BJP vs Congress on PM Modi Tenure: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देश के सबसे लंबे समय तक चुने गए प्रधानमंत्री के रूप में बड़ी उपलब्धि हासिल की है। उन्होंने जवाहरलाल नेहरू का रिकॉर्ड तोड़ते हुए 4,399 दिनों तक लगातार सेवा देते हुए नया कीर्तिमान स्थापित किया हैं। इसी के साथ एनडीए सरकार के भी 12 साल पूरे हो चुके है। इस अवसर पर पक्ष उनकी तारीफों के पुल बांधते नहीं थक रहा है। तो दूसरी तरफ विपक्ष मोदी सरकार के कार्यकाल के दौरान पीएम मोदी के कामों को बर्बादी करार दे रहा है।
इस पर कांग्रेस ने एक पोस्टर जारी किया है। इस पोस्टर में कांग्रेस ने पीएम मोदी के 12 साल के कार्यकाल में देश की अर्थव्यवस्था के बुरे हाल पर कटाक्ष किया है। इस पोस्टर में मोदी के 12 साल के कुप्रबंधन का लेखा-जोखा बताया। कांग्रेस ने अपने पोस्टर के माध्यम से कहा कि पीएम मोदी ने 12 सालों में यह प्रचार किया कि भारत दुनिया की तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बनेगा, लेकिन ऐसा नहीं हुआ।
कांग्रेस ने कहा कि पिछले 12 सालों में ग्लोबल रैंकिंग में भारत की अर्थव्यवस्था नीचे गिरी है। अमेरिकी डॉलर के मुकाबले रुपया रिकॉर्ड निचले स्तर पर आ गया है और मार्च 2025 तक घरेलू कर्ज के GDP का 41.3% तक पहुंचने का अनुमान है। कांग्रेस ने इस स्थिति पर तंज कसते हुए कहा कि बड़े-बड़े दावे तो किए गए, लेकिन असल में अर्थव्यवस्था कमजोर हुई है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के भारत के सबसे लंबे समय तक सेवा करने वाले चुने हुए प्रधानमंत्री बनने पर कांग्रेस नेता इमरान मसूद ने कहा, "पिछले 12 सालों में इस देश ने बर्बादी के अलावा कुछ नहीं देखा है - किसानों, युवाओं और आम आदमी की बर्बादी। बच्चों से शिक्षा का अधिकार छीन लिया गया, जिससे आम आदमी तक यह सुविधा नहीं पहुंच पाई।"
इस पर लोकसभा स्पीकर ओम बिरला और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने प्रतिक्रिया दी है। ओम बिरला ने कहा कि प्रधानमंत्री के रूप में 4,399 दिनों की निरंतर सेवा का यह ऐतिहासिक पड़ाव भारतीय लोकतंत्र की सुदृढ़ता और जनविश्वास का प्रतीक है। पीएम नरेंद्र मोदी के भारत के सबसे लंबे समय तक प्रधान मंत्री बनने के अवसर पर, केंद्रीय मंत्री मनसुख मंडाविया ने तुगलक रोड पर हनुमान मंदिर में पूजा की। बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने कहा, "प्रधानमंत्री के नेतृत्व ने देश के इतिहास में एक नया अध्याय लिखा है। भारत ने न केवल देश में बल्कि दुनिया भर में एक खास मुकाम हासिल किया है। एक गरीब परिवार के बेटे के तौर पर, उन्होंने सचमुच वंचितों का ख्याल रखा है और हर घर में रोशनी पहुंचाई है। मेरा मानना है कि यह दिन सभी भारतीयों के लिए गर्व का क्षण है। मेरा मानना है कि इस शानदार नेतृत्व में 25 करोड़ परिवार गरीबी रेखा से ऊपर उठे हैं।"
अमित शाह ने 'एक्स' पोस्ट में लिखा, "नई संसद का निर्माण हुआ, तीन नए कानून लागू हुए, नई शिक्षा नीति और मातृभाषाओं में मेडिकल व इंजीनियरिंग शिक्षा का मार्ग प्रशस्त हुआ व आत्मनिर्भर भारत हर भारतीय का संकल्प बना।"
उन्होंने आगे लिखा, इन 12 सालों में एक तरफ देश की सीमाएं सुरक्षित हुईं, कश्मीर से 370 समाप्त हुई, राम मंदिर का निर्माण हुआ, नक्सलवाद का अंत हुआ और आतंकवाद पर नकेल कस हर आतंकी घटना का मुंहतोड़ जवाब दिया, वहीं देश की सामूहिक शक्ति ने हीनता के भाव से बाहर निकलकर अपनी विरासत, संस्कृति और सामर्थ्य पर गर्व करना सीखा।
यह भी पढ़ें - NDA सरकार के 12 साल पूरे, पीएम मोदी ने बनाया नया कीर्तिमान; आज दिल्ली में जुटेंगे 22 राज्यों के दिग्गज नेता
शाह ने कहा कि देशवासियों को सुरक्षित बनाना और उनके खोए हुए आत्मसम्मान व गौरव को लौटाना मोदी जी की सबसे बड़ी उपलब्धि है। आज नया भारत पूरे आत्मविश्वास के साथ विश्व के हर मंच पर अपनी पहचान स्थापित कर रहा है और दुनिया एक सक्षम, सशक्त तथा नए भारत के उदय की साक्षी बन रही है।