गोधरा कांड को लेकर सीबीआई के पूर्व विशेष निदेशक का गंभीर आरोप
तत्कालीन रेल मंत्री और आरजेडी प्रमुख लालू प्रसाद यादव पर फंसाना का आरोप
गोदरा कांड 2002 की गुजरात के गोधरा रेलवे स्टेशन के पास घटी एक बेहद संवेदनशील और दर्दनाक घटना है
Godhra Incident Former CBI Special Director Claims Lalu Yadav Wanted To Frame Him: सीबीआई के पूर्व विशेष निदेशक राकेश अस्थाना ने गोधरा ट्रेन अग्निकांड की जांच से जुड़ा एक बड़ा दावा किया है। उनका कहना है कि तत्कालीन रेल मंत्री और आरजेडी प्रमुख लालू प्रसाद यादव उन्हें जस्टिस यूसी बनर्जी समिति के जरिए फंसाना चाहते थे। अस्थाना ने बताया कि उस समय दिल्ली में मीडिया के एक वरिष्ठ पद पर काम करने वाले उनके पुराने हॉस्टल साथी ने फोन कर उन्हें सतर्क रहने की सलाह दी थी।
एक इंटरव्यू के दौरान 2002 के गोधरा ट्रेन अग्निकांड का जिक्र करते हुए अस्थाना ने बताया कि उनके एक पुराने साथी ने उन्हें फोन किया था। वह दिल्ली में मीडिया के एक बड़े पद पर कार्यरत थे।
उन्होंने अस्थाना को चेतावनी दी थी कि जस्टिस यूसी बनर्जी समिति के नाम पर उन्हें मामले में फंसाने की कोशिश हो सकती है। हालांकि, अस्थाना ने यह स्पष्ट नहीं किया कि इसके पीछे लालू प्रसाद यादव का कोई निजी या राजनीतिक मकसद था या नहीं। उन्होंने इस पर टिप्पणी करने से इनकार कर दिया।
साल 2004 में केंद्र में सरकार बदलने के बाद तत्कालीन रेल मंत्री लालू प्रसाद यादव ने गोधरा कांड की जांच के लिए जस्टिस यूसी बनर्जी समिति का गठन किया था। इस समिति ने अपनी रिपोर्ट में ट्रेन के कोच में आग लगने की वजह दुर्घटना बताई थी। रिपोर्ट के मुताबिक, कोच में रखे स्टोव के कारण आग लगी थी।
वहीं, गोधरा कांड की जांच करने वाले जस्टिस नानावटी आयोग ने अपनी रिपोर्ट में आग को जानबूझकर लगाई गई घटना बताया था। अस्थाना के मुताबिक, आयोग ने इसे पहले से रची गई साजिश का हिस्सा माना था।
नानावटी आयोग ने 44 हजार हलफनामों का किया अध्ययन
अस्थाना ने बताया कि नानावटी आयोग ने अपने निष्कर्ष तक पहुंचने के लिए फॉरेंसिक जांच, एसआईटी और पुलिस की जांच का अध्ययन किया था। इस प्रक्रिया में करीब 44 हजार हलफनामे दाखिल किए गए और 1,000 से अधिक गवाहों के बयान दर्ज किए गए।
उन्होंने बताया कि जस्टिस यूसी बनर्जी समिति की रिपोर्ट को एक पीड़ित ने गुजरात हाईकोर्ट में चुनौती दी थी। हाईकोर्ट ने समिति के गठन को अवैध करार दिया था। अदालत का कहना था कि जब मामले की जांच के लिए पहले से ही जांच आयोग गठित था, तो रेल मंत्रालय अलग से ऐसी समिति नहीं बना सकता था। इसके बाद समिति की रिपोर्ट को अमान्य कर दिया गया था।
अस्थाना के इस बयान ने एक बार फिर गोधरा ट्रेन अग्निकांड की जांच और उस समय गठित अलग-अलग जांच समितियों को लेकर पुरानी बहस को चर्चा में ला दिया है।