Highlights:
Pew Research का अनुमान: 2070 तक भारत की कुल आबादी 170 करोड़, हिंदू आबादी 128.9 करोड़ और मुस्लिम आबादी 33.4 करोड़ हो सकती है।
50 वर्षों में हिंदुओं की हिस्सेदारी 79.4% से घटकर 75.8% और मुस्लिम आबादी की हिस्सेदारी 15.2% से बढ़कर 19.6% होने का अनुमान।
प्रजनन दर और उम्र का अंतर आबादी में बदलाव की प्रमुख वजह; भारत में मुस्लिम महिलाओं की प्रजनन दर 2.3 और हिंदू महिलाओं की 1.9 बच्चे प्रति महिला।
Hindu Muslim Population in India: भारत में अगले पांच दशकों तक हिंदू आबादी बहुसंख्यक बनी रहेगी, लेकिन देश के धार्मिक जनसांख्यिकीय स्वरूप में धीरे-धीरे बदलाव देखने को मिल सकता है। अमेरिका स्थित प्रतिष्ठित शोध संस्थान प्यू रिसर्च सेंटर (Pew Research Center) की नई रिपोर्ट में यह अनुमान लगाया गया है। इसके मुताबिक, 2020 से 2070 के बीच भारत में हिंदू और मुस्लिम दोनों समुदायों की आबादी बढ़ेगी, लेकिन कुल जनसंख्या में मुस्लिम आबादी का प्रतिशत बढ़ेगा, जबकि हिंदुओं की हिस्सेदारी में मामूली गिरावट आएगी।
18 नवंबर को जारी 'द फ्यूचर ऑफ वर्ल्ड रिलिजन्स: पॉपुलेशन ग्रोथ प्रोजेक्शंस, 2020-2070' नाम की इस रिपोर्ट ने भारत में एक बार फिर जनसंख्या और धर्म को लेकर बहस छेड़ दी है। रिपोर्ट के मुताबिक, 2070 तक भारत की कुल आबादी बढ़कर करीब 170 करोड़ हो सकती है। इस दौरान हिंदुओं की संख्या लगभग 111.3 करोड़ से बढ़कर 128.9 करोड़ हो जाएगी। वहीं, मुस्लिम आबादी 21.3 करोड़ से बढ़कर करीब 33.4 करोड़ पहुंच सकती है।
लेकिन क्या इसका मतलब है कि आने वाले 50 वर्षों में भारत में मुस्लिम आबादी हिंदुओं से ज्यादा हो जाएगी? क्या धर्म परिवर्तन या दूसरे देशों से आने वाले लोगों की वजह से यह बदलाव होगा? आखिर मुस्लिम आबादी की वृद्धि दर हिंदुओं से ज्यादा रहने की वजह क्या है? और वैश्विक स्तर पर कौन-सा धर्म सबसे बड़ा हो सकता है? आइए, प्यू रिसर्च सेंटर की रिपोर्ट के आंकड़ों और जनसांख्यिकीय कारणों को विस्तार से समझते हैं।
प्यू रिसर्च सेंटर के अनुमान के मुताबिक, भारत की कुल जनसंख्या 2020 में लगभग 140 करोड़ थी, जो 2070 तक बढ़कर करीब 170 करोड़ हो सकती है। इस बढ़ती आबादी में हिंदू और मुस्लिम दोनों समुदायों की संख्या में इजाफा होगा। हालांकि, कुल जनसंख्या में दोनों की हिस्सेदारी का रुझान अलग-अलग रहेगा।
प्रतिशत के लिहाज से देखें तो 2020 में भारत की कुल आबादी में हिंदुओं की हिस्सेदारी 79.4 प्रतिशत थी। 2070 तक इसके घटकर 75.8 प्रतिशत रहने का अनुमान है। दूसरी तरफ, मुस्लिम आबादी की हिस्सेदारी 15.2 प्रतिशत से बढ़कर 19.6 प्रतिशत हो सकती है। ईसाई, सिख, बौद्ध, जैन, अन्य धर्मों को मानने वाले और किसी धर्म से खुद को जुड़ा नहीं मानने वाले लोग शेष आबादी का हिस्सा होंगे।
यहां एक महत्वपूर्ण बात समझना जरूरी है। 50 वर्षों में हिंदुओं की संख्या करीब 17.6 करोड़ बढ़ने का अनुमान है, जबकि मुस्लिम आबादी में लगभग 12.1 करोड़ का इजाफा हो सकता है। यानी संख्या के लिहाज से हिंदुओं की बढ़ोतरी ज्यादा होगी। लेकिन मुस्लिम आबादी की शुरुआती संख्या कम होने और उसकी वृद्धि दर अधिक रहने के कारण प्रतिशत के लिहाज से उसका विस्तार ज्यादा दिखाई देगा।
2020 से 2070 के बीच हिंदू आबादी में लगभग 16 प्रतिशत की वृद्धि का अनुमान है, जबकि मुस्लिम आबादी 50 प्रतिशत से ज्यादा बढ़ सकती है। इस अवधि में भारत की कुल आबादी में लगभग 21 प्रतिशत वृद्धि होने का अनुमान है।
प्यू रिसर्च सेंटर की रिपोर्ट का जवाब बिल्कुल स्पष्ट है- नहीं । रिपोर्ट के मुताबिक, 2070 तक भी भारत में हिंदू बहुसंख्यक रहेंगे और उनकी हिस्सेदारी 75 प्रतिशत से अधिक होगी। भारत उन देशों की सूची में शामिल नहीं है, जहां आने वाले दशकों में मुस्लिम आबादी बहुसंख्यक होने का अनुमान लगाया गया है। प्यू के मुताबिक, 2020 में दुनिया के 53 देश और क्षेत्र ऐसे थे, जहां मुस्लिम आबादी बहुसंख्यक थी।
2070 तक इन सभी देशों में मुस्लिम बहुमत बने रहने का अनुमान है। इसके अलावा आइवरी कोस्ट भी इस सूची में शामिल हो सकता है। इस तरह मुस्लिम बहुसंख्यक देशों और क्षेत्रों की संख्या 54 हो जाएगी।
हालांकि, भारत में मुस्लिम आबादी का प्रतिशत बढ़ने का अनुमान राजनीतिक और सामाजिक बहस का विषय बना हुआ है। कई वर्षों से सोशल मीडिया और राजनीतिक भाषणों में यह दावा किया जाता रहा है कि एक समय बाद मुस्लिम आबादी हिंदुओं से अधिक हो जाएगी। लेकिन प्यू के मौजूदा अनुमानों में इस दावे का समर्थन नहीं मिलता।
रिपोर्ट के मुताबिक, भारत 2070 में भी दुनिया की सबसे बड़ी हिंदू आबादी वाला देश रहेगा। भारत और नेपाल दुनिया के ऐसे केवल दो देश होंगे, जहां हिंदू बहुसंख्यक होंगे।
प्यू रिसर्च सेंटर ने मुस्लिम आबादी की तेज वृद्धि के पीछे मुख्य रूप से दो जनसांख्यिकीय कारण बताए हैं। इनमें पहला प्रजनन दर यानी फर्टिलिटी रेट और दूसरा आबादी की औसत उम्र है।
प्रजनन दर में अंतर: रिपोर्ट के मुताबिक, 2020 से 2025 के दौरान भारत में हिंदू महिलाओं की औसत प्रजनन दर करीब 1.9 बच्चे प्रति महिला थी। वहीं, मुस्लिम महिलाओं की प्रजनन दर लगभग 2.3 बच्चे प्रति महिला आंकी गई है।
आमतौर पर किसी देश में एक पीढ़ी की आबादी को अगली पीढ़ी से बनाए रखने के लिए 2.1 बच्चों की प्रजनन दर को प्रतिस्थापन स्तर (Replacement Level) माना जाता है। इस लिहाज से हिंदुओं की प्रजनन दर इस स्तर से नीचे पहुंच चुकी है, जबकि मुस्लिम समुदाय की दर अभी इससे थोड़ी अधिक है।
उम्र का अंतर: दूसरा कारण दोनों समुदायों की औसत उम्र में अंतर है। प्यू के मुताबिक, 2020 में भारत में हिंदुओं की औसत मध्य आयु (Median Age) 29 वर्ष थी, जबकि मुस्लिम आबादी की मध्य आयु 24 वर्ष थी।
कम उम्र वाली आबादी में बच्चे पैदा करने की उम्र में पहुंचने वाले लोगों की संख्या अधिक होती है। इसलिए भले ही प्रत्येक महिला के बच्चों की औसत संख्या घट रही हो, फिर भी कुल जन्मों की संख्या कुछ समय तक अधिक बनी रह सकती है। इसी वजह से मुस्लिम आबादी की वृद्धि दर हिंदुओं से अधिक रहने का अनुमान लगाया गया है।
प्यू की रिपोर्ट में जिस अवधारणा को सबसे महत्वपूर्ण बताया गया है, वह है डेमोग्राफिक मोमेंटम (Demographic Momentum)। इसका मतलब है कि किसी समुदाय की प्रजनन दर कम होने के बाद भी उसकी आबादी कई दशकों तक बढ़ती रह सकती है। इसकी मुख्य वजह उस समुदाय की उम्र संबंधी संरचना होती है।
इसे एक उदाहरण से समझ सकते हैं। मान लीजिए कि दो समुदायों में महिलाओं की औसत प्रजनन दर दो बच्चे प्रति महिला है। लेकिन पहले समुदाय में युवाओं की संख्या अधिक है, जबकि दूसरे समुदाय में बुजुर्गों की संख्या ज्यादा है।
ऐसी स्थिति में पहले समुदाय में अधिक महिलाएं बच्चे पैदा करने की उम्र में होंगी। इसलिए वहां जन्म लेने वाले बच्चों की संख्या अधिक रहेगी। दूसरे समुदाय में बच्चे पैदा करने वाली महिलाओं की संख्या कम होने के कारण जन्म दर के मुकाबले मृत्यु की संख्या जल्दी बढ़ सकती है।
यही वजह है कि कम प्रजनन दर के बावजूद युवा आबादी वाले समुदाय की कुल जनसंख्या तेजी से बढ़ सकती है। प्यू के मुताबिक, भारत में मुस्लिम आबादी की अपेक्षाकृत कम औसत उम्र उसकी तेज वृद्धि का एक प्रमुख कारण है। इसे धर्म के बजाय जनसंख्या की उम्र और संरचना से जोड़कर समझना चाहिए।
भारत में धार्मिक आबादी को लेकर होने वाली बहस में अक्सर धर्म परिवर्तन और दूसरे देशों से होने वाले प्रवासन को भी वजह बताया जाता है। हालांकि, प्यू रिसर्च सेंटर का अध्ययन इन दोनों को भारत में धार्मिक जनसंख्या के बदलाव का प्रमुख कारण नहीं मानता।
रिपोर्ट के मुताबिक, भारत में धार्मिक आबादी के अनुपात में होने वाले बदलाव की मुख्य वजह प्राकृतिक वृद्धि (Natural Increase) है। इसका मतलब है कि किसी समुदाय में जन्म लेने वाले लोगों की संख्या और मरने वाले लोगों की संख्या के बीच का अंतर।
प्यू के वैश्विक आंकड़ों के मुताबिक, हिंदू परिवारों में पले-बढ़े लगभग 99 प्रतिशत लोग वयस्क होने पर भी खुद को हिंदू ही मानते हैं। मुस्लिम समुदाय में भी यह अनुपात लगभग 99 प्रतिशत है। इसके मुकाबले ईसाइयों में धार्मिक पहचान बनाए रखने की दर करीब 85 प्रतिशत और बौद्धों में लगभग 83 प्रतिशत है।
रिपोर्ट का अनुमान है कि अगले 50 वर्षों में धर्म परिवर्तन के कारण वैश्विक हिंदू आबादी में केवल लगभग 10 लाख लोगों की कमी हो सकती है। प्रवासन का असर हिंदू आबादी पर मुख्य रूप से भारत के बाहर दिखाई देगा। उदाहरण के लिए, अमेरिका में 2070 तक दुनिया की पांचवीं सबसे बड़ी हिंदू आबादी होने का अनुमान है। इसका प्रमुख कारण वहां होने वाला प्रवासन होगा।
एशिया और प्रशांत क्षेत्र में भी प्रवासन के कारण कुछ जगहों पर आबादी कम हो सकती है, लेकिन प्राकृतिक वृद्धि इस कमी से कहीं अधिक होगी।
प्यू के धर्म शोध विभाग के निदेशक एलन कूपरमैन ने एसोसिएटेड प्रेस से बातचीत में कहा कि रिपोर्ट के आंकड़ों को अलग-अलग धर्मों के बीच मुकाबले के रूप में पेश नहीं किया जाना चाहिए। उन्होंने आगाह किया कि आंकड़ों के आधार पर भ्रामक सुर्खियां और नैरेटिव तैयार किए जा सकते हैं। मुस्लिम और ईसाई आबादी की ज्यादातर वृद्धि उन्हीं देशों में हो रही है, जहां ये समुदाय पहले से बहुसंख्यक हैं।
भारत में हिंदू और मुस्लिम समुदायों की प्रजनन दर के बीच अंतर लंबे समय से मौजूद है, लेकिन पिछले तीन दशकों में इसमें लगातार कमी आई है। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय की ओर से कराए गए राष्ट्रीय परिवार स्वास्थ्य सर्वेक्षण (NFHS) के आंकड़े भी इसकी पुष्टि करते हैं।
सर्वेक्षण के मुताबिक, 1992-93 में मुस्लिम महिलाओं की कुल प्रजनन दर 4.4 बच्चे प्रति महिला थी। 2015-16 में यह घटकर 2.6 और 2019-21 में करीब 2.36 रह गई। इस तरह लगभग तीन दशकों में इसमें 46.5 प्रतिशत की गिरावट दर्ज की गई।
दूसरी तरफ, हिंदू महिलाओं की प्रजनन दर 1992-93 में 3.3 बच्चे प्रति महिला थी। 2015-16 में यह 2.1 और 2019-21 में घटकर 1.94 रह गई। यानी इसमें लगभग 41 प्रतिशत की कमी आई। भारत की कुल प्रजनन दर NFHS-5 के दौरान घटकर करीब 2.0 हो गई थी, जो 2.1 के प्रतिस्थापन स्तर से कम है। अन्य धर्मों में भी प्रजनन दर इससे कम दर्ज की गई। NFHS-5 के मुताबिक, ईसाइयों में यह 1.88, सिखों में 1.61, जैन समुदाय में 1.6 और बौद्धों में 1.39 थी।
प्यू के शोधकर्ता क्रेमर के मुताबिक, 1992 में हिंदू और मुस्लिम महिलाओं की प्रजनन दर के बीच एक बच्चे से अधिक का अंतर था, जो हाल के वर्षों में घटकर लगभग आधा बच्चा रह गया है। भविष्य में इसके और कम होने की संभावना है।
प्रिंसटन यूनिवर्सिटी के भारतीय जनसांख्यिकी विशेषज्ञ केएस जेम्स ने BBC से बातचीत में कहा कि दोनों समुदायों के बीच प्रजनन दर का अंतर वास्तविक है। इसलिए आने वाले कुछ दशकों तक मुस्लिम आबादी की वृद्धि दर अधिक रह सकती है। हालांकि, सभी धार्मिक समुदायों में प्रजनन दर घट रही है और यह अंतर आगे भी कम होने की उम्मीद है।
विशेषज्ञों के मुताबिक, हिंदू और मुस्लिम समुदायों की प्रजनन दर में अंतर को केवल धर्म के आधार पर नहीं समझा जा सकता। इसके पीछे शिक्षा, आर्थिक स्थिति, महिलाओं की रोजगार में भागीदारी और स्वास्थ्य सुविधाओं तक पहुंच जैसे सामाजिक-आर्थिक कारण महत्वपूर्ण हैं।
पॉपुलेशन फाउंडेशन ऑफ इंडिया की पूनम मुत्रेजा के मुताबिक, अधिक प्रजनन दर के पीछे महिलाओं की साक्षरता, रोजगार, आय और स्वास्थ्य सेवाओं की उपलब्धता जैसे गैर-धार्मिक कारण होते हैं। उनका मानना है कि मुस्लिम समुदाय की अपेक्षाकृत कमजोर सामाजिक-आर्थिक स्थिति भी दोनों समुदायों के बीच प्रजनन दर के अंतर की एक वजह है।
पूर्व मुख्य चुनाव आयुक्त एसवाई कुरैशी ने भी इसी तरह का तर्क दिया है। उन्होंने असम का उदाहरण देते हुए बताया कि वहां मुस्लिम आबादी करीब 40 प्रतिशत होने के बावजूद राज्य की कुल प्रजनन दर लगभग 1.9 है।
राज्यों के बीच अंतर भी इस मामले में महत्वपूर्ण है। NFHS-5 के मुताबिक, देश में केवल पांच राज्य ऐसे थे, जहां प्रजनन दर 2.1 के प्रतिस्थापन स्तर से अधिक थी। इनमें बिहार, मेघालय, उत्तर प्रदेश, झारखंड और मणिपुर शामिल हैं।
इससे स्पष्ट होता है कि अलग-अलग राज्यों की सामाजिक और आर्थिक परिस्थितियां जनसंख्या वृद्धि को प्रभावित करती हैं। कई बार राज्यों के बीच प्रजनन दर का अंतर धार्मिक समुदायों के बीच के अंतर से भी अधिक होता है।
भारत की जनगणना के आंकड़ों में भी पिछले कई दशकों से धार्मिक आबादी के अनुपात में धीरे-धीरे बदलाव दिखाई देता है। प्यू के पुराने शोध में उद्धृत जनगणना आंकड़ों के मुताबिक, 1951 में भारत में हिंदुओं की आबादी करीब 30 करोड़ थी, जो 2011 तक बढ़कर लगभग 96.6 करोड़ हो गई। इसी अवधि में मुस्लिम आबादी करीब 3.5 करोड़ से बढ़कर 17.2 करोड़ पहुंच गई।
2011 की जनगणना में मुस्लिम आबादी की हिस्सेदारी बढ़कर 14.2 प्रतिशत हो गई थी। इसमें पिछले दशक के मुकाबले लगभग 0.8 प्रतिशत अंक की वृद्धि हुई थी। वहीं, हिंदू आबादी का हिस्सा घटकर 79.8 प्रतिशत रह गया था, जो पहले की तुलना में करीब 0.7 प्रतिशत अंक कम था।2001 से 2011 के बीच मुस्लिम आबादी की वृद्धि दर 24.6 प्रतिशत रही, जबकि हिंदुओं की आबादी 16.8 प्रतिशत की दर से बढ़ी।
इस दौरान देश की कुल जनसंख्या वृद्धि दर 17.7 प्रतिशत थी। इसके अलावा प्रधानमंत्री की आर्थिक सलाहकार परिषद (EAC-PM) ने 2024 में जारी एक अलग अध्ययन में अनुमान लगाया था कि भारत की आबादी में मुस्लिम समुदाय की हिस्सेदारी 1950 में 9.84 प्रतिशत थी, जो 2015 में बढ़कर लगभग 14.09 प्रतिशत हो गई।
भारत की धार्मिक आबादी में बदलाव वैश्विक स्तर पर हो रहे एक बड़े जनसांख्यिकीय परिवर्तन का हिस्सा है। प्यू रिसर्च सेंटर के मुताबिक, 2035 तक इस्लाम दुनिया का सबसे बड़ा धर्म बन सकता है और ईसाई धर्म दूसरे स्थान पर पहुंच सकता है। रिपोर्ट के अनुसार, 2020 में दुनिया में ईसाइयों की आबादी लगभग 227 करोड़ थी, जबकि मुस्लिम आबादी करीब 202 करोड़ थी।
प्यू का अनुमान है कि 2035 तक मुस्लिम आबादी बढ़कर लगभग 257 करोड़ और ईसाई आबादी करीब 252 करोड़ हो जाएगी। 2070 तक दुनिया में मुसलमानों की संख्या 360 करोड़ से अधिक हो सकती है, जबकि ईसाइयों की आबादी 300 करोड़ से थोड़ी कम रहने का अनुमान है।
2020 से 2070 के बीच दुनिया की कुल आबादी में लगभग 29 प्रतिशत वृद्धि का अनुमान है। इस दौरान मुस्लिम आबादी करीब 80 प्रतिशत और ईसाई आबादी लगभग 30 प्रतिशत बढ़ सकती है। इन दोनों को छोड़कर अन्य बड़े धार्मिक समूहों की वृद्धि दर वैश्विक औसत के बराबर रहने की संभावना नहीं है।
2070 तक दुनिया की कुल आबादी में मुस्लिम समुदाय की हिस्सेदारी लगभग 36 प्रतिशत हो सकती है, जो 2020 में करीब 26 प्रतिशत थी। इस वृद्धि के पीछे भी प्रजनन दर और उम्र का अंतर प्रमुख कारण है। 2020-25 के दौरान मुस्लिम महिलाओं की औसत प्रजनन दर 3.1 बच्चे प्रति महिला थी। ईसाई महिलाओं में यह 2.5 और अन्य धर्मों की महिलाओं में करीब 1.6 थी।
इसी पांच साल की अवधि में मुस्लिम माताओं ने अनुमानित 25.2 करोड़ बच्चों को जन्म दिया, जबकि ईसाई माताओं के यहां लगभग 20.8 करोड़ बच्चे पैदा हुए।वैश्विक स्तर पर मुस्लिम समुदाय सबसे युवा प्रमुख धार्मिक समूह है। 2020 में इसकी मध्य आयु 24 वर्ष थी, जबकि गैर-मुस्लिम आबादी की मध्य आयु लगभग 33 वर्ष थी।
हिंदू आबादी की बात करें तो दुनिया में इसकी संख्या भी बढ़ेगी। 2070 तक वैश्विक हिंदू आबादी में लगभग 19.9 करोड़ की वृद्धि होकर यह करीब 140 करोड़ पहुंच सकती है। हालांकि, दुनिया की कुल आबादी में हिंदुओं की हिस्सेदारी 15 प्रतिशत से घटकर लगभग 14 प्रतिशत रहने का अनुमान है।
भारत की हिस्सेदारी दुनिया की कुल हिंदू आबादी में 2070 तक लगभग 93.6 प्रतिशत रह सकती है। वहीं, दुनिया की मुस्लिम आबादी में भारत का हिस्सा 2020 के लगभग 10.5 प्रतिशत से घटकर 2070 में करीब 9.2 प्रतिशत होने का अनुमान है। इसकी वजह पाकिस्तान, नाइजीरिया और दूसरे देशों में मुस्लिम आबादी की तेज वृद्धि होगी।
इस रिपोर्ट को समझते समय यह जानना भी जरूरी है कि प्यू रिसर्च सेंटर ने अपने आंकड़ों को अंतिम भविष्यवाणी नहीं, बल्कि अनुमान (Projections) बताया है।
शोधकर्ताओं के मुताबिक, अगले 50 वर्षों में युद्ध, प्राकृतिक आपदाएं, महामारी और आर्थिक-सामाजिक परिस्थितियों में बड़े बदलाव हो सकते हैं। इन घटनाओं को रिपोर्ट के मॉडल में शामिल नहीं किया गया है। इसी तरह सरकारों की नीतियों में बदलाव भी भविष्य के जनसंख्या आंकड़ों को प्रभावित कर सकता है।
भारत के मामले में एक और महत्वपूर्ण सीमा है। देश की 2021 में होने वाली जनगणना कोविड-19 महामारी के कारण स्थगित हो गई थी। इसलिए प्यू के पास धर्म के आधार पर भारत की आबादी का कोई नया आधिकारिक जनगणना आंकड़ा उपलब्ध नहीं था।
शोधकर्ताओं ने 2011 की जनगणना के आंकड़ों को आधार बनाकर प्रजनन दर, उम्र और धार्मिक पहचान से जुड़े सर्वेक्षणों की मदद से 2020 की अनुमानित आबादी तैयार की। यह जनसांख्यिकी में इस्तेमाल होने वाली सामान्य प्रक्रिया है, लेकिन इसका मतलब है कि रिपोर्ट का शुरुआती आधार भी अनुमान पर टिका है।
रिपोर्ट में यह भी माना गया है कि भविष्य में प्रजनन दर, प्रवासन और धर्म परिवर्तन के मौजूदा रुझान जारी रहेंगे। अगर मुस्लिम समुदाय में प्रजनन दर अनुमान से अधिक तेजी से घटती है, तो 2070 तक हिंदू और मुस्लिम आबादी के अनुपात में अंतर कम हो सकता है।
प्यू ने प्रजनन दर के लिए संयुक्त राष्ट्र की 2024 वर्ल्ड पॉपुलेशन प्रॉस्पेक्ट्स के मध्यम अनुमान का इस्तेमाल किया है। मृत्यु दर के मामले में एक ही देश के सभी धार्मिक समुदायों के लिए समान दर लागू की गई है।इसलिए 50 साल आगे के आंकड़ों को अंतिम सत्य नहीं माना जा सकता। नए आंकड़े आने पर इन अनुमानों में बदलाव संभव है।
प्यू की रिपोर्ट के अनुमानों की तुलना करने के लिए भारत की आगामी जनगणना 2027 बेहद महत्वपूर्ण होगी। यह 2011 के बाद देश की पहली पूर्ण जनगणना है और इसे दो चरणों में आयोजित किया जा रहा है।
पहले चरण में मकानों की सूची तैयार करने और आवास संबंधी जानकारी जुटाने का काम अप्रैल से सितंबर 2026 के बीच हुआ। दूसरे चरण में जनसंख्या की गणना की जाएगी, जो देश के अधिकांश हिस्सों में 25 जनवरी से 28 फरवरी 2027 तक निर्धारित है।
इसके लिए 10 जनवरी से 24 जनवरी तक सेल्फ-एन्यूमरेशन यानी स्व-गणना की सुविधा निर्धारित की गई है। इसके बाद 1 मार्च से 5 मार्च तक पुनरीक्षण का दौर होगा। जनगणना की संदर्भ तिथि 1 मार्च 2027 रखी गई है।
हालांकि, कुछ राज्यों और क्षेत्रों के लिए अलग कार्यक्रम निर्धारित हैं। इनमें गोवा, उत्तर प्रदेश, पंजाब, उत्तराखंड के कुछ हिस्से, लद्दाख तथा हिमाचल प्रदेश और जम्मू-कश्मीर के बर्फबारी प्रभावित क्षेत्र शामिल हैं। रिपोर्टों के मुताबिक, मणिपुर को अधिसूचित समय-सीमा से बाहर रखा गया है।
यह भारत की पहली डिजिटल जनगणना होगी, जिसमें मुख्य रूप से मोबाइल आधारित डेटा संग्रह किया जाएगा। इसके प्रश्नपत्र में करीब 40 सवाल शामिल हैं। इनमें उम्र, वैवाहिक स्थिति, धर्म, जाति, शिक्षा, रोजगार, प्रवासन और दिव्यांगता जैसी जानकारियां जुटाई जाएंगी।
इस जनगणना की एक और खास बात यह है कि आजादी के बाद पहली बार सभी समुदायों की जातिगत जानकारी भी एकत्र की जाएगी।
जनगणना 2027 के धर्म संबंधी आंकड़े सामने आने के बाद पता चलेगा कि 2011 से 2027 के बीच हिंदू, मुस्लिम और अन्य धार्मिक समुदायों की हिस्सेदारी में वास्तव में कितना बदलाव आया है। इन आंकड़ों से प्यू के 2020 के अनुमानित आधार और उसके जनसांख्यिकीय मॉडल की तुलना करने में मदद मिलेगी।
हालांकि, भारत में पिछली जनगणनाओं के धर्म संबंधी विस्तृत आंकड़े भी गणना पूरी होने के कई साल बाद जारी किए गए थे। इसलिए 2027 की जनगणना के अंतिम धार्मिक आंकड़ों के लिए भी इंतजार करना पड़ सकता है।