मंगलुरु के कनाचुर मेडिकल कॉलेज परिसर से छात्रा को कथित तौर पर जबरन थार में बैठाकर ले जाने का वीडियो वायरल।
पुलिस को शक है कि वीडियो में दिख रहे लोग छात्रा के परिवार के सदस्य हो सकते हैं।
पुलिस कमिश्नर ने कहा कि बालिग युवती को अपनी पसंद से रहने और जीवन के फैसले लेने का अधिकार है।
Kanachur Medical College Student Interfaith Relationship Case: कर्नाटक के मंगलुरु में एक मेडिकल कॉलेज परिसर से दिनदहाड़े छात्रा को कथित तौर पर जबरन उठाकर ले जाने का मामला सामने आया है। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद यह मामला चर्चा में आ गया है। आरोप है कि कुछ लोग कॉलेज कैंपस में पहुंचे और एक छात्रा को पकड़कर घसीटते हुए थार एसयूवी में बैठा लिया। इसके बाद वे गाड़ी लेकर वहां से चले गए।
बताया जा रहा है कि यह घटना मंगलुरु के कनाचुर मेडिकल कॉलेज की है। वायरल वीडियो में कुछ लोग एक युवती को जबरन अपने साथ ले जाते दिखाई दे रहे हैं। युवती खुद को छुड़ाने की कोशिश करती नजर आती है, लेकिन आरोपी उसे धक्का देकर गाड़ी में बैठा देते हैं। इसके बाद एसयूवी वहां से निकल जाती है।
इस घटना को अंतरधार्मिक प्रेम संबंध से जोड़कर देखा जा रहा है। आरोप है कि छात्रा मुस्लिम समुदाय से है और एक हिंदू युवक के साथ रिश्ते में थी। दावा किया जा रहा है कि इस संबंध का विरोध करने के चलते उसके परिजनों या उनके करीबी लोगों ने उसे कथित तौर पर जबरन ले जाने की कोशिश की।
हालांकि, छात्रा के रिश्ते और उसे ले जाने के पीछे की वजह को लेकर लगाए जा रहे इन आरोपों की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। पुलिस फिलहाल पूरे मामले की जांच कर रही है।
कर्नाटक पुलिस का कहना है कि युवती बालिग है और उसे अपनी जिंदगी से जुड़े फैसले खुद लेने का कानूनी अधिकार है। वह कहां रहना चाहती है और किसके साथ रहना चाहती है, यह तय करने का अधिकार उसी के पास है। ऐसे में यदि उसे उसकी इच्छा के खिलाफ जबरन कहीं ले जाया गया है, तो यह गंभीर मामला है।
पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, घटना के संबंध में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि छात्रा को कॉलेज परिसर से ले जाने वाले लोग कौन थे और इस पूरे घटनाक्रम में उनकी क्या भूमिका रही।
वायरल वीडियो सामने आने के बाद इलाके में इस घटना को लेकर चर्चा तेज हो गई है। पुलिस फिलहाल उपलब्ध तथ्यों और कानूनी पहलुओं की जांच कर रही है।