सुप्रीम कोर्ट Source- IANS
देश

2002 गोधरा कांड में अब तक कितने दोषियों को मिली सुप्रीम कोर्ट से जमानत? जानें 2011 से अब तक की पूरी टाइमलाइन

Godhra Train Burning Case: गोधरा ट्रेन अग्निकांड मामले में दोषी इरफान सिराज पाडा को सुप्रीम कोर्ट ने मेडिकल आधार पर जमानत दी। वह 17 साल से अधिक समय जेल में बिता चुका है।

अर्पित शुक्ला

Highlights

  • सुप्रीम कोर्ट ने गंभीर हृदय रोग और लंबी जेल अवधि को देखते हुए इरफान सिराज पाडा की सजा निलंबित की।

  • इरफान 17 साल से अधिक समय से जेल में बंद है। उसकी अपील सुप्रीम कोर्ट में लंबित है।

  • इससे पहले भी गोधरा ट्रेन अग्निकांड मामले के कई दोषियों को सुप्रीम कोर्ट से जमानत मिल चुकी है।

Godhra Train Burning Case Timeline: सुप्रीम कोर्ट ने सोमवार, 23 नवंबर को 2002 के गोधरा ट्रेन अग्निकांड मामले में उम्रकैद की सजा काट रहे दोषी इरफान सिराज पाडा को बड़ी राहत दी। अदालत ने गंभीर बीमारी और लंबे समय से जेल में बंद होने के आधार पर उसकी सजा निलंबित करते हुए जमानत दे दी। इरफान 17 साल से अधिक समय जेल में बिता चुका है।

जस्टिस एमएम सुंदरेश और जस्टिस पीबी वराले की पीठ ने यह आदेश दिया। सुनवाई के दौरान इरफान की ओर से बताया गया कि वह गंभीर हृदय रोग से पीड़ित है। गुजरात सरकार ने उसकी मेडिकल स्थिति से जुड़े तथ्यों पर विवाद नहीं किया। हालांकि, राज्य की ओर से मामले की गंभीरता का भी जिक्र किया गया।

किस आधार मिली राहत?

सुप्रीम कोर्ट ने कहा कि जमानत की अर्जी मुख्य रूप से मेडिकल आधार पर दाखिल की गई है। इन परिस्थितियों को देखते हुए पीठ ने उसकी सजा निलंबित करने का फैसला किया। यह राहत उसकी लंबित अपील पर अंतिम फैसले तक लागू रहेगी। अदालत के इस आदेश का मतलब दोषसिद्धि खत्म होना या इरफान का बरी होना नहीं है।

क्या है गोधरा कांड?

  • 27 फरवरी 2002 को गुजरात के गोधरा में साबरमती एक्सप्रेस के एस-6 कोच में आग लग गई थी। इस घटना में 58 लोगों की मौत हुई थी। ट्रेन अयोध्या से कारसेवकों को लेकर लौट रही थी। इस घटना के बाद गुजरात में बड़े पैमाने पर सांप्रदायिक दंगे हुए थे।

  • मार्च 2011 में विशेष अदालत ने इस मामले में 31 लोगों को दोषी ठहराया था। इनमें से 11 को मौत की सजा और 20 को उम्रकैद की सजा सुनाई गई थी। अदालत ने 63 आरोपियों को बरी भी किया था।

  • इसके बाद वर्ष 2017 में गुजरात हाई कोर्ट ने 11 दोषियों की मौत की सजा को उम्रकैद में बदल दिया था। साथ ही, बाकी 20 दोषियों की उम्रकैद की सजा बरकरार रखी थी। दोषियों की अपीलें वर्ष 2018 से सुप्रीम कोर्ट में लंबित हैं।

पहले भी कई दोषियों को मिल चुकी है जमानत

गोधरा ट्रेन अग्निकांड मामले में इससे पहले भी सुप्रीम कोर्ट कई दोषियों को अलग-अलग आधार पर राहत दे चुका है।

  • मई 2022: सुप्रीम कोर्ट ने दोषी अब्दुल रहमान धंतिया उर्फ कंकट्टो उर्फ जंबूरो को अंतरिम जमानत दी थी। उसकी पत्नी गंभीर कैंसर से पीड़ित थी और उसकी बेटियों की मानसिक स्थिति को लेकर भी अदालत के सामने दलील दी गई थी। नवंबर 2022 में उसकी जमानत 31 मार्च 2023 तक बढ़ा दी गई थी।

  • दिसंबर 2022: एक अन्य दोषी फारूक को 17 साल से अधिक समय जेल में बिताने और ट्रेन पर पत्थरबाजी में उसकी भूमिका को ध्यान में रखते हुए जमानत दी गई थी।

  • अप्रैल 2023: सुप्रीम कोर्ट ने आठ अन्य दोषियों को जमानत दी थी। इनमें अब्दुल सत्तार इब्राहिम गड्डी असला, यूनुस अब्दुल हक समोल, मोहम्मद हनीफ अब्दुल्ला मौलवी बदाम, अब्दुल रऊफ अब्दुल मजीद ईसा उर्फ धेसली, इब्राहिम अब्दुलरजाक अब्दुल सत्तार समोल उर्फ भानो, अयूब अब्दुल गनी इस्माइल पटालिया, सोहेब यूसुफ अहमद कलंदर और सुलेमान अहमद हुसैन उर्फ टाइगर पीर मुसलमान शामिल थे।

2025 में भी मिली थी इरफान को राहत

इरफान सिराज पाडा को वर्ष 2025 में भी अंतरिम पैरोल मिली थी। उस समय राज्य सरकार को उसकी समय से पहले रिहाई की मांग पर विचार करने के लिए कहा गया था। अब सुप्रीम कोर्ट ने गंभीर हृदय रोग और लंबे समय से जेल में रहने के आधार पर उसकी सजा निलंबित कर जमानत दे दी है।

Ayodhya Janakpur Train: नेपाल के लिए दूसरी ट्रेन बनी सरयू कमला एक्सप्रेस, जानें रूट, टिकट नियम, जरूरी दस्तावेज

अनंत सिंह की बेटी की शाही शादी पर तूफान का साया, बारिश और कीचड़ में डूबा पंडाल, VVIP मेहमानों का हवाई सफर रद्द

ध्रुव राठी को कोर्ट से झटका, तीसरी बार वारंट जारी; अब भारत आए तो मुश्किल में फंस जाएंगे Dhruv Rathee

भारत-नेपाल संबंधों का नया अध्याय, बालेन शाह की मौजूदगी में पीएम मोदी का बड़ा ऐलान; इन मुद्दों पर करेंगे सहयोग

गंगा किनारे गंदगी साफ कर रहीं विदेशी महिलाएं, वीडियो वायरल होने के बाद भारतीयों ने कहा- हम कब सुधरेंगे