वायनाड: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज शनिवार को केरल के वायनाड जिले के भूस्खलन प्रभावित इलाकों का हवाई सर्वेक्षण किया। प्रधानमंत्री ने भारतीय वायुसेना के हेलीकॉप्टर से भूस्खलन प्रभावित चूरलमाला, मुंडक्कई और पुंचिरीमट्टम गांवों की स्थिति का आज जायजा लिया। तय कार्यक्रम के अनुसार वह सुबह करीब 11:15 बजे वायुसेना के हेलीकॉप्टर के जरिये कन्नूर हवाई अड्डे से वायनाड के लिए रवाना हुए थे।
वहीं केरल के राज्यपाल आरिफ मोहम्मद खान, मुख्यमंत्री पिनराई विजयन और केंद्रीय पर्यटन तथा पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस राज्य मंत्री सुरेश गोपी भी प्रधानमंत्री के साथ वायनाड पहुंचे। इस दौरान उन्होंने लोगों से बातचीत की है और वहां की स्थिति का जायजा लिया है। हवाई सर्वेक्षण के बाद मोदी का हेलीकॉप्टर कलपेट्टा में एसकेएमजे हायर सेकेंडरी स्कूल में उतरे, जहां से वह सड़क मार्ग से भूस्खलन प्रभावित क्षेत्रों के लिए रवाना हुए।
वायनाड में PM मोदी राहत शिविर और अस्पताल जाएंगे जहां वह पीड़ितों और भूस्खलन वाले क्षेत्रों से निकाले गए लोगों से मुलाकात करेंगे। PM मोदी इसके बाद एक समीक्षा बैठक की अध्यक्षता करेंगे, जिसमें उन्हें आपदा और उसके बाद जारी राहत प्रयासों के बारे में विस्तार से जानकारी दी जाएगी।
गौरतलब है कि प्रधानमंत्री मोदी का यह दौरा ऐसे समय में हो रहा है, जब केरल सरकार ने आपदाग्रस्त क्षेत्र में पुनर्वास और राहत कार्यों के लिए 2,000 करोड़ रुपये की सहायता मांगी है। केरल के वायनाड जिले में 30 जुलाई को बड़े पैमाने पर हुई भूस्खलन की घटनाओं में कम से कम 226 लोगों की मौत हो गई थी। क्षेत्र में कई लोग अब भी लापता हैं।