PM Modi Speech In NDA Conclave: 10 जून को भारत के पहले प्रधानमंत्री जवाहरलाल नेहरू का 60 साल का पुराना रिकॉर्ड तोड़ कर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भारत पर लगातार सबसे ज्यादा समय तक शासन करने वाले निर्वाचित प्रधानमंत्री बन गए है। इस अवसर पर NDA कॉन्क्लेव को संबोधित करते हुए पीएम मोदी ने देश की जनता को धन्यवाद दिया और आभार व्यक्त किया। इस दौरान पीएम मोदी कांग्रेस पर भी जमकर बरसे। उन्होंने कांग्रेस शासन काल में धीमी विकास दर के लिए जमकर फटकार लगाई।
दिल्ली के भारत मंडपम में आयोजित कार्यक्रम में प्रधानमंत्री ने कहा कि 2014 के पहले के कई दशक बहुत अस्थिरता और उथल-पुथल से भरे हुए माहौल थे। जिसका भारी नुकसान भी देश को उठाना पड़ा लेकिन अब देश की जनता एक स्थिर सरकार का काम भी देख रही है और उसकी निर्णायक क्षमताओं की जनता जनार्दन ने प्रशंसा भी की है। मैं आज देश की महान जनता को नमन करता हूं और आभार व्यक्त करता हूं।
इस दौरान पीएम मोदी ने NDA शासित राज्यों के मुख्यमंत्रियों और उपमुख्यमंत्रियों को भी संबोधित किया। उन्होंने कहा कि 2014 में जब NDA की जीत हुई थी तब मैंने कहा था कि आज देश के सामान्य मानवी में एक नई आशा का उदय हुआ है। इस आशा का इस उम्मीद का संरक्षण करना हमारा बहुत बड़ा दायित्व था। कांग्रेस के विश्वासघात के बाद भारत की जनता ने हम पर अपना भरोसा जताया। मुझे गर्व है कि NDA परिवार के तौर पर हमने देश की जनता के विश्वास को हमेशा और मजबूत किया है।
पीएम मोदी ने कांग्रेस पर हमला बोलते हुए कहा कि स्वतंत्रता के बाद लंबे समय तक धीमी विकास की रफ्तार को कांग्रेस राज में बड़ी चतुराई से 'हिंदू ग्रोथ रेट' का नाम दे दिया था। कांग्रेस ने अपनी असफलताओं का कलंक देश की बड़ी हिंदू आबादी पर लगाया जबकि असल में उनकी इस कुसंस्कृति का नाम होना चाहिए था कांग्रेस ग्रोथ रेट।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने NDA के 12 साल की उपलब्धियों को गिनाते हुए कहा कि अब देश कांग्रेस के कुचक्र से आजाद हो गया है। उन्होंने आगे कहा कि देश को यह एहसास कराया जाता था कि भारत में विकास धीरे-धीरे ही होता है, भारत में तेज विकास संभव ही नहीं है। बड़ी ही चतुराई से कांग्रेस ने अपनी विफलताओं का कलंक देश की बड़ी हिंदू आबादी पर लगा दिया। कांग्रेस राज में न सुशासन था, न नीति, न नीयत और ना ही निर्णय।
पीएम मोदी ने 2004 की NDA की हार को याद करते हुए कहा कि पहली बार अटल जी के नेतृत्व में NDA सरकार आई तब जाकर विकास में गति में कुछ सुधार हुआ लेकिन दुर्भाग्य से 2004 में देश फिर से अस्थिरता के बवंडर में फंस गया और कांग्रेस की जीत हुई। विकास तो दूर की बात है, कांग्रेस ने एक- एक करके हजारों करोड़ों रुपये का घोटाला किया।
यह भी पढ़ें- भारत में हर चौथी सिगरेट गैरकानूनी! सरकार को सालाना 23,000 करोड़ का नुकसान, सामने आई चौंकाने वाली रिपोर्ट
पीएम मोदी ने कहा कि कोरोना के समय में जब दुनिया भर में हाहाकार मचा हुआ था तब भारत ने उस हालत का सफलता से सामना किया, जब दुनिया की अर्थव्यवस्थाएं संघर्ष कर रही हैं तब भारत 7.7 प्रतिशत से आगे बढ़ रहा है।
पीएम मोदी ने NDA सदस्यों धन्यवाद देते हुए कहा कि आज एनडीए परिवार के सदस्यों ने एक प्रस्ताव भी पेश किया है यह आप सभी की उदारता है। मै इसे अपनी व्यक्तिगत उपलब्धि नहीं मानता हूं, यह हमारी सामूहिक उपलब्धि है। एनडीए के सभी दलो की उपलब्धि है। इसलिए मैं इस प्रस्ताव को हमारे एनडीए परिवार के सभी कार्यकर्ताओं को समर्पित करता हूं।
प्रधानमंत्री ने कहा कि अब जो काम दशकों में होते थे, वो काम महीनों में होने लगे है। 2014 में 74 एयरपोर्ट थे और 2026 में 160 से अधिक एयरपोर्ट बन गए है। 2014 में सिर्फ 5 शहरों में मेट्रो थे, 2026 में 20 से ज्यादा शहरों में मेट्रो है जो बहुत लंबी यात्रा को कम समय में तय करती है।
इंटरनेट यूजर की सख्या 25 करोड़ से बढ़कर 100 करोड़ से ज्यादा हो गई। 2014 में ना के बराबर डिजिटल पेमेंट होते थे और अब भारत डिजिटल ट्रांजेक्शन के मामले में नंबर वन पोजिशन पर है। अब भारत में 33 करोड़ से ज्यादा मोबाइल निर्माण होता है। सोलर क्षमता 2.5 गीगावॉट से बढ़कर 150 गीगावॉट हो गई है।