Kerala New Cabinet Ready: कांग्रेस के नेतृत्व वाले संयुक्त लोकतांत्रिक मोर्चे (UDF) ने केरल में नए 21 सदस्यीय मंत्रिमंडल के गठन को अंतिम रूप दे दिया है। वीडी सतीशन सोमवार को राज्य के नए मुख्यमंत्री के रूप में शपथ लेंगे। गवर्नर राजेंद्र विश्वनाथ आर्लेकर को आज ही मंत्रियों की फाइनल लिस्ट सौंपे जाने की संभावना है। केरल कांग्रेस के नजदीकी सूत्रों के मुताबिक, 18 मई को एक ही समारोह में सीएम समेत 20 मंत्रियों को शपथ दिलाई जाएगी। यह शपथ समारोह विधानसभा चुनाव के बाद यूडीएफ की सत्ता में वापसी को औपचारिक रूप से दर्ज कराएगा।
कई दिनों की बातचीत और मैराथन बैठकों के बाद शनिवार को तिरुवनंतपुरम में गठबंधन के टॉप लीडर्स ने एक महत्वपूर्ण बैठक किए। इनमें मंत्री पदों के बंटवारे, विभागों के आवंटन और राजनीतिक प्रतिनिधित्व को लेकर अंतिम सहमति बनी।
केरल कांग्रेस के करीबी सूत्रों की मानें तो, नए कैबिनेट में कांग्रेस के 11, आईयूएमएल के 5 मंत्री शामिल होंगे। बाकी पद केरल कांग्रेस के विभिन्न धड़ों तथा अन्य सहयोगी दलों, आरएसपी, केसी-जे, केसी-आई, आरएमपी और सीएमपी को दिए जाएंगे। कांग्रेस विधानसभा स्पीकर का पद अपने पास रखने की तैयारी में है, जबकि केरल कांग्रेस को मुख्य सचेतक और उपाध्यक्ष का पद मिलने की संभावना है।
कभी मुख्यमंत्री के रेस में शामिल रहने वाले रमेश चेन्निथला, अब कैबिनेट में शामिल होंगे। उन्हें गृह तथा सतर्कता (विजिलेंस) विभाग दिए जाने की संभावना है। ऐसा कहा जा रहा है कि आंतरिक मतभेदों को दूर करने के लिए चेन्निथला की पुरानी मांग को कांग्रेस पार्टी ने स्वीकार कर लिया है। इतना ही नहीं, मंत्रिमंडल में सामाजिक समीकरण पर खास ध्यान रखा गया है। एक महिला विधायक, एक दलित प्रतिनिधि, एक लैटिन कैथोलिक नेता और एक पूर्व मुख्यमंत्री के बेटे को शामिल किए जाने की तैयारी है। इसके अलावा, आईसी बालकृष्णन के नाम पर भी गंभीर चर्चा चल रही है।
कांग्रेस नेता शफी परम्बिल ने रविवार को कहा कि शपथ ग्रहण से कुछ घंटे पहले ही यूडीएफ सरकार की मंत्रिमंडल सूची जारी कर दी जाएगी। पत्रकारों से बातचीत में उन्होंने कहा कि एक दशक बाद सत्ता में लौटने के बाद नई सरकार जनता की अपेक्षाओं को पूरा करने पर पूरा ध्यान देगी। उन्होंने कहा कि लोगों ने हमें अवसर दिया है, अब हम उनकी जरूरतें पूरी करेंगे। इस दौरान परम्बिल ने यह भी बताया कि पार्टी आंतरिक और गठबंधन सहयोगियों के साथ मंत्रिमंडल गठन को लेकर चर्चा अंतिम चरण में है। बातचीत के दौरान उन्होंने अपनी भूमिका पर कुछ भी बोलने इनकार कर दिया और कहा कि उनका ध्यान संगठनात्मक कार्यों पर है।
दूसरी ओर आईयूएमएल के राज्य महासचिव पीएमए सलाम ने कहा कि मंत्रियों की सूची रविवार शाम 4 बजे से पहले राज्यपाल को सौंप दी जाएगी। इसके बाद गठबंधन आधिकारिक रूप से नामों का ऐलान करेगा। सलाम ने आईयूएमएल की पांच सीटों को गठबंधन में पार्टी की अहम भूमिका का संकेत बताया।
यह भी पढ़ें: NEET UG: ‘शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान अब तक सस्पेंड क्यों नहीं’, राहुल गांधी ने PM मोदी पूछे ये 3 बड़े सवाल
आपको बता दें कि सोमवार, 18 मई को वीडी सतीशन केरल के नए मुख्यमंत्री के रूप में शपथ लेंगे। इससे पहले उन्होंने तिरुवनंतपुरम स्थित केपीसीसी ऑफिस में पार्टी के सीनियर नेताओं के साथ बैठक की। इस मीटिंग में केरल कांग्रेस अध्यक्ष सनी जोसेफ और यूडीएफ संयोजक अडूर प्रकाश भी मौजूद के अलावा कई अन्य नेता मौजूद रहें।