भोपालल: मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव (CM Dr. Mohan Yadav) ने शनिवार को मंत्रियों को विभागों का वितरण कर दिया तथा गृह विभाग अपने पास रखा, जबकि उपमुख्यमंत्री एम जगदीश देवड़ा (M Jagadish Deora) को वित्त मंत्रालय और दूसरे उपमुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ल को सार्वजनिक स्वास्थ्य विभाग दिया। मंत्रिमंडल में मुख्यमंत्री सहित मंत्रियों की कुल संख्या 31 है। मध्य प्रदेश मंत्रिमंडल में अधिकतम 35 मंत्री हो सकते हैं।
सामान्य प्रशासन विभाग ने गजट अधिूचना में कहा कि यादव ने सामान्य प्रशासन विभाग (जीएडी), जनसंपर्क, जेल, खनन, विमानन, औद्योगिक नीतियां और निवेश संवर्धन के अलावा वे सभी विभाग अपने पास रखे हैं, जो विशेष रूप से किसी मंत्री को नहीं सौंपे गए हैं। पिछले महीने हुए विधानसभा चुनाव में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) को मिली जीत के बाद यादव को राज्य का मुख्यमंत्री बनाया गया। उन्होंने शिवराज सिंह चौहान का स्थान लिया है।
https://twitter.com/DrMohanYadav51/status/1741146518349128080
उपमुख्यमंत्री देवड़ा को वित्त के अलावा वाणिज्यिक कर विभाग भी दिया गया है। देवड़ा चौहान सरकार में भी वित्त मंत्री थे। दूसरे उपमुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ल को सार्वजनिक स्वास्थ्य और चिकित्सा शिक्षा विभाग आवंटित किया गया है।
पूर्व केंद्रीय मंत्री प्रह्लाद पटेल को पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग दिया गया है, जबकि वरिष्ठ भाजपा नेता कैलाश विजयवर्गीय को शहरी विकास एवं आवास तथा संसदीय कार्य विभाग दिया गया है। विजय शाह जनजातीय मामले और भोपाल गैस त्रासदी विभाग संभालेंगे। जबलपुर के पूर्व सांसद राकेश सिंह लोक निर्माण विभाग संभालेंगे, जबकि एक अन्य पूर्व सांसद राव उदय प्रताप सिंह को परिवहन और स्कूल शिक्षा विभाग सौंपा गया है।