Rahul Gandhi on Modi Government: देश की राजधानी दिल्ली में बुधवार को कांग्रेस कार्यसमिति (CWC) की बैठक हुई। इस बैठक में कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को लेकर बड़ा दावा किया। राहुल गांधी ने कहा कि नरेंद्र मोदी का राजनीतिक अंत हो चुका है और उनका शासन अब अंतिम चरण में है। राहुल गांधी का कहना है कि मोदी के उत्तराधिकारी की तलाश भी शुरू हो चुकी है।
टाइम्स ऑफ इंडिया की एक रिपोर्ट में सूत्रों के हवाले से दावा किया गया कि राहुल गांधी ने बैठक में कहा, “नरेंद्र मोदी का राजनीतिक अंत हो चुका है। उनका वक्त खत्म हो गया है। मोदी का शासन आखिरी दौर में है। उनके उत्तराधिकारी की तलाश चल रही है।”
राहुल गांधी ने बैठक में केंद्र सरकार को “पूरी तरह बैकफुट पर” बताया। राहुल गांधी ने कांग्रेस नेताओं से सरकार के खिलाफ और आक्रामक तरीके से मोर्चा लेने की अपील की। राहुल गांधी ने यह टिप्पणियां दिल्ली स्थित कांग्रेस मुख्यालय इंदिरा भवन में हुई CWC बैठक के दौरान कीं। कांग्रेस की बैठक में पार्टी के वरिष्ठ नेताओं ने देश की राजनीतिक स्थिति और आगामी मुद्दों पर कांग्रेस की रणनीति पर चर्चा की।
CWC की बैठक में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने भी संबोधित किया। खरगे ने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार ने पिछले 12 सालों में युवाओं के भविष्य को बर्बाद कर दिया है।
कांग्रेस अध्यक्ष खड़गे ने दावा किया कि हाल के वर्षों में 94,000 स्कूल बंद हो चुके हैं। खरगे ने युवाओं के लिए स्पष्ट, व्यापक और समयबद्ध “शिक्षा से रोजगार रोडमैप” तैयार करने की मांग भी की।
इस बैठक में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे, कांग्रेस संसदीय दल की अध्यक्ष सोनिया गांधी, लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी और कांग्रेस के अन्य वरिष्ठ नेता शामिल हुए। इस बैठक में कांग्रेस की आगामी रणनीति को लेकर चर्चा हुई।