परिवार संग वोट डालने पहुंचे अमित शाह, फोटो- सोशल मीडिया 
गुजरात

Gujarat Local Body Election: गुजरात निकाय चुनाव में अमित शाह का 'शक्ति प्रदर्शन'; सपरिवार किया मतदान

Gujarat Local Body Election 2026: गुजरात में स्थानीय स्वराज्य निकाय चुनावों के लिए मतदान जारी है, जहां केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने गांधीनगर में अपने परिवार के साथ वोट डाला।

प्रतीक पाण्डेय

Gujrat Local Body Election Latest Updates: रविवार यानी 26 अप्रैल 2026 को सुबह 7 बजे से ही राज्य के स्थानीय निकायों के लिए मतदान की प्रक्रिया शुरू हो गई है। यह चुनाव केवल स्थानीय सेवाओं के लिए नहीं, बल्कि राज्य के विकास पथ को और मजबूत करने के जनादेश के रूप में देखा जा रहा है। राज्य भर के 48,450 मतदान केंद्रों पर शाम 6 बजे तक मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग कर सकेंगे।

केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह ने गांधीनगर के एक मतदान केंद्र पर पहुंचकर सपरिवार मतदान किया। इस दौरान उनके साथ उनकी पत्नी और बेटे जय शाह भी मौजूद रहे। मतदान के बाद शाह ने नागरिकों से अपील की कि वे लोकतंत्र को मजबूत करने के लिए भारी संख्या में बाहर आएं और अपना वोट डालें। उन्होंने पूर्ण विश्वास जताया कि गुजरात की जनता एक बार फिर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली विकास और सुशासन की राजनीति के पक्ष में अपना फैसला सुनाएगी।

मुख्यमंत्री और उपमुख्यमंत्री ने भी डाला वोट

राज्य के शीर्ष नेतृत्व ने भी सुबह-सुबह ही अपने मताधिकार का प्रयोग किया। मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल ने अहमदाबाद के शेला में मतदान किया। उन्होंने इसे 'लोकतंत्र का त्योहार' बताते हुए कहा कि यह प्रत्येक नागरिक के लिए अपने कर्तव्य निभाने का एक महत्वपूर्ण अवसर है। वहीं, उपमुख्यमंत्री हर्ष संघवी ने सूरत में अपना वोट डाला। संघवी ने विशेष रूप से पहली बार मतदान करने वाले युवाओं से सक्रिय भागीदारी की अपील की और कहा कि गुजरात के नागरिक प्रधानमंत्री के विकासोन्मुखी यात्रा को और मजबूत करने के लिए एकजुट हैं।

क्या है राजनीतिक समीकरण

इस बार का चुनाव त्रिकोणीय और चुनौतीपूर्ण माना जा रहा है, जिसमें भाजपा, कांग्रेस और आम आदमी पार्टी के बीच सीधा मुकाबला है। चुनाव में 15 महानगरपालिकाओं (जिनमें अहमदाबाद, सूरत, वडोदरा और राजकोट शामिल हैं), 84 नगरपालिकाओं, 34 जिला पंचायतों और 260 तालुका पंचायतों की लगभग 9,000 से अधिक सीटों पर मतदान हो रहा है। वर्तमान में प्रमुख नगर निगमों पर भाजपा का नियंत्रण है, और यह चुनाव व्यापक राजनीतिक परिदृश्य को प्रभावित करने की क्षमता रखते हैं।

28 अप्रैल को परिणाम

अहमदाबाद में 190 नगर निगम सीटों के लिए 38 लाख से अधिक मतदाता मतदान कर रहे हैं। जामनगर और बारडोली जैसे क्षेत्रों में भी जनप्रतिनिधियों ने शत-प्रतिशत मतदान की अपील की है। विशेष रूप से, खेड़ा जिले के वड़ताल स्वामीनारायण मंदिर के 600 से अधिक संतों ने भी लोकतंत्र के इस उत्सव में भाग लेते हुए अपने मत डाले। इस पूरी चुनावी प्रक्रिया का परिणाम 28 अप्रैल 2026 को मतों की गिनती के बाद आएगा।

दिल्ली पुलिस के दावे पर दिपके का पलटवार; बोले- कोई बॉन्ड नहीं भरा, कहा CEC के इस्तीफे तक जारी रहेगी जंग

Delhi CJP Protest LIVE: कानून का पालन नहीं करती CJP, इसी वजह से प्रदर्शन की अनुमति नहीं मिली- दिल्ली पुलिस

दादी के निधन पर फोन देने से इनकार! अभिजीत दिपके ने नागपुर एयरपोर्ट पहुंच खोला दिल्ली पुलिस का कच्चा चिट्ठा

हिटलर ने भी अंतिम समय में यही किया था... दिल्ली के हालात पर संजय राउत का बड़ा हमला, PM मोदी को बताया मोगैंबो

दिल्ली से चेन्नई जा रहे विमान में आग से हड़कंप, IndiGo फ्लाइट की हैदराबाद में इमरजेंसी लैंडिंग