26/11 Mumbai Terror Attack: जब CSMT पर बिछ गई थीं लाशें, 18 साल बाद भी नहीं भूली वह खौफनाक रात

26/11 Mumbai Terror Attack: 26/11 मुंबई आतंकी हमले के 18 साल बाद भी CSMT स्टेशन की वो रात याद है, जब 58 लोगों की जान गई और अनाउंसर विष्णु झेंडे की घोषणाओं से सैकड़ों यात्रियों की जान बची।
When the country’s busiest railway station was rocked by the 26/11 attack
मुंबई आतंकी हमलाफोटो सोर्स- AI
Published on: 
Updated on: 

Highlights

  • 26 नवंबर 2008 को सीएसएमटी पर आतंकियों ने अंधाधुंध फायरिंग कर 58 लोगों की जान ली।

  • अजमल कसाब और अबू इस्माइल ने स्टेशन के मुख्य हॉल में यात्रियों को निशाना बनाया।

  • हमले में 150 से अधिक लोग घायल हुए, प्लेटफॉर्म पर मच गई थी भगदड़।

  • रेलवे अनाउंसर विष्णु झेंडे ने लगातार घोषणाएं कर यात्रियों को सतर्क किया, बचाई कई जानें।

  • 26/11 हमले में मुंबई में कुल 166 लोगों की मौत हुई, 300 से अधिक घायल हुए।

  • 18 साल बाद भी सीएसएमटी और मुंबईकरों की यादों में वह काली रात जिंदा है।

Mumbai CSMT Railway Station Terror Attack: वह तारीख थी 26 नवंबर 2008। रात का लगभग 9.30 बजे का वक्त। रोज की तरह यात्रियों की भीड़ से भरा छत्रपति शिवाजी महाराज टर्मिनस (सीएसएमटी)। कोई अपने घर लौटने की जल्दी में था, तो कोई अपनों के आने का इंतजार कर रहा था।

स्टेशन पर जिंदगी अपनी रफ्तार से चल रही थी, लेकिन किसी को अंदाजा नहीं था कि चंद पलों में यह जगह चीख-पुकार, खून और मौत के मंजर में बदलने वाली है। रात करीब साढ़े नौ बजे अचानक गोलियों की तड़तड़ाहट गूंज उठी। देखते ही देखते चारों तरफ भगदड़ मच गई। लोग जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे। प्लेटफॉर्म पर सामान बिखर गया और कई लोग वहीं लहूलुहान होकर गिर पड़े।

अजमल कसाब का खूनी तांडव

आतंकियों ने सबसे ज्यादा तांडव देश के ऐतिहासिक एवं व्यस्ततम रेलवे स्टेशन में से एक मुंबई के छत्रपति शिवाजी टर्मिनस पर मचाया। जब हमला हुआ, तब बड़ी संख्या में यात्री मौजूद थे और हमलावरों ने अंधाधुंध गोलियां चलाईं, जिसके बाद सबसे ज्यादा 58 लोग मारे गए थे।

उस मनहूस दिन सीएसएमटी पर हुए आतंकी हमले ने देश को झकझोर कर रख दिया था। यह कोई सामान्य गोलीबारी नहीं, बल्कि देश की आर्थिक राजधानी मुंबई पर हुए अब तक के सबसे भयावह आतंकी हमलों में से एक था। पाकिस्तान से समुद्री रास्ते के जरिए मुंबई पहुंचे आतंकियों ने शहर के ताजमहल होटल सहित कई प्रमुख ठिकानों को निशाना बनाया था। इनमें देश का हेरिटेज स्टेशन सीएसएमटी भी शामिल था, जहां अजमल कसाब और उसके साथी ने अंधाधुंध गोलियां बरसाकर निर्दोष यात्रियों को निशाना बनाया।

सीएसएमटी पर 58 लोगों की गई थी जान

आतंकियों की गोलियों ने स्टेशन पर ऐसा कहर बरपाया कि देखते ही देखते 58 लोगों की जान चली गई। 150 से अधिक लोग घायल हुए। किसी का बेटा हमेशा के लिए बिछड़ गया, तो किसी ने अपने पिता, पति या भाई को खो दिया। प्लेटफॉर्म पर पड़े जूते-चप्पल, खून से सने बैग और टूटे कांच उस रात की भयावहता की गवाही दे रहे थे। जो लोग कुछ देर पहले तक ट्रेन पकड़ने की जल्दी में थे, उनमें से कई कभी अपने घर नहीं लौट सके।

आतंकी अजमल कसाब और अबू इस्माइल ने स्टेशन के मुख्य हॉल में यात्रियों पर अंधाधुंध फायरिंग की थी। हमले की तस्वीरें और घटनास्थल के दृश्य इतने भयावह थे कि उन्हें देखकर आज भी उस रात का दर्द महसूस होता है। मुंबई में हुए तीन दिनों के इस आतंकी हमले में कुल 166 निर्दोष लोगों की जान गई और 300 से अधिक लोग घायल हुए। इनमें सबसे ज्यादा मौतें सीएसएमटी स्टेशन पर हुए हमलों में हुईं। बेगुनाह यात्री आतंकियों की गोली का शिकार बन गए।

अनाउंसमेंट ने बचाई सैकड़ों यात्रियों की जान

मौत के उस तांडव के बीच कुछ ऐसे लोग भी थे, जिन्होंने अपनी जान की परवाह किए बिना दूसरों को बचाने की कोशिश की। इनमें सीएसएमटी के रेलवे अनाउंसर विष्णु दत्ताराम झेंडे का नाम खास तौर पर याद किया जाता है। हमले के वक्त विष्णु अपनी ड्यूटी पर तैनात थे। धमाके और गोलियों की आवाज सुनते ही उन्हें खतरे का अंदाजा हो गया। उन्होंने बिना देर किए रेलवे के पब्लिक अनाउंसमेंट सिस्टम से यात्रियों को सतर्क करना शुरू कर दिया।

हिंदी और मराठी में लगातार घोषणाएं कर उन्होंने लोगों को सुरक्षित रास्ते से बाहर निकलने की हिदायत दी। उनकी सूझबूझ से बड़ी संख्या में यात्रियों की जान बच सकी। हालात तब और खतरनाक हो गए, जब आतंकियों की नजर अनाउंसमेंट केबिन पर पड़ी। कसाब और उसके साथी ने केबिन की तरफ भी गोलियां चलाईं। विष्णु और उनके सहयोगियों ने डेस्क के नीचे छिपकर अपनी जान बचाई, लेकिन उन्होंने अनाउंसमेंट बंद नहीं किया। सुप्रीम कोर्ट के फैसले में भी विष्णु झेंडे की सतर्कता और उनके लगातार किए गए ऐलानों से कई लोगों की जान बचने का उल्लेख है।

When the country’s busiest railway station was rocked by the 26/11 attack
शिवसेना विधायक अपात्रता मामला: कपिल सिब्बल ने सुप्रीम कोर्ट में शिंदे गुट को घेरा, व्हिप नियुक्ति पर उठाए सवाल

खुद मौत के साये में रहे, फिर भी नहीं छोड़ी ड्यूटी

विष्णु झेंडे सहित कई रेल कर्मचारी और अधिकारियों के लिए वह रात जिंदगी की सबसे कठिन परीक्षा थी। स्टेशन पर घायल और मृत लोगों को देखकर भी उन्होंने हिम्मत नहीं हारी। हमले के बाद उन्होंने दूसरे कर्मचारियों की मदद से घायलों को अस्पताल पहुंचाने में सहयोग किया। पूरी रात वह स्टेशन पर ही डटे रहे। उस आतंकी हमले में यात्रियों के साथ साथ 2 सुरक्षाकर्मियों की भी जान चली गई थी। अमेरिकी राष्ट्रपति बराक ओबामा ने भी मुंबई दौरे के दौरान विष्णु झेंडे से मुलाकात कर उनके साहस की सराहना की।

When the country’s busiest railway station was rocked by the 26/11 attack
नागपुर-भंडारा-गोंदिया एक्सप्रेसवे का रोडमैप तैयार, 5 चरणों में बनेगा कॉरिडोर, समृद्धि महामार्ग से जुड़ेगा

18 साल बाद भी नहीं भूली मुंबई वह काली रात

इस हमले ने सिर्फ मुंबई ही नहीं, पूरे देश की सुरक्षा व्यवस्था को झकझोर कर रख दिया था। आतंकियों से मुकाबला करते हुए कई पुलिसकर्मियों और सुरक्षाकर्मियों ने भी सर्वोच्च बलिदान दिया। अजमल कसाब को जिंदा पकड़ा गया और कानूनी प्रक्रिया के बाद 21 नवंबर 2012 को पुणे की यरवदा जेल में फांसी दे दी गई।

आज 26/11 की उस घटना को 18 साल हो चुके हैं, लेकिन सीएसएमटी की दीवारें, प्लेटफॉर्म और वहां से गुजरने वाले यात्रियों की यादों में वह रात आज भी जिंदा है। हर साल 26 नवंबर को जब शहीदों और पीड़ितों को याद किया जाता है, तब उन परिवारों का दर्द भी सामने आता है, जिन्होंने उस हमले में अपने अपनों को खो दिया था।