Rahul Gandhi Attack On PM Modi: कांग्रेस सांसद और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने नार्वे में एक महिला पत्रकार के सवाल का जवाब नहीं देने को लेकर पीएम मोदी पर निशाना साधा है। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर पोस्ट करते हुए उन्होंने लिखा कि जब दुनिया एक कॉम्प्रोमाइज्ड पीएम को सवालों से घबराकर भागते हुए देखती है, तो भारत की छवि पर क्या असर पड़ता है। जब छिपाने के लिए कुछ नहीं है तो डरने की भी कोई बात नहीं है।
नार्वे की महिला जर्नलिस्ट हेली लिंग की एक्स पोस्ट को साझा करते हुए कांग्रेस नेता ने यह बाते लिखी है। गौरतलब है कि सोमवार को पीएम मोदी नार्वे के प्रधानमंत्री जानासा गार स्टोरे के साथ एक संयुक्त प्रेस कॉन्फ्रेंस की थी, लेकिन इस दौरान उन्होंने मीडिया के सवाल नहीं लिए। मोदी नॉर्वे के 2 दिन के दौरे पर हैं। उनका यह दौरा आज शाम को खत्म होने वाला है।
संयुक्त प्रेस कॉन्फ्रेंस के बाद पीएम मोदी और जानासा गार जाने लगे तब हेली लिंग ने सवाल किया कि पीएम मोदी आप दुनिया की सबसे आजाद प्रेस के कुछ सवालों का जवाब क्यों नहीं देते? हालांकि, उनके सवालों का कोई जवाब नहीं मिला तो हेली ने सोशल मीडिया पर वीडियो साझा करते हुए लिखा कि नॉर्वे वर्ल्ड फ्रीडम इंडेक्स में पहले नंबर पर है, जबकि भारत 157वें नंबर पर है। वह इस मामले में फिलीस्तीन, एमीराट्स और क्यूबा से मुकाबला कर रहा है।
भारतीय विदेश मंत्रालय ने 18 मई को हेली लिंग की पोस्ट को रिपोस्ट करते हुए लिखा कि भारतीय दूतावास आज रात प्रधानमंत्री के दौरे पर एक प्रेस ब्रीफिंग कर रहा है। आप वहां आकर अपने सवाल पूछ सकती हैं।
यह भी पढ़ें: बंगाल में ममता को एक और झटका, फाल्टा में TMC कैंडिडेट जहांगीर खान का चुनाव लड़ने से इनकार; सामने आई ये वजह
प्रधानमंत्री मोदी के सवाल न लेने पर भी सिबी जॉर्ज से सवाल पूछा गया। इस पर उन्होंने कहा कि इस दौरे के दौरान मीडिया को जानकारी देना हमारी जिम्मेदारी है और हम यह काम करते रहेंगे। बाद में पत्रकार हेली लिंग ने सोशल मीडिया पर लिखा कि उन्होंने और उनके सहयोगी ने मानवाधिकार और भारत पर भरोसे से जुड़े सवाल पूछे थे, लेकिन उन्हें सीधे जवाब नहीं मिले। भारतीय अधिकारियों ने कोविड, योग और भारत की उपलब्धियों की बातें ज्यादा कीं।