Hisar Murder Case: CM सैनी से बातचीत के बाद बनी सहमति, 14 दिन बाद आज जिवन का किया जाएगा अंतिम संस्कार

Hisar Jeevan Murder Protest: हिसार के जीवन हत्याकांड पर न्याय समिति और CM नायब सिंह सैनी के बीच बातचीत के बाद सहमति बनी। मुख्य आरोपी की गिरफ्तारी और मुकदमे वापस लेने का आश्वासन दिया गया।
Jeezvan Murder Protest
हिसार जीवन हत्याकांड सोर्स-सोशल मीडिया
Updated on

Hisar Nayab Singh Saini On Jeevan Murder Case: हिसार के जीवन हत्याकांड को लेकर कई दिनों से चल रहे आंदोलन के बीच रविवार को मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी और न्याय समिति के बीच अहम बातचीत हुई। बैठक में सरकार ने समिति की प्रमुख मांगों को पूरा करने का ठोस आश्वासन दिया, जिसके बाद मृतक के परिजन अंतिम संस्कार के लिए तैयार हो गए। समिति के सदस्य एवं पूर्व सरपंच सुरेंद्र कुंडू ने बताया कि मुख्यमंत्री के साथ बातचीत सफल रही और सरकार ने सभी मांगें मानने का भरोसा दिया है।

समझौते के तहत 15 अगस्त को हांसी में हुए घटनाक्रम के दौरान दर्ज मुकदमों को वापस लेने और रद्द करने पर सहमति बनी है। इसके अलावा जीवन हत्याकांड के मुख्य आरोपी रमेश अत्री की गिरफ्तारी का भी आश्वासन दिया गया है। सरकार ने आंदोलन के दौरान जब्त किए गए वाहनों को लौटाने और पीड़ित परिवार को आर्थिक मदद देने का भी भरोसा दिया।

आंदोलन के दौरान किये गए मुकदमे होंगे वापस

मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के साथ हुई बातचीत में सबसे अहम प्रस्ताव 15 अगस्त को हांसी में हुई घटना को लेकर रखा गया। न्याय समिति के अनुसार, इस दौरान हुई पत्थरबाजी और अन्य घटनाओं के संबंध में आंदोलन कर रहे लोगों के खिलाफ जो मुकदमे दर्ज किए गए थे, उन्हें वापस लेकर तत्काल रद्द किया जाएगा।

आरोपी को गिरफ्तार करने का दिया आश्वासन

बता दें कि जीवन हत्याकांड के मुख्य आरोपी रमेश अत्री की गिरफ्तारी को लेकर लोग लगातार सरकार से गिरफ्तारी की मांग कर रहे थे। इसके बाद सरकार की ओर से भी इस मामले में ठोस कार्रवाई का आश्वासन दिया गया है।

न्याय समिति के अनुसार, मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने मुख्य आरोपी की गिरफ्तारी को लेकर जल्द और सख्त कार्रवाई का भरोसा दिलाया है। सरकार के इस आश्वासन से पीड़ित परिवार के साथ-साथ आंदोलन कर रहे लोगों को भी राहत मिली है।

किनाला में किया जाएगा अंतिम संस्कार

सरकार की ओर से न्याय समिति को दिए गए आश्वासन के बाद मृतक जीवन के परिजनों ने अंतिम संस्कार के लिए सहमति जताई है। आज किनाला में जीवन का दाह संस्कार किया जाएगा।

इससे पिछले कई दिनों से जारी तनावपूर्ण घटनाक्रम के बीच आंदोलन समाप्त होने की दिशा में रास्ता साफ हुआ है। समिति सदस्यों ने बताया कि सरकार द्वारा प्रमुख मांगों पर सहमति जताए जाने के बाद अब परिवार की सहमति से जीवन का अंतिम संस्कार किया जा रहा है।

4 अगस्त को हुई थी जीवन की हत्या

दरअसल, 4 अगस्त को डेयरी संचालक जीवन की पीट-पीटकर हत्या कर दी गई थी। मृतक के पिता बिजेंद्र की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की थी।

पुलिस ने इस मामले में 15 लोगों को आरोपी बनाया है। घटना के बाद से ही मृतक के परिजनों और स्थानीय लोगों में भारी रोष था। उन्होंने आरोपियों की गिरफ्तारी और न्याय की मांग को लेकर आंदोलन शुरू कर दिया था।

महापंचायत के बाद तेज हुआ आंदोलन

13 अगस्त को लघु सचिवालय में महापंचायत का आयोजन किया गया था। इसमें किसान संगठनों, खाप पंचायतों, किसान नेताओं और विपक्षी दलों के नेताओं ने हिस्सा लिया।

महापंचायत में प्रशासन को आंदोलनकारियों की मांगें पूरी करने के लिए अल्टीमेटम दिया गया था। इसके बाद 14 अगस्त को सुबह 11 बजे से दोपहर 2 बजे तक हरियाणा के सभी टोल प्लाजा बंद रखने का ऐलान किया गया था।

Jeezvan Murder Protest
हरियाणा में अक्टूबर से शुरू होगा ‘सुधार उत्सव’, नागरिक देंगे सरकारी व्यवस्था सुधारने के सुझाव

अब अंतिम संस्कार के साथ बनेगा समाधान का रास्ता

आंदोलनकारियों ने 15 अगस्त को मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी को हांसी या हरियाणा के किसी अन्य जिले में तिरंगा फहराने से रोकने की चेतावनी भी दी थी। इसके बाद मामला कानून-व्यवस्था के लिहाज से संवेदनशील हो गया था।

अब मुख्यमंत्री के साथ हुई वार्ता में सहमति बनने और सभी प्रमुख मांगों पर सरकार की ओर से आश्वासन मिलने के बाद मृतक के परिजनों ने अंतिम संस्कार करने का निर्णय लिया है। माना जा रहा है कि अंतिम संस्कार के साथ ही कई दिनों से जारी आंदोलन को समाप्त करने और पूरे मामले के समाधान की दिशा में रास्ता साफ होगा।

जब्त किए गए वाहन लौटाए जाएंगे

हांसी में हुए आंदोलन के दौरान पुलिस प्रशासन के द्वारा जब्त किए गए गाड़ियों को भी वापस लौटाने पर सहमति बनी है। वहीं इसके अलावा जिवन के परिवार की आर्थिक मदद करने का आश्वासन भी प्रदेश की सरकार की ओर से दिया गया है।

Navbharat Live
navbharatlive.com