Highlights:
अभिजीत दिपके, सौरव दास और आशुतोष रांका को अलग-अलग जगह रखा गया।
सीजेपी प्रोटेस्ट के कारण यातायात प्रभावित हुआ।
दिल्ली पुलिस ने 200 प्रदर्शनकारियों को हिरासत में लिया।
Delhi Police Action Against CJP Protest: कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के विरोध प्रदर्शन से पहले दिल्ली पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की। CJP के फाउंडर अभिजीत दिपके, को-कन्वीनर सौरव दास और प्रवक्ता आशुतोष रांका को दिल्ली पुलिस ने उनकी फ्लाइट के अंदर से ही हिरासत में ले लिया।
दिल्ली पुलिस ने CJP विरोध प्रदर्शन को रोकने के लिए तीनों लोगों को अलग-अलग रखने की योजना बनाई है। अभिजीत दिपके को गुरुग्राम और सौरव दास को दिल्ली ले जाया गया है, जबकि पुलिस ने आशुतोष रंका को द्वारका में ले जाया गया है।
मुख्य निर्वाचन आयुक्त के खिलाफ जंतर-मंतर पर कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के प्रस्तावित प्रदर्शन को रोकने के लिए सुरक्षा बलों की तैनाती के बीच शनिवार को मध्य दिल्ली के कई इलाकों में चक्का जाम रहा।
दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने ट्वीट कर ट्रैफिक पर अपडेट दिया। ट्रैफिक अपडेट: बाबा खड़क सिंह मार्ग, अशोक रोड और पंडित पंत मार्ग से महादेव रोड तक GPO के आस-पास ट्रैफिक प्रभावित है।
प्रदर्शन स्थल की ओर जाने वाले कई प्रमुख मार्गों पर वाहनों की जांच के कारण यातायात बाधित हुआ और वाहनों की रफ्तार धीमी पड़ गई। दिल्ली में चप्पे-चप्पे पर बैरिकेड्स लगाए जाने और कड़ी निगरानी की वजह से मध्य दिल्ली के कई इलाकों में वाहनों की लंबी कतारें लग गईं।
दिल्ली में आज जंतर-मंतर पर CJP के विरोध प्रदर्शन से पहले नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पर ड्रोन से निगरानी की जा रही है। सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं और स्टेशन पर दिल्ली पुलिस और RAF के जवान तैनात हैं।
पुलिसकर्मी सुरक्षा मार्च कर रहे हैं, जबकि हालात पर नजर रखने के लिए ड्रोन का इस्तेमाल किया जा रहा है। CJP के विरोध-प्रदर्शन से पहले हजरत निजामुद्दीन रेलवे स्टेशन पर कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच यात्रियों की आवाजाही जारी है।
जंतर-मंतर की ओर जा रही जनता को दिल्ली पुलिस हिरासत में ले रही है। CJP विरोध प्रदर्शन के दौरान कनॉट प्लेस के पास लगभग 200 प्रदर्शनकारियों को हिरासत में लिया गया है। जंतर-मंतर जा रहे लोगों को हिरासत में लेकर छत्रसाल स्टेडियम लाया जा रहा है।