अमित शाह ने राहुल गांधी पर संसद की कार्यवाही बाधित करने का आरोप लगाया
करनाल रैली में शाह ने कांग्रेस को कड़ी राजनीतिक चेतावनी दी
भाजपा की 'लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ' रैली का पहला चरण पूरा हुआ
BJP Loktantra Bachao Arajakta Hatao: केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने गुरुवार को कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर तीखा हमला किया। उन्होंने राहुल पर संसद की कार्यवाही में रुकावट डालने और अराजकता फैलाने को लेकर चेतावनी दी। शाह ने कहा कि विपक्ष जहां भी इकट्ठा होना चाहेगा, बीजेपी उन्हें वहीं जवाब देगी। उन्होंने यह बयान हरियाणा में बीजेपी के लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ मार्च को संबोधित करते हुए दिया।
हरियाणा के करनाल में बीजेपी द्वारा आज लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ कैंपेन के तहक आखिरी रैली निकाली गई। इसमें केंद्रीय गृह अमित शाह, केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल खट्टर, मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी, भाजपा नेता स्मृति ईरानी और अन्य लोगों ने भाग लिया। यहां अमित शाह ने संसदीय लोकतंत्र के प्रति राहुल के नजरिए को लेकर तीखा हमला बोला।
उन्होंने कहा, प्रजातंत्र में संसद बातचीत का सबसे बड़ा मंच है। फिर भी, राहुल गांधी संसद की कार्यवाही को चलने नहीं देते हैं और नहीं जरूरी मुद्दों पर चर्चा करते हैं। आपने संसद के अंदर हंगामा करना और बॉयकॉट करना कांग्रेस पार्टी का कल्चर बना दिया है।
शाह ने कांग्रेस नेता पर संसद के बाहर राजनीतिक टकराव करने का आरोप लगाते हुए कहा कि आप संसद को चलने नहीं दे रहे हैं, इसके बजाय सड़कों पर भीड़ जमा कर रहे हैं और अराजकता फैला रहे हैं, एक अराजकतावादी की तरह काम कर रहे हैं।
गृह मंत्री ने राहुल गांधी को चेतावनी देते हुए आगे कहा, राहुल गांधी, याद रखें, हम सड़कों से आए लोग हैं। बीजेपी संसद, राज्य विधानसभाओं, गांवों, खेतों और सड़कों पर विपक्ष का सामना करेगी। उन्होंने कहा, और अगर आप भीड़ जमा करने पर अड़े रहे, तो भाजपा के कार्यकर्ता वहां पर भी आपको मुंहतोड़ जवाब देंगे।
अमित शाह ने यह भी कहा कि यह रैली कैंपेन के पहले फेज का समापन है, जो 22 अक्टूबर से 5 नवंबर के बीच देश भर में बीजेपी मुख्यालयों पर किया गया था। उन्होंने दावा किया कि पार्टी ने कैंपेन के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लिए जनता का बहुत ज्यादा उत्साह और समर्थन देखा है।
अगर आप एक जिम्मेदारी से चर्चा करना चाहते हो, अगर आपके मुद्दों में सच्चाई है, आपके मुद्दों में दम है, तो संसद में चर्चा करिए। लेकिन जब आप जवाब नहीं सुन पाओगे, तो हमेशा की तरह भाग जाओगे।
अमित शाह के साथ हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने भी राहुल गांधी पर हमला बोला। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र की सबसे बड़ी शक्ति एक साधारण नागरिक का वोट होता है। जब वह व्यक्ति मतदान केंद्र पर खड़ा होता है, तो उसके पास उतना ही अधिकार होता है जितना कि देश के सबसे बड़े व्यक्ति के पास होता है।
सैनी ने आगे कहा उस एक वोट में किसान का परिश्रम होता है, एक मजदूर की उम्मीद होती है, नौजवानों का भविष्य होता है, हमारी माताओं-बहनों की आशाएं होती हैं। इसलिए चुनाव आयोग मतदाता सूची का पुनरीक्षण कर रहा है। यह प्रक्रिया समय-समय पर होती रही है। कांग्रेस ने जो झूठ खड़ा किया है और इस झूठ के आधार पर देश में भ्रामक प्रचार फैलाने की कोशिश की है।