राहुल गांधी का CEC ज्ञानेश कुमार पर तीखा हमला, बोले- मोदी-शाह बचा लेंगे, 13 करोड़ वोटरों के नाम काटे गए
ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग तेज, INDIA ब्लॉक ने खरगे के आवास पर आयोजित की 'जन महाभियोग' मॉक संसद
पूर्व लोकसभा स्पीकर मीरा कुमार की अध्यक्षता में CEC के खिलाफ प्रस्ताव पेश, छह प्रमुख आरोपों पर विपक्ष ने घेरा
Rahul Gandhi Said That Gyanesh Believes Modi and Shah Will Save Him: मॉक संसद में विपक्ष के नेता राहुल गांधी मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार पर हमलावर नजर आए। उन्होंने कहा ज्ञानेश को लगता है कि मोदी-शाह उन्हें बचा लेंगे। राहुल ने ज्ञानेश कुमार पर आरोप लगाते हुए कहा कि मतदाता सूची से 13 करोड़ लोगों का नाम काट दिया गया है।
मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर INDIA ब्लॉक ने शनिवार को कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे के आवास पर मॉक संसद यानी जन महाभियोग का आयोजन किया।
इस कार्यक्रम में लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी समेत विपक्ष के कई बड़े नेता शामिल हुए। विपक्ष ने ज्ञानेश कुमार पर चुनाव प्रक्रिया में कथित अनियमितताओं और मतदाता सूची से करोड़ों लोगों के नाम हटाने के आरोप लगाए।
कार्यक्रम की अध्यक्षता लोकसभा की पूर्व स्पीकर मीरा कुमार ने की, जबकि मल्लिकार्जुन खरगे ने ज्ञानेश कुमार के खिलाफ प्रस्ताव पेश किया। इसमें मुख्य चुनाव आयुक्त पर छह प्रमुख आरोप लगाए गए।
राहुल गांधी ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार की भूमिका पर सवाल उठाते हुए आरोप लगाया कि उन्हें लगता है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह उन्हें बचा लेंगे। विपक्ष का आरोप है कि चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली से लोकतांत्रिक प्रक्रिया प्रभावित हो रही है।
मॉक संसद में कांग्रेस के अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे की ओर से पेश प्रस्ताव में आरोप लगाया गया कि विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) के दौरान करीब 13.2 करोड़ मतदाताओं के नाम वोटर लिस्ट से हटाए गए। विपक्ष ने इसे मताधिकार के अधिकार से जोड़ते हुए चुनाव आयोग से जवाब मांगा।
इसके अलावा फॉर्म-6 में बदलाव, ECINET के जरिए मतदाता सूची पर नियंत्रण और अन्य चुनाव आयुक्तों को निर्णय प्रक्रिया से बाहर रखने जैसे आरोप भी लगाए गए।
INDIA गठबंधन की मांग है कि मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार को पद से हटाया जाए और SIR प्रक्रिया में कथित अनियमितताओं की जांच हो। हालांकि, ये सभी विपक्ष की ओर से लगाए गए आरोप हैं। चुनाव आयोग और केंद्र सरकार इन आरोपों को खारिज करते रहे हैं।
मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग और SIR प्रक्रिया को तत्काल बंद करने की मांग को लेकर विपक्ष 1 नवंबर को दिल्ली के रामलीला मैदान में महारैली करने जा रही है। इसको लेकर पूरा विपक्ष दिल्ली में मौजूद है।