Highlights:
फलाहारी बाबा ने प्रेमानंद महाराज की किडनी छोटी होने का दावा किया।
फ्रोलॉजिस्ट ने बताया, वयस्क की सामान्य किडनी करीब 9-12 सेंटीमीटर लंबी होती है।
किडनी की कार्यक्षमता खत्म होने पर छोटी किडनी में भी डायलिसिस जरूरी हो सकता है।
Premanand Maharaj Kidney: वृंदावन के संत प्रेमानंद महाराज की सेहत को लेकर एक बार फिर चर्चा तेज हो गई है। सोशल मीडिया पर फलाहारी बाबा के बयान के बाद उनकी किडनी की बीमारी को लेकर कई सवाल उठ रहे हैं। फलाहारी बाबा ने दावा किया कि प्रेमानंद महाराज की किडनी खराब नहीं, बल्कि छोटी है। उन्होंने यह भी कहा कि छोटी किडनी का डायलिसिस नहीं किया जाता और महाराज के खराब स्वास्थ्य से जुड़ी खबरें महज पीआर का हिस्सा हैं। हालांकि, मेडिकल विज्ञान इस दावे की अलग तस्वीर पेश करता है। सर गंगाराम अस्पताल के नेफ्रोलॉजिस्ट डॉ. मनीष मलिक ने किडनी के आकार, उसके काम करने की क्षमता और डायलिसिस को लेकर अहम जानकारी दी है।
डॉ. मनीष मलिक के मुताबिक, प्रेमानंद महाराज की सामने आई तस्वीरों और वीडियो में गर्दन के पास एक विशेष प्रकार की ट्यूब दिखाई देती है, जिसे परम कैथ (Permcath) कहा जाता है। यह एक मेडिकल कैथेटर है, जिसे आमतौर पर गर्दन या छाती के ऊपरी हिस्से की बड़ी नस में लगाया जाता है। इसके जरिए मरीज के शरीर से खून डायलिसिस मशीन तक पहुंचता है और साफ होने के बाद वापस शरीर में भेजा जाता है।
डॉक्टर के अनुसार, परम कैथ का इस्तेमाल लंबे समय तक हीमोडायलिसिस की जरूरत पड़ने पर किया जाता है। यह कोई सामान्य ट्यूब नहीं है, बल्कि इसके लिए शरीर में एक विशेष प्रक्रिया के तहत कैथेटर लगाया जाता है। ऐसे में इसकी मौजूदगी डायलिसिस की प्रक्रिया से जुड़ा महत्वपूर्ण संकेत है।
डॉ. मलिक बताते हैं कि कुछ लोगों की किडनी जन्म से ही छोटी हो सकती है। इसे मेडिकल भाषा में रीनल हाइपोप्लेसिया कहते हैं। इसके अलावा किडनी तक पर्याप्त खून न पहुंचने, बार-बार संक्रमण होने या लंबे समय तक बीमारी रहने से भी उसका आकार घट सकता है।
एक सामान्य वयस्क की किडनी की लंबाई करीब 9 से 12 सेंटीमीटर तक हो सकती है। हालांकि, उम्र, शरीर की बनावट और अन्य परिस्थितियों के अनुसार इसमें अंतर संभव है। यदि एक किडनी छोटी है और दूसरी ठीक से काम कर रही है तो दूसरी किडनी अतिरिक्त जिम्मेदारी संभाल सकती है। लेकिन दोनों किडनी प्रभावित होने पर स्थिति गंभीर हो सकती है।
डॉक्टर के मुताबिक, किडनी का छोटा होना और उसका काम करना बंद कर देना दो अलग बातें नहीं, बल्कि आपस में जुड़ी स्थितियां हो सकती हैं। छोटी किडनी की कार्यक्षमता कम हो सकती है। इससे शरीर में यूरिया और क्रिएटिनिन जैसे अपशिष्ट पदार्थ जमा होने लगते हैं। इसके अलावा हाई ब्लड प्रेशर, शरीर में पानी और नमक का जमाव, खून की कमी और इलेक्ट्रोलाइट्स का असंतुलन जैसी समस्याएं हो सकती हैं।
सबसे अहम बात यह है कि छोटी किडनी वाले मरीज को भी डायलिसिस की जरूरत पड़ सकती है। इसका फैसला किडनी के आकार से नहीं, बल्कि उसकी कार्यक्षमता और मरीज की मेडिकल स्थिति से होता है।
डॉ. मनीष मलिक के अनुसार, बीमारी के कारण एक बार किडनी के सिकुड़ जाने पर उसे दवाओं से सामान्य आकार में वापस लाना संभव नहीं होता। हालांकि, ब्लड प्रेशर और डायबिटीज को नियंत्रित रखकर बची हुई कार्यक्षमता को लंबे समय तक सुरक्षित रखने में मदद मिल सकती है। खानपान और नियमित चिकित्सकीय निगरानी भी जरूरी है। यदि किडनी की कार्यक्षमता गंभीर रूप से खत्म हो जाती है तो मरीज को डायलिसिस की जरूरत पड़ सकती है। यानी छोटी किडनी होने का मतलब यह नहीं कि वह खराब नहीं है या डायलिसिस की जरूरत नहीं पड़ेगी।