Rahul Gandhi on NEET-UG Paper Leak Row: राहुल गांधी ने NEET-UG पेपर लीक मामले को लेकर केंद्र सरकार पर तीखा हमला बोला है। परीक्षा में कथित अनियमितताओं का मुद्दा उठाते हुए उन्होंने कहा कि 'नीट अब परीक्षा नहीं, बल्कि नीलामी बन चुकी है।' राहुल गांधी ने मोदी सरकार देश को युवाओं के सपनों के लिए सबसे बड़ा खतरा बताया है।
वहीं, राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (NTA) ने पेपर लीक के आरोपों पर सफाई देते हुए कहा कि NEET-UG परीक्षा 'पूर्ण सुरक्षा प्रोटोकॉल” के तहत आयोजित कराई गई थी। एजेंसी ने कहा कि राजस्थान एसओजी की तरफ से कथित अनियमितताओं की जांच की जा रही है और एनटीए जांच एजेंसियों के साथ सहयोग कर रही है।
बता दें कि राहुल गांधी ने ‘एक्स’ पर पोस्ट कर कहा, ‘नीट 2026 के पेपर लीक की खबर सुनी। परीक्षा नहीं - नीट अब नीलामी है। कई सवाल परीक्षा से 42 घंटे पहले वॉट्सऐप पर बिक रहे थे। 22 लाख से ज्यादा बच्चे साल भर रात-रात भर आंखें जलाकर पढ़ते रहे और एक रात में उनका भविष्य बाजार में सरेआम नीलाम हो गया।’ राहुल गांधी ने आगे कहा, यह पहली बार नहीं है। 10 साल में 89 पेपर लीक, 48 बार दोबारा परीक्षा। उन्होंने कहा कि हर बार वही वादे, और फिर वही खामोशी।
राहुल गांधी ने कहा कि मोदी जी, जब आप अपनी हर नाकामी का बिल जनता के ऊपर डालते हैं, तो गरीब के बच्चों का भविष्य भी उसी बिल में आता है। उन्होंने कहा कि 22 लाख बच्चों का भरोसा टूटा है। राहुल गांधी ने दावा किया कि मोदी सरकार से बड़ा खतरा भारत के युवाओं के सपनों के लिए कोई नहीं है। राहुल गांधी ने कहा, मैं भारत के युवा के साथ हूं। यह वक्त बेहद मुश्किल है मैं जानता हूं। लेकिन ये व्यवस्था ऐसे नहीं रहेगी। हम मिलकर इसको बदलेंगे।
वहीं इस मामले पर कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने कहा, मोदी सरकार में परीक्षा प्रणाली पूरी तरह अव्यवस्था, अविश्वास और अराजकता का प्रतीक बन चुकी है। उन्होंने कहा कि नीट के अब तक कम से कम 4 पेपर लीक हो चुके हैं - 2026, 2024, 2021, 2016।
खरगे ने कहा कि करोड़ों युवाओं के भविष्य से खिलवाड़ करना भाजपा की आदत बन चुकी है। उन्होंने आगे कहा, ‘ये निकम्मी सरकार नौकरियां देती नहीं, भर्ती-परीक्षा में धांधली करती है, पेपर-लीक माफिया का संरक्षण करती है, पकड़े जाने पर लीपा-पोती में जुट जाती है।’