India Response on Venezuela Crisis: भारत ने वेनेजुएला में राष्ट्रपति निकोलस मादुरो की अमेरिकी सेना द्वारा गिरफ्तारी और वहां उत्पन्न तनावपूर्ण परिस्थितियों को लेकर गंभीर चिंता व्यक्त की है। विदेश मंत्रालय (MEA) ने रविवार को एक आधिकारिक बयान जारी कर कहा कि भारत वेनेजुएला में तेजी से बदलती परिस्थितियों पर लगातार नजर रख रहा है।
विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने बयान में सभी पक्षों से अपील की है कि वे विवादित मुद्दों का समाधान बातचीत के जरिए शांतिपूर्ण रूप से निकालें। भारत ने स्पष्ट किया कि उसकी प्राथमिकता क्षेत्र की स्थिरता और वहां के लोगों की सुरक्षा है। मंत्रालय ने कहा कि क्षेत्र में शांति और स्थिरता सुनिश्चित करना बेहद आवश्यक है और भारत इसके लिए लगातार स्थिति का मूल्यांकन कर रहा है।
इससे पहले, भारत सरकार ने अपने नागरिकों के लिए एक सख्त ट्रैवल एडवाइजरी भी जारी की थी। इसमें भारतीयों को वेनेजुएला की गैर-जरूरी यात्रा से बचने की सलाह दी गई है। साथ ही वहां रहने वाले नागरिकों को अपनी आवाजाही सीमित रखने और अत्यधिक सावधानी बरतने के निर्देश दिए गए हैं। इस बयान और एडवाइजरी के माध्यम से भारत ने साफ किया है कि वह वेनेजुएला में अपने नागरिकों की सुरक्षा और क्षेत्रीय स्थिरता को लेकर पूरी तरह सजग है।
वेनेजुएला में रहने वाले भारतीय नागरिकों की सुरक्षा को लेकर भी विदेश मंत्रालय ने स्थिति स्पष्ट की। कराकस स्थित भारतीय दूतावास भारतीय समुदाय के संपर्क में है और उन्हें हर संभव सहायता और दिशा-निर्देश प्रदान कर रहा है। मंत्रालय ने कहा कि दूतावास को निर्देश दिए गए हैं कि वे भारतीयों को किसी भी आपात स्थिति में पूरी मदद मुहैया कराएं और उनकी सुरक्षा सुनिश्चित करें।
यह भी पढ़ें: मादुरो सरकार में घुसा एजेंट, महीनों की प्लानिंग…फिर 4 दिन पहले टालना पड़ा था ऑपरेशन, इनसाइड स्टोरी
भारतीय विदेश मंत्रालय ने बयान में कहा, "वेनेजुएला में हाल के घटनाक्रम गहरी चिंता का विषय हैं। हम बदलती हुई स्थिति पर करीब से नजर रख रहे हैं। भारत वेनेजुएला के लोगों की भलाई और सुरक्षा के लिए अपने समर्थन की पुष्टि करता है। हम सभी संबंधित पक्षों से अपील करते हैं कि वे बातचीत के जरिए शांतिपूर्ण तरीके से मुद्दों को सुलझाएं, ताकि क्षेत्र में शांति और स्थिरता बनी रहे। कराकस में भारतीय दूतावास भारतीय समुदाय के सदस्यों के संपर्क में है और सभी संभव सहायता देना जारी रखेगा।