Anupriya Patel TB Free India In Navbharat Conclave: दिल्ली में आयोजित ‘नवभारत कॉन्क्लेव’ में केंद्रीय मंत्री अनुप्रिया पटेल ने भारत को स्वास्थ्य के क्षेत्र में आत्मनिर्भर और सशक्त बनाने के लिए सरकार के दृष्टिकोण को रखा। उन्होंने कहा कि देश का स्वास्थ्य केवल एक मंत्रालय की जिम्मेदारी नहीं है, बल्कि यह ‘होल ऑफ गवर्नमेंट’ और ‘होल ऑफ सोसाइटी’ के समन्वित प्रयासों का परिणाम है।
एचपीवी टीकाकरण महिलाओं के स्वास्थ्य को प्राथमिकता देते हुए केंद्रीय मंत्री ने बताया कि सर्वाइकल कैंसर दुनिया भर में महिलाओं की मौत का चौथा और भारत में दूसरा सबसे बड़ा कारण है। इससे बचाव के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देशव्यापी HPV Vaccination कार्यक्रम शुरू किया गया है। यह टीका विशेष रूप से 9 से 14 वर्ष की बच्चियों के लिए अनिवार्य है।
सरकार ने इसके लिए 1 करोड़ 20 लाख बच्चियों का एक समूह चयनित किया है, जिनमें से अब तक 45 लाख से अधिक बच्चियों का टीकाकरण सफलतापूर्वक संपन्न हो चुका है। उन्होंने चिकित्सा समुदाय से अपील की कि वे समाज में 'वैक्सीन हेजिटेंसी' को दूर करने में सक्रिय भूमिका निभाएं। उन्होंने स्पष्ट किया कि यह टीका सरकारी स्वास्थ्य केंद्रों पर पूरी तरह मुफ्त उपलब्ध है।
भारत को टीबी मुक्त बनाने के चुनौतीपूर्ण लक्ष्य पर चर्चा करते हुए पटेल ने बताया कि 146 करोड़ की विशाल आबादी और भौगोलिक विविधताओं के बावजूद देश ने इस दिशा में सराहनीय प्रगति की है। आंकड़ों के अनुसार, टीबी से होने वाली मृत्यु दर में 25% की और नए मामलों में 21% की गिरावट दर्ज की गई है। इसके अलावा, टीबी उपचार का कवरेज बढ़कर 92% हो गया है।
सरकार ने टीबी रोगियों की पहचान के लिए AI समर्थित हैंडहेल्ड एक्स-रे और गहन स्क्रीनिंग अभियान शुरू किए हैं। वर्तमान में 1,58,000 गांवों और शहरी वार्डों में विशेष अभियान चलाए जा रहे हैं, जिसमें बुजुर्गों, मधुमेह रोगियों और तंबाकू सेवन करने वाली संवेदनशील आबादी पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।
टीबी के उपचार में पोषण की महत्ता को समझते हुए भारत सरकार मरीजों को ₹1000 प्रतिमाह की आर्थिक सहायता प्रदान कर रही है। इस अभियान को जन-आंदोलन बनाने के लिए 'निक्षय मित्र' पहल शुरू की गई है, जिसके तहत समाज के सक्षम लोग और संस्थाएं टीबी रोगियों को 'पोषण पोटली' उपलब्ध कराकर अपना योगदान दे रहे हैं।
यह भी पढ़ें:- प्रोसेस्ड फूड और स्ट्रेस बिगाड़ रहे आपकी सेहत, नवभारत के मंच से अनुप्रिया पटेल ने दिया स्वस्थ रहने का मंत्र
यह मिशन जलशक्ति, महिला एवं बाल विकास, शिक्षा, जनजातीय कार्य और कोयला एवं खान मंत्रालय जैसे कई विभागों के आपसी समन्वय से चल रहा है। केंद्रीय मंत्री ने विश्वास व्यक्त किया कि जब सरकार और समाज एक साथ खड़े होंगे, तो भारत टीबी जैसी गंभीर बीमारी पर विजय अवश्य प्राप्त करेगा।
https://youtu.be/LUtQdWkQpm8?si=q3SD02S5wQX23q64