 में शंघाई में एक समिट में रूस, चीन, किर्गिज रिपब्लिक, कजाकिस्तान, ताजिकिस्तान और उज्बेकिस्तान के राष्ट्रपतियों ने की थी। भारत और पाकिस्तान 2017 में इसके परमानेंट मेंबर बने। ईरान 2023 में मेंबर बना। अक्टूबर 2024 में, इस्लामाबाद ने SCO काउंसिल ऑफ हेड्स ऑफ गवर्नमेंट मीटिंग होस्ट की, जिसमें विदेश मंत्री एस जयशंकर अपने प्रधानमंत्री की ओर से शामिल हुए थे।