अरविंद केजरीवाल, मुंबई हमला, अमित शाह सौजन्य-IANS
देश

26/11 Attack: देश के सर्वोच्च बलिदान को सलाम, देश के दिग्गजों ने शहीदों को दी श्रद्धांजलि, कहा- जीरो टॉलरेंस

26/11 Mumbai Terror Attack 18th Anniversary: मुंबई में 26/11 आतंकी हमले की 18वीं बरसी पर अमित शाह, राहुल गांधी, केजरीवाल समेत नेताओं ने शहीद जवानों और हमले में जान गंवाने वाले लोगों को श्रद्धांजलि दी।

प्रिया जैस

Highlights:

  • 26 नवंबर 2008 को मुंबई में हुए आतंकी हमले की आज 18वीं बरसी है।

  • अमित शाह, राहुल गांधी, अरविंद केजरीवाल, सम्राट चौधरी और नितिन नबीन समेत नेताओं ने शहीदों और पीड़ितों को श्रद्धांजलि दी।

  • मुंबई में बरसी के अवसर पर सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं।

Amit Shah on 26/11 Attack: देश की आर्थिक राजधानी मुंबई में आज ही के दिन, यानी 26/11 को हुए आतंकी हमलों ने पूरे देश को झकझोर कर रख दिया था। 26/11 के इन आतंकी हमलों को अब 18 साल बीत चुके हैं, लेकिन उस रात की यादें आज भी मन में डर पैदा कर देती हैं। मुंबई आतंकी हमलों की बरसी पर, देश भर के कई नेताओं ने पीड़ितों और शहीदों को श्रद्धांजलि दी है।

अमित शाह ने दी श्रद्धांजलि

अमित शाह ने एक्स पर पोस्ट कर लिखा, "2008 में आज ही के दिन मुंबई पर हुए कायरतापूर्ण आतंकी हमलों ने पूरे देश को झकझोर कर रख दिया था। मैं उन बहादुर सैनिकों को नमन करता हूं जिन्होंने आतंकवादियों को करारा जवाब देते हुए अपने प्राण न्योछावर कर दिए, और उन सभी निर्दोष लोगों को श्रद्धांजलि अर्पित करता हूं जिन्होंने इन हमलों में अपनी जान गंवा दी।"

आतंकवाद के प्रति मोदी सरकार की 'जीरो टॉलरेंस'

अमित शाह ने आतंकवाद के खिलाफ जीरो टॉलरेंस पर कहा, "आतंकवाद मानवता के खिलाफ सबसे जघन्य अपराध है। आतंकवाद के प्रति मोदी सरकार की 'जीरो टॉलरेंस' नीति की पूरी दुनिया में तारीफ हो रही है। आज, भारत आतंकवाद के खिलाफ वैश्विक लड़ाई में अग्रणी भूमिका निभा रहा है और हर तरह के आतंकवाद और हर साजिश के खिलाफ निर्णायक कार्रवाई कर रहा है।"

केजरीवाल ने शहीदों और जान गंवाने वालों को दी श्रद्धांजलि

26/11 मुंबई हमले की 18वीं बरसी पर आम आदमी पार्टी के संयोजक अरविंद केजरीवाल ने एक्स पर लिखा, "हमारा देश 26/11 के मुंबई आतंकी हमलों को कभी नहीं भूल सकता। मैं उन सभी बहादुर सैनिकों के सामने नतमस्तक हूं, जिन्होंने अपनी जान की परवाह किए बिना देश की रक्षा की। उन अमर शहीदों को भावभीनी श्रद्धांजलि, जिन्होंने सर्वोच्च बलिदान दिया, और उन निर्दोष नागरिकों को भी, जिन्होंने इस कायरतापूर्ण हमले में अपनी जान गंवाई।"

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने 26/11 की बरसी पर क्या कहा?

भारत की राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने आतंकी हमले की बरसी पर श्रद्धांजलि दी। उन्होंने एक्स पर लिखा, "26/11 के मुंबई आतंकी हमलों की इस दुखद बरसी पर, मैं अपनी जान गंवाने वाले निर्दोष लोगों को नमन करती हूं और हमारे बहादुर सैनिकों, पुलिसकर्मियों तथा उन सभी लोगों के साहस को सलाम करती हूं, जो आतंकवाद के खिलाफ निडर होकर खड़े हुए। उनका बलिदान और निस्वार्थ सेवा हमारे देश की आत्मा में हमेशा के लिए अंकित रहेगी। आतंकवाद भले ही जिंदगियों को तबाह कर दे, लेकिन यह साहस, करुणा और दृढ़ता से एकजुट राष्ट्र के हौसले को कभी नहीं तोड़ सकता। आज, हम पीड़ितों और उनके परिवारों के साथ खड़े हैं, और आतंकवाद को हर रूप में खत्म करने तथा एक अधिक शांतिपूर्ण और मानवीय दुनिया की दिशा में काम करने के अपने सामूहिक संकल्प को दोहराते हैं।"

राहुल गांधी ने दी विनम्र श्रद्धांजलि

राहुल गांधी ने शहीदों और जान गंवाने वालों को श्रद्धांजलि देते हुए एक्स पर लिखा, "26/11 को मुंबई में हुए दुस्साहसी आतंकी हमले में शहीद हुए बहादुर सैनिकों और अपनी जान गंवाने वाले निर्दोष नागरिकों को मेरी विनम्र श्रद्धांजलि। देश उनके अदम्य साहस और सर्वोच्च बलिदान को कभी नहीं भूलेगा।"

नितिन नबीन ने सुरक्षा बलों के अदम्य साहस को सराहा

भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन ने सर्वोच्च बलिदान को नमन किया। उन्होंने एक्स पर लिखा, "26/11 के मुंबई आतंकी हमलों में अपनी जान गंवाने वाले सभी निर्दोष नागरिकों को विनम्र श्रद्धांजलि, और मातृभूमि की रक्षा के लिए सर्वोच्च बलिदान देने वाले बहादुर सुरक्षाकर्मियों को सादर नमन। 2008 में आज ही के दिन, हमारे पुलिस अधिकारियों, NSG कमांडो और सुरक्षा बलों ने अदम्य साहस के साथ आतंकवादियों का सामना किया और कई लोगों की जान बचाई। आज का भारत आतंकवाद के प्रति अपनी 'जीरो टॉलरेंस' नीति पर दृढ़ है। शहीदों का बलिदान हमें देश की सुरक्षा के लिए हमेशा सतर्क रहने की प्रेरणा देता रहेगा।"

सम्राट चौधरी ने दी श्रद्धांजलि

बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने आतंकी हमले को लेकर एक्स पर लिखा, "26/11 के मुंबई आतंकी हमले में देश की रक्षा करते हुए अपने प्राण न्योछावर करने वाले बहादुर सैनिकों और पुलिसकर्मियों को, तथा अपनी जान गंवाने वाले निर्दोष नागरिकों को भावभीनी श्रद्धांजलि। देश उनके अदम्य साहस, वीरता और सर्वोच्च बलिदान को हमेशा याद रखेगा। उनकी बहादुरी और देशभक्ति हम सभी के लिए प्रेरणा का स्रोत है।"

मुंबई में आज हाई अलर्ट

साल 2008 में आज ही के दिन, लश्कर-ए-तैयबा के 10 आतंकवादियों ने शहर के अलग-अलग हिस्सों में एक साथ बम धमाके किए और अंधाधुंध गोलीबारी की। इस कायरतापूर्ण हमले में 166 लोगों की जान चली गई और 300 से ज्यादा लोग घायल हो गए। 18 साल बाद भी, मुंबई पुलिस पूरी तरह अलर्ट पर है। किसी भी अप्रिय घटना को रोकने के लिए पूरे शहर में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं।

26/11 Mumbai Terror Attack: ताज होटल से CST तक, 26/11 मुंबई हमले की 9 बड़ी बातें

दिल्ली की गीता कॉलोनी में फिर लगी आग, फ्लाईओवर के नीचे कचरे के ढेर में भड़की लपटें; मौके पर दमकल की गाड़ियां

Anant Singh Daughter Wedding Live: दुल्हनिया को लेने निकले ऋषिकेश, अनंत सिंह की डिफेंडर बनी बारात की शान

संविधान दिवस पर PM मोदी का विपक्ष पर हमला, बोले- OBC आरक्षण घटाकर मुसलमानों को कोटा देना चाहता है विपक्ष

संविधान दिवस पर आज कांग्रेस-BJP आमने-सामने, खरगे लखनऊ तो अमित शाह दिल्ली में करेंगे कार्यक्रम