

कोल्हापुर में पुणे-बेंगलुरु हाईवे पर स्कॉर्पियो-ट्रक की टक्कर, 4 दोस्तों की मौत।
दशहरे पर महालक्ष्मी दर्शन कर लौट रहे थे 7 युवक, 3 गंभीर घायल।
कराड के नए सिक्स-लेन फ्लाईओवर पर रात 1:30 बजे हुआ हादसा।
Pune Bengaluru Highway Accident: महाराष्ट्र के कोल्हापुर जिले में पुणे-बेंगलुरु हाईवे पर मंगलवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ। कराड फ्लाईओवर पर तेज रफ्तार स्कॉर्पियो कार आगे चल रहे कंटेनर से टकरा गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। इस हादसे में चार दोस्तों की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
जानकारी के मुताबिक, हादसे का शिकार हुए सातों युवक दशहरे के अवसर पर महाराष्ट्र राज्य के कोल्हापुर स्थित महालक्ष्मी मंदिर में दर्शन करने गए थे।
दर्शन के बाद सभी स्कॉर्पियो से अपने गांव लौट रहे थे। इसी दौरान कराड शहर के पास यह दुर्घटना हो गई। हादसे की खबर मिलते ही उनके गांव में शोक की लहर दौड़ गई। एक साथ चार युवकों की मौत से परिवारों में मातम पसरा हुआ है।
मृतकों की पहचान किरण बाजीराव घाडगे (35), अमोल साहेबराव जाधव (34), संतोष महादेव कदम (36) और आनंद दिनकरराव माने (35) के रूप में हुई है। वहीं, सचिन तानाजी चव्हाण, विकास विट्ठल घाडगे और प्रवीण शंकर कदम गंभीर रूप से घायल हुए हैं।
सभी सातों युवक सतारा जिले के खटाव तालुका स्थित कटारखाटव गांव के निवासी बताए गए हैं। घायलों का कराड के कृष्णा अस्पताल में इलाज चल रहा है।
पुलिस की शुरुआती जांच के अनुसार, दुर्घटना मंगलवार देर रात करीब 1:30 बजे हुई। बताया जा रहा है कि तेज रफ्तार स्कॉर्पियो आगे चल रहे कंटेनर में जा घुसी।
टक्कर के बाद कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया। मृतकों के शव पोस्टमार्टम के लिए भेजे गए हैं। पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है।
बताया जा रहा है कि सतारा जिले में कराड शहर के पास बना नया छह लेन का फ्लाईओवर कुछ दिन पहले ही यातायात के लिए खोला गया था। इस हादसे के बाद सड़क सुरक्षा और तेज रफ्तार वाहनों पर नियंत्रण को लेकर सवाल उठ रहे हैं। हालांकि, दुर्घटना के सटीक कारणों की पुष्टि पुलिस जांच के बाद ही हो सकेगी।