Highlights :
भोपाल में भाजपा ने ‘लोकतंत्र बचाओ अराजकता हटाओ’ पदयात्रा ।
केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा ने कांग्रेस पर लोकतंत्र को लेकर दोहरे रवैये का आरोप लगाया।
नड्डा ने आपातकाल के दौरान जेल जाने का अपना अनुभव साझा किया।
सीएम मोहन यादव ने राहुल गांधी और कांग्रेस पर सुप्रीम कोर्ट के अपमान का आरोप लगाया।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल ने चुनावी गड़बड़ी के आरोपों पर कांग्रेस से सबूत मांगे।
JP Nadda Speech at BJP Padyatra in Bhopal : भोपाल में बुधवार को भारतीय जनता पार्टी ने ‘लोकतंत्र बचाओ अराजकता हटाओ’ पदयात्रा निकाली। अटल पथ पर आयोजित सभा में केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा, मुख्यमंत्री मोहन यादव और भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल ने कांग्रेस और इंडी गठबंधन पर जमकर निशाना साधा। नेताओं ने कांग्रेस के लोकतंत्र और चुनाव प्रक्रिया को लेकर उठाए जा रहे सवालों पर पलटवार करते हुए आपातकाल का मुद्दा भी उठाया।
केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा ने कहा कि कांग्रेस आज लोकतंत्र की रक्षक बनने का नाटक कर रही है जबकि उसके शासनकाल में 90 बार चुनी हुई सरकारों को बर्खास्त किया गया। उन्होंने आपातकाल का जिक्र करते हुए कहा कि वे खुद इसके भुक्तभोगी रहे हैं। नड्डा के मुताबिक आपातकाल के दौरान उन्हें 2 बार क्लासरूम से पकड़कर पुलिस ले गई थी। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस सरकार ने बड़ी संख्या में लोगों को मीसा और टीआईआर के तहत बिना दलील जेल में रखा।
नड्डा ने चुनाव आयोग और ईवीएम को लेकर कांग्रेस के आरोपों पर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि चुनाव आयोग ने राजनीतिक दलों को ईवीएम हैक करके दिखाने की चुनौती दी थी लेकिन कांग्रेस उस समय सामने नहीं आई। नड्डा ने तंज कसते हुए कहा कि कांग्रेस को ईवीएम की चिंता छोड़कर आत्मचिंतन करना चाहिए। उनके मुताबिक चुनाव जीतने के लिए लोगों के दिलों में जगह बनानी होती है। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का जिक्र करते हुए कहा कि वे देश की 140 करोड़ जनता के दिलों में बसे हैं।
सीएम ने राहुल गांधी और कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि सुप्रीम कोर्ट का अपमान करने और चुनाव आयोग को अपनी जेब की पुड़िया समझने वालों को जनता माफ नहीं करेगी। उन्होंने आरोप लगाया कि जब जब न्यायालय ने कांग्रेस के खिलाफ फैसला दिया, तब तब पार्टी ने न्यायाधीशों और न्यायालय का अपमान किया। मुख्यमंत्री ने आपातकाल को इसका उदाहरण बताया।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल ने राहुल गांधी पर चुनाव प्रक्रिया को लेकर बेबुनियाद आरोप लगाने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि महाराष्ट्र में चुनावी गड़बड़ी के आरोप लगाए गए लेकिन कांग्रेस अब तक कोई सबूत नहीं दे पाई है। खंडेलवाल ने कर्नाटक का जिक्र करते हुए कहा कि वहां भी आरोप लगाने के 477 दिन बाद तक जवाब नहीं दिया गया।
खंडेलवाल ने आरोप लगाया कि कांग्रेस विदेशी ताकतों के सहयोग से भारत को अस्थिर करने का काम कर रही है। उन्होंने कहा कि इसी अराजकता के विरोध में पदयात्रा निकाली गई, जिसमें भोपाल और आसपास के नागरिकों के साथ विभिन्न समाजों के लोग शामिल हुए। सभा के दौरान भाजपा नेताओं ने कांग्रेस और इंडी गठबंधन पर देश में अस्थिरता का माहौल बनाने का आरोप लगाया।