Rahul Gandhi Post on X Laborers: लोकसभा सांसद और विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर में बंधुआ मजदूरी की एक गंभीर घटना पर गहरी चिंता जताई। उन्होंने सोशल मीडिया एक्स पर एक पोस्ट करते हुए इसे मानवीय गरिमा पर हमला बताया। इस दुर्दशा के लिए राहुल गांधी ने सरकार को जिम्मेदार ठहराया।
राहुल गांधी ने अपनी पोस्ट में लिखा, "मुजफ्फरपुर में मजदूरों से बंधुआ मजदूरी कराने का मामला बेहद चौंकाने वाला है। बिना मजदूरी के काम करवाने के अलावा, मजदूरों को कुत्तों से कटवाया गया, भालों से मारा गया, कोड़े मारे गए और जानवरों का चारा खिलाया गया। यह इंसानी गरिमा पर हमला है। पीड़ितों को न्याय और पुनर्वास मिलना चाहिए, और दोषियों को कड़ी से कड़ी सजा मिलनी चाहिए।"
राहुल गांधी ने मजदूरों की मजबूरियों पर जोर देते हुए कहा, "हमें यह भी पूछना चाहिए कि मजदूर किन मजबूरियों के कारण ऐसी खतरनाक स्थितियों में फंस जाते हैं। जब नौकरियां खत्म हो जाती हैं, आमदनी रुक जाती है, और सबसे कमजोर वर्गों के लिए बने MGNREGA और श्रम कानूनों जैसे सुरक्षा उपाय कमजोर पड़ जाते हैं, तो निराशा और बढ़ती है।"
राहुल गांधी ने सरकार को जिम्मेदार ठहराते हुए अपनी पोस्ट में लिखा, "जिनके पास कोई दूसरा विकल्प या सुरक्षा नहीं होती, वे ऐसे शोषण का आसान शिकार बन जाते हैं। यह कोई मामूली आपराधिक घटना नहीं है। यह लड़खड़ाती अर्थव्यवस्था का नतीजा है।"
यह भी पढ़ें - पाकिस्तानी एयरस्पेस में घुसी एयर इंडिया की फ्लाइट! अमृतसर में लैंडिंग के वक्त अचानक पार हो गई सीमा, मचा हड़कंप
दरअसल, उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरपुर जनपद के मांडी गांव में एक दोना निर्माण फैक्ट्री में कथित तौर पर बंधुआ मजदूरी और मानव तस्करी का बड़ा मामला सामने आया। इस मामले ने इंसानियत पर सवाल खड़े कर दिए। बंधकों की हाल जानकर किसी भी इंसान की रूह कांप जाएगी। पुलिस ने इसे गंभीरता से लेते हुए 12 मजदूरों को बंधुआ मजदूरी से मुक्त कराया। पुलिस ने फैक्ट्री के संचालक अंकित बालियान के पिता प्रदीप बालियान और सुपरवाइजर शिवा त्यागी को गिरफ्तार कर लिया है। मुख्य आरोपी अंकित बालियान अभी भी फरार है। पुलिस आरोपी की जांच में जुटी हुई है।