Rajya Sabha Elections 2026 (प्रतीकात्मक तस्वीर) 
देश

शरद पवार से अभिषेक मनु सिंघवी तक, राज्यसभा चुनाव से पहले निर्विरोध चुने गए कई नेता, देखें लिस्ट

Rajya Sabha Unopposed Candidates: 16 मार्च को होने वाले राज्यसभा चुनाव से पहले कई नेता निर्विरोध चुन लिए गए। इनमें शरद पवार, रामदास आठवले, विनोद तावड़े और अभिषेक मनु सिंघवी जैसे दिग्गज शामिल हैं।

अर्पित शुक्ला

Rajya Sabha Elections: 16 मार्च को होने वाले राज्यसभा चुनाव से पहले सोमवार को कई प्रमुख नेता उच्च सदन के लिए निर्विरोध निर्वाचित हो गए। इनमें राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (शरद पवार गुट) के अध्यक्ष शरद पवार, केंद्रीय मंत्री रामदास आठवले, भाजपा महासचिव विनोद तावड़े और सुप्रीम कोर्ट के वरिष्ठ वकील अभिषेक मनु सिंघवी जैसे बड़े नाम शामिल हैं।

महाराष्ट्र से भाजपा ने रामदास आठवले और विनोद तावड़े के अलावा रामराव वाडकुटे और माया इवानते को भी उम्मीदवार बनाया था। इन सभी को निर्विरोध चुन लिया गया। इसके अलावा शिवसेना (एकनाथ शिंदे गुट) की प्रवक्ता ज्योति वाघमारे और भाजपा की सहयोगी एनसीपी के नेता व पूर्व उपमुख्यमंत्री अजीत पवार के बेटे पार्थ पवार भी राज्यसभा के लिए निर्वाचित हुए हैं।

महाराष्ट्र में महायुति के छह उम्मीदवार निर्विरोध

महाराष्ट्र में सत्तारूढ़ महायुति गठबंधन के छह उम्मीदवार राज्यसभा के लिए निर्विरोध चुने गए हैं, जबकि विपक्षी महा विकास आघाड़ी की ओर से शरद पवार उच्च सदन पहुंचे हैं।अप्रैल में खाली होने वाली महाराष्ट्र की सात सीटों के लिए नामांकन दाखिल करने की अंतिम तिथि तक केवल सात उम्मीदवारों ने ही पर्चा दाखिल किया था। नामांकन वापस लेने की समयसीमा खत्म होने के बाद सोमवार को सभी उम्मीदवारों को निर्वाचित घोषित कर दिया गया।

तेलंगाना से सिंघवी और नरेंद्र रेड्डी निर्वाचित

कांग्रेस नेता अभिषेक मनु सिंघवी और तेलंगाना के मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी के करीबी सहयोगी वेम नरेंद्र रेड्डी भी राज्यसभा के लिए निर्विरोध चुने गए हैं। रिटर्निंग ऑफिसर उपेंद्र रेड्डी ने उनके निर्वाचन की घोषणा की। दो सीटों के लिए केवल इन्हीं दो उम्मीदवारों ने नामांकन दाखिल किया था, इसलिए दोनों को निर्विरोध विजेता घोषित किया गया। सिंघवी कांग्रेस के टिकट पर तेलंगाना से एक और कार्यकाल के लिए राज्यसभा पहुंचे हैं, जबकि नरेंद्र रेड्डी पहली बार उच्च सदन के सदस्य बने हैं।

छत्तीसगढ़ और हिमाचल में भी निर्विरोध चुनाव

छत्तीसगढ़ से भाजपा उम्मीदवार लक्ष्मी वर्मा और कांग्रेस की फूलो देवी नेताम राज्यसभा के लिए निर्विरोध चुनी गईं। इन दोनों के अलावा किसी और उम्मीदवार ने नामांकन दाखिल नहीं किया था। वहीं हिमाचल प्रदेश से कांग्रेस उम्मीदवार अनुराग शर्मा को भी निर्वाचित घोषित किया गया। इसके बाद प्रदेश कांग्रेस ने पार्टी मुख्यालय में उनका स्वागत किया।

तमिलनाडु से छह उम्मीदवार निर्वाचित

तमिलनाडु की प्रमुख राजनीतिक पार्टियों के छह उम्मीदवारों को भी राज्यसभा के लिए निर्विरोध निर्वाचित घोषित किया गया। इनमें द्रमुक के तिरुचि शिवा और जेके रविंद्रन, अन्नाद्रमुक के एम. थंबी दुरई, पीएमके अध्यक्ष अंबुमणि रामदास, कांग्रेस उम्मीदवार क्रिस्टोफर मणिकम और डीएमडीके नेता एल.के. सुधीश शामिल हैं। रिटर्निंग ऑफिसर आर. शांति ने सभी विजेताओं को औपचारिक रूप से निर्वाचन प्रमाण पत्र सौंपे।

BRICS Summit 2026: मायावती ने की नई दिल्ली घोषणापत्र की तारीफ, कहा- कूटनीति के मोर्चे पर भारत को मिली कामयाबी

BRICS Summit 2026 LIVE: नई दिल्ली से चीन के लिए रवाना शी जिनपिंग; ब्रिक्स नेताओं के साथ की अहम बैठक

Nandigram Bypoll 2026: क्या नंदीग्राम से फिर चुनाव लड़ेंगी ममता? TMC के नाम और सिंबल पर छिड़ी जंग

अमेरिकी खुफिया एजेंसी की फाइल में नया खुलासा, 9/11 से पहले लादेन के टारगेट पर था भारत

BRICS Summit 2026: फैमिली फोटो के बाद PM नरेंद्र मोदी का बड़ा संदेश, रोजगार से लेकर आपदा प्रबंधन पर की बात