Man Dies At Actor Vijay Rally : दक्षिण भारतीय सिनेमा के सुपरस्टार से राजनेता बने थलापति विजय की राजनीतिक पारी शुरू होते विवादों और हादसों के साये में आ गई है। तमिलनाडु के सलेम में आज उनकी पार्टी तमिझागा वेत्री कड़गम (TVK) की रैली के दौरान एक और दुखद घटना घटी। महाराष्ट्र से विजय की एक झलक पाने आए 37 वर्षीय सूरज नाम के युवक की दिल का दौरा पड़ने से मौत हो गई। इस घटना ने एक बार फिर रैलियों में सुरक्षा और स्वास्थ्य व्यवस्थाओं पर सवाल खड़े कर दिए हैं।
सलेम में आयोजित इस विशाल जनसभा में हजारों की भीड़ उमड़ी थी। महाराष्ट्र के रहने वाले सूरज रैली स्थल पर पीछे की ओर खड़े थे, तभी अचानक उनकी तबीयत बिगड़ी और वे बेहोश होकर गिर पड़े। उन्हें तुरंत एंबुलेंस से अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। पुलिस जांच में सामने आया है कि सूरज पहले से ही दिल के मरीज थे और पिछले साल ही उनके दिल में स्टेंट डाला गया था। पुलिस ने स्पष्ट किया कि इस मौत का रैली के इंतजामों से सीधा संबंध नहीं है।
इस घटना पर तमिलनाडु की राजनीति में भूचाल आ गया है। विपक्षी दल AIADMK के प्रवक्ता कोवई सत्यन ने बेहद तीखा हमला करते हुए सोशल मीडिया पर लिखा कि भविष्य में विजय की रैली में आने वालों को अपने साथ ताबूत भी लेकर आना चाहिए। वहीं, सत्ताधारी डीएमके ने थलापति विजय के अनुभव पर सवाल उठाते हुए कहा कि बिना किसी जमीनी आंदोलन के वे सीधे मुख्यमंत्री बनने का सपना देख रहे हैं।
यह भी पढ़ें : तमिलनाडु में सीएम की रेस में विजय थलापति, CM स्टालिन का क्या होगा? जानें नए सर्वे में और क्या-क्या
विजय की पार्टी ने इन आरोपों को सिरे से खारिज करते हुए कहा कि रैली में भगदड़ जैसी कोई स्थिति नहीं थी और हर कोने पर मेडिकल कैंप मौजूद थे। वैसे, आलोचक पिछले साल सितंबर में करूर की रैली का हवाला दे रहे, जहां मची भगदड़ में 41 लोगों की जान चली गई थी। उस मामले की जांच अब सुप्रीम कोर्ट ने सीबीआई (CBI) को सौंप दी है। लगातार होते ये हादसे विजय की राजनीतिक साख के लिए बड़ी चुनौती बनते जा रहे हैं।