Microsoft Outage Impact on Indian Aviation: माइक्रोसॉफ्ट आउटेज का असर अब भारत में एयरलाइन सेवाओं पर भी दिखने लगा है। स्पाइसजेट ने दिल्ली से जाने वाली अपनी तीन उड़ानें रद्द कर दी हैं। हालांकि अन्य एयरलाइनों में अभी तक ऐसी कोई समस्या सामने नहीं आई है, फिर भी उन्होंने यात्रियों को अपनी उड़ानों का स्टेटस पहले ही चेक कर लेने की सलाह दी है।
माइक्रोसॉफ्ट आउटेज के कारण, स्पाइसजेट ने शुक्रवार सुबह दिल्ली से जाने वाली तीन उड़ानें रद्द कर दीं। इनमें दिल्ली से पुणे, दिल्ली से लेह और दिल्ली से मुंबई जाने वाली उड़ानें शामिल हैं। इसके अलावा, स्पाइसजेट की दो अन्य उड़ानें दिल्ली से दरभंगा और दिल्ली से मुंबई देरी से चल रही हैं।
एयर इंडिया ने बयान जारी कर कहा, "हम चल रहे Microsoft आउटेज पर बारीकी से नजर रख रहे हैं। हमारी उड़ान संचालन अप्रभावित है, और वर्तमान में हमारे किसी भी संचार चैनल पर कोई प्रभाव नहीं पड़ा है। निर्बाध समर्थन सुनिश्चित करने के लिए, हमने अस्थायी रूप से अपने ईमेल का रूट बदल दिया है ताकि हर संदेश बिना किसी रुकावट के हम तक पहुंचता रहे, और हम अपनी सामान्य 24 घंटे की समयसीमा के भीतर सभी ईमेल का जवाब दे रहे हैं। हम हर कदम पर यात्रियों का साथ देने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध हैं और स्थिति पर कड़ी नजर बनाए रखेंगे।"
इस रुकावट के बीच, इंडिगो और अकासा एयर ने भी एडवाइजरी जारी की है, जिसमें यात्रियों से अपनी उड़ानों से जुड़ी जानकारी और अपडेट पर नजर रखने को कहा गया है। दिल्ली एयरपोर्ट ने भी एक एडवाइजरी जारी की है, जिसमें यात्रियों से कहा गया है कि वे एयरपोर्ट के लिए निकलने से पहले अपनी उड़ान का स्टेटस जरूर चेक कर लें।
माइक्रोसॉफ्ट में आई तकनीकी खराबी के कारण इंडिगो ने भी एडवाइजरी जारी की है। इंडिगो ने जानकारी देते हुए सोशल मीडिया पर पोस्ट करते हुए बताया कि "माइक्रोसॉफ्ट की वैश्विक सेवा में आई रुकावट के कारण, हमारी ईमेल सपोर्ट सेवाएं फिलहाल प्रभावित हैं और हो सकता है कि हमें आपके ईमेल प्राप्त न हो पाएं। अन्य सभी सपोर्ट चैनल उपलब्ध हैं। किसी भी तत्काल सहायता के लिए, कृपया हमारी वेबसाइट या मोबाइल ऐप के माध्यम से '6E स्काई' से संपर्क कर सकते है।"
इससे पहले स्पाइसजेट ने चेक-इन सेवाओं को रोक दिया था। स्पाइसजेट की वित्तीय परेशानियों के कारण दुबई में इसके कामकाज पर असर पड़ा है। दुबई एयरपोर्ट्स ने 14 मिलियन दिरहम (लगभग ₹35.85 करोड़) का बकाया भुगतान न होने की वजह से एयरलाइन की चेक-इन सेवाओं को रोक दिया है।
12 नवंबर से लागू हुई इस रोक के चलते, दुबई से भारत आने वाली चार उड़ानों को रद्द करना पड़ा। केवल दो उड़ानों को जाने की अनुमति दी गई, क्योंकि वे पाबंदियां लागू होने से पहले ही तय हो चुकी थीं।
दुबई सिविल एविएशन अथॉरिटी ने स्पाइसजेट के स्टेशन मैनेजर को तलब किया और एयरलाइन को निर्देश दिया कि वह प्रभावित यात्रियों के लिए यात्रा के वैकल्पिक इंतजाम, होटल में ठहरने की व्यवस्था और ट्रांसपोर्ट की सुविधा उपलब्ध कराए। यह नई मुश्किल एयरलाइन पर पहले से बढ़ रहे दबाव को और बढ़ा देती है, जो पहले ही उड़ानों के रद्द होने, देरी और भुगतान से जुड़े विवादों से जूझ रही है।