Highlights:
दिल्ली पुलिस ने सीजेपी संस्थापक अभिजीत दिपके को फ्लाइट से हिरासत में लिया।
सीजेपी प्रवक्ता आशुतोष रांका और सौरव दास को हिरासत में लिया गया।
CJP ने पार्टी के नेताओं के रिहाई की मांग की।
CJP Protest Saurav Das Ashutosh Ranka Detained: जंतर-मंतर पर सीजेपी के प्रोटेस्ट से पहले कॉकरोच जनता पार्टी के संस्थापक अभिजीत दिपके के साथ प्रवक्ता सौरव दास और आशुतोष रांका को हिरासत में लिया गया है।
अभिजीत दिपके की फ्लाइट 10.30 बजे के करीब IGI एयरपोर्ट पर उतरी है। दिल्ली पुलिस ने फ्लाइट के अंदर ही अभिजीत दिपके को प्रदर्शन न करने की हिदायत दी और समझाने की कोशिश की। जब दिपके नहीं माने तो उन्हें फ्लाइट से ही हिरासत में ले लिया गया।
जैसे ही अभिजीत दिपके की फ्लाइट एयरपोर्ट पर लैंड की तब दिल्ली पुलिस के जवान उस फ्लाइट में दाखिल हुए। दिल्ली पुलिस के जवानों ने उनसे कहा, "नहीं, यह गिरफ्तारी नहीं है। कृपया सहयोग करें।" अभिजीत दिपके ने दिल्ली पुलिस से कहा, "मैं यहां गिरफ्तार होने आया हूं। मुझे गिरफ्तार कीजिए।"
कॉकरोच जनता पार्टी ने इस कथित हिरासत की निंदा करते हुए एक बयान जारी किया और दावा किया कि यह उसके नेताओं को प्रस्तावित विरोध स्थल तक पहुंचने से रोकने के लिए पहले से सोची-समझी चाल का हिस्सा था। कॉकरोच जनता पार्टी के नेता मुंबई से यहां आए थे।
इस कार्रवाई को कहीं भी आने-जाने की आजादी का उल्लंघन बताते हुए, पार्टी ने तीनों नेताओं की तुरंत और बिना शर्त रिहाई की मांग की। इस बीच, मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार पर 'स्पेशल इंटेंसिव रिविजन' (SIR) की आड़ में वोटर लिस्ट में हेरफेर करने और 'फॉर्म 6' (वोटर रजिस्ट्रेशन डॉक्यूमेंट) में बदलाव को लेकर अपने दो साथी चुनाव आयुक्तों की आपत्तियों को नजरअंदाज करने के आरोप लग रहे हैं। CJP ने इस मुद्दे पर विरोध प्रदर्शन का आह्वान किया है।
दिल्ली पुलिस ने सीजेपी को विरोध प्रदर्शन की अनुमति नहीं दी है। दिल्ली पुलिस ने शनिवार, 10 अक्टूबर को जंतर मंतर पर प्रस्तावित विरोध प्रदर्शन के लिए कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) को अनुमति देने से इनकार करने के लिए "गंभीर" कानून और व्यवस्था की चिंताओं और निवासियों और नागरिकों को असुविधा की संभावना का हवाला दिया है।
जंतर-मंतर की ओर जा रही जनता को दिल्ली पुलिस हिरासत में ले रही है। अब तक 600 से ज्यादा प्रदर्शनकारियों को हिरासत में लिया जा चुका है। CJP विरोध प्रदर्शन के दौरान सिर्फ कनॉट प्लेस के पास से ही लगभग 200 प्रदर्शनकारियों को हिरासत में लिया गया है।
आपको जानकारी दें, कि जंतर-मंतर जा रहे लोगों को हिरासत में लेकर छत्रसाल स्टेडियम लाया जा रहा है। हालांकि, अभिजीत दिपके, सौरव दास, आशुतोष रांका और ध्रुव राठी को हिरासत में लेकर कहा लेकर जाया गया है, इसकी जानकारी सामने नहीं आई है।