New Political Controversy: बीएमसी चुनावों से पहले शिवसेना नेता संजय राउत के बयान के बाद महाराष्ट्र की राजनीति गरमा गई है। BJP के अलावा, उनके गठबंधन सहयोगी कांग्रेस ने भी संजय राउत पर सवाल उठाया है, यह कहते हुए कि "जय सिया राम" का नारा महाराष्ट्र में आस्था का मामला है। इस दौरान नाना पटोले ने राहुल गांधी की तुलना भगवान राम से कर दी।
कांग्रेस नेता नाना पटोले ने कांग्रेस सांसद राहुल गांधी की तुलना भगवान राम से की और दावा किया कि राहुल गांधी भगवान राम का काम कर रहे हैं। जिसके बाद महाराष्ट्र समेत समूचे देश में सियासी बवाल मच गया। अब उनके इसी बयान पर लालू यादव के बड़े बेटे तेज प्रताप यादव ने भी तीखी प्रतिक्रिया दी है।
दरअसल, साल के आखिरी दिन शिवसेना (यूबीटी) नेता संजय राउत ने एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में "जय श्री राम" के नारे पर आपत्ति जताई थी। राउत ने अपने बयान में कहा, "आज किसी ने कहा कि अब मुंबई में सिर्फ 'जय श्री राम' का नारा चलेगा। हमारा मानना है कि मुंबई में 'जय महाराष्ट्र' का नारा चलेगा। अगर यहां कोई नारा चलेगा, तो वह 'जय महाराष्ट्र, जय भवानी - जय शिवाजी' होगा। यही नारा मुंबई में चलेगा।"
संजय राउत के इस बयान के बाद कांग्रेस नेता नाना पटोले ने संजय राउत के बयान पर प्रतिक्रिया दी। इस दौरान उन्होंने राहुल गांधी की तुलना भगवान राम से की और दावा किया कि राहुल गांधी इस समय भगवान राम का काम कर रहे हैं। उन्होने कहा कि संजय राउत क्या सोचते हैं और उनकी क्या मान्यताएं हैं? मुझे नहीं पता। 'जय सिया राम' हमारी आस्था का मामला है। महाराष्ट्र में यह हमारी आस्था का मुद्दा है।
पटोले यहीं नहीं रुक उन्होंने आगे कहा, "हमारे नेता राहुल गांधी भगवान राम का काम कर रहे हैं। भगवान राम ने दबे-कुचले, पीड़ित और वंचित लोगों के लिए काम किया। हमारे नेता राहुल गांधी पूरे देश में लोगों को न्याय दिलाने के लिए वही काम कर रहे हैं। राजीव गांधी ने खुद रामलला मंदिर के ताले खुलवाए थे। उन्होंने वहां पहली पूजा की थी। जब हमारे नेता राहुल गांधी अयोध्या जाएंगे, तो वे प्रार्थना करेंगे।"
यह भी पढ़ें: JDU के सामने सबसे बड़ा संकट: नीतीश कुमार चूके तो BJP निगल जाएगी पार्टी, बिहार में फूटा नया सियासी बम
जब तेज प्रताप यादव से राहुल गांधी की तुलना भगवान राम से करने के बारे में पूछा गया, तो उन्होंने कहा कि प्रभु राम भगवान हैं। किसी इंसान की तुलना भगवान से कैसे की जा सकती है? कांग्रेस के लोग खुद को देवता मानते हैं, लेकिन वे नहीं हैं। उन्होने कहा कि भगवान राम, कृष्ण और शिव से किसी की तुलना नहीं की जा सकती।