पश्चिम रेलवे ने मालिया मियाणा–वाधरवा सेक्शन में एक ही ब्लॉक के दौरान तीन रेलवे पुल बनाए।
निर्माण में 500-500 टन क्षमता वाली तीन विशाल क्रेनों का इस्तेमाल किया गया।
करीब 3.7 किलोमीटर लंबी सुरक्षा दीवारों का निर्माण किया गया है।
Western Railway Flood Protection Gujarat: अहमदाबाद पश्चिम रेलवे के अहमदाबाद मंडल ने गुजरात के मोरबी जिले के बाढ़ प्रभावित मालिया मियाणा क्षेत्र में रेलवे इंफ्रास्ट्रक्चर को सुरक्षित बनाने की दिशा में बड़ी इंजीनियरिंग उपलब्धि हासिल की है।
डीआरएम वेद प्रकाश के नेतृत्व में वीरमगाम–सामाखियाली रेलखंड के मालिया मियाणा–वाधरवा सेक्शन में एक ही रेलवे ब्लॉक के दौरान 500-500 टन क्षमता वाली तीन विशाल क्रेनों की मदद से तीन रेलवे पुलों का निर्माण किया गया है।
इस विशेष कार्य के तीन नई जल निकासी संरचनाएं विकसित की गईं। इसके अलावा लेवल क्रॉसिंग संख्या 95 और 97 के पास भी एक-एक अतिरिक्त जल निकासी संरचना बनाई गई।
इन पांच नई ओपनिंग से बाढ़ के पानी की निकासी सुगम होगी और रेलवे ट्रैक के नीचे मिट्टी के कटाव का खतरा कम होगा। मालिया मियाणा क्षेत्र वर्ष 1979, 2017 और अगस्त 2024 में भीषण बाढ़ की मार झेल चुका है।
अत्यधिक वर्षा और मच्छू-2 एवं मच्छू-3 बांधों से पानी छोड़े जाने के कारण यहां रेलवे ट्रैक जलमग्न होने तथा तटबंधों के नीचे की मिट्टी बहने जैसी गंभीर समस्याएं सामने आई थीं। वर्ष 2024 की बाढ़ में कुछ स्थानों पर पटरियां और स्लीपर के नीचे मिट्टी निकल गई थी,जिससे रेल परिचालन प्रभावित हुआ था।
इन चुनौतियों से निपटने के लिए अहमदाबाद मंडल ने लगभग सात किलोमीटर लंबे संवेदनशील रेलखंड पर व्यापक सुरक्षा कार्य किए हैं। इसके अंतर्गत करीब 3.7 किलोमीटर लंबी सुरक्षा दीवारों का निर्माण किया गया है, ताकि तेज जलप्रवाह से रेलवे तटबंधों और ट्रैक के नीचे की मिट्टी को नुकसान न पहुंचे।
मंडल ने मालिया मियाणा क्षेत्र के विभिन्न रेलखंडों में कुल 12 अतिरिक्त जल निकासी ओपनिंग विकसित की हैं। इनमें वाधरवा–मालिया मियाणा सेक्शन में पांच, मालिया मियाणा–दहीसरा में पांच और मालिया मियाणा–सुरबारी सेक्शन में एक ओपनिंग शामिल है।
इसके अतिरिक्त मालिया मियाणा यार्ड के अहमदाबाद छोर पर बड़ा सुधार किया गया है। यहां पहले 600 मिलीमीटर व्यास के तीन पाइपों के स्थान पर अप लाइन, गुड्स लाइन और ट्रैक मशीन साइडिंग के नीचे बॉक्स ब्रिज बनाया गया है, जिससे पानी की निकासी क्षमता बढ़ेगी।
बाढ़ से सुरक्षा के साथ मंडल ने मानसून आपात स्थितियों के लिए क्वारी डस्ट, बड़े पत्थर (बोल्डर) और रेलवे बैलास्ट का विशेष भंडारण भी किया है, ताकि जरूरत पड़ने पर मरम्मत और रेल सेवाओं की बहाली शीघ्र की जा सके।
मालिया मियाणा जंक्शन कांडला और मुंद्रा जैसे प्रमुख बंदरगाहों को अहमदाबाद तथा देश के अन्य औद्योगिक केंद्रों से जोड़ने वाले महत्वपूर्ण रेल नेटवर्क का हिस्सा है। यहां बाढ़ के कारण परिचालन बाधित होने से यात्री सेवाओं के साथ माल ढुलाई और आपूर्ति श्रृंखला भी प्रभावित होती है।
DRM वेद प्रकाश ने इंजीनियरिंग टीम के समन्वय और तकनीकी दक्षता की सराहना करते हुए कहा कि यात्रियों की सुरक्षा और रेल परिचालन की निरंतरता सर्वोच्च प्राथमिकता है।
तीन पुलों का एक ही ब्लॉक में निर्माण, सुरक्षा दीवारों और अतिरिक्त जल निकासी संरचनाओं का विकास भविष्य की बाढ़ चुनौतियों से निपटने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने कहा कि मंडल आधुनिक इंजीनियरिंग तकनीकों और बेहतर आपदा प्रबंधन के माध्यम से रेलवे इंफ्रास्ट्रक्चर को और सुरक्षित एवं विश्वसनीय बनाने के लिए प्रतिबद्ध है।