Ellyse Perry Babar Azam Viral Proposal Photo: पाकिस्तान क्रिकेट टीम के स्टार बल्लेबाज बाबर आजम एक बार फिर सोशल मीडिया पर चर्चा में हैं, लेकिन इस बार वजह उनका खेल नहीं बल्कि एक वायरल दावा है। सोशल मीडिया पर कुछ तस्वीरें और पोस्ट तेजी से शेयर किए जा रहे थे, जिनमें कहा जा रहा था कि ऑस्ट्रेलियाई महिला क्रिकेटर एलिस पेरी ने बीच मैदान पर बाबर आजम को शादी के लिए प्रपोज किया और बाबर ने इसे स्वीकार भी कर लिया।
इन दावों के साथ क्रिकेट फैंस के बीच काफी हलचल मच गई और कई यूजर्स इसे सच मान बैठे। कई यूजर्स ने बिना तथ्य जांचे इस अफवाह को आगे बढ़ाया। एक यूजर ने दावा किया कि एलिस पेरी ने लाइव टीवी पर बाबर आजम को प्रपोज किया, जबकि दूसरे ने बिग बैश लीग (BBL) के दौरान प्रस्ताव दिए जाने की बात कही।
एक अन्य यूजर ने लिखा- 'एलिस पेरी ने बीबीबीएल के दौरान बाबर आजम को शादी का प्रस्ताव दिया, बाबर ने प्रस्ताव को स्वीकार कर लिया है।
पड़ताल की शुरुआत में हमने वायरल फोटो से जुड़े कई अन्य पोस्ट और लोगों के कमेंट चेक किए। इस दौरान हमें एक यूजर का ऐसा कमेंट मिला, जिसमें उसने X पर मौजूद AI टूल ग्रुक से इस दावे का सच पूछा।
ग्रुक ने बताया- नहीं, यह सच नहीं है। क्रिकेट में एलिस पेरी द्वारा बाबर आजम को "प्रपोज" करने की वायरल तस्वीर एडिट की गई है या सोशल मीडिया पर फैली अफवाहों के आधार पर मजाक का हिस्सा है। क्रिकेट जगत के किसी भी विश्वसनीय सूत्र ने ऐसी किसी घटना की पुष्टि नहीं की है- यह सिर्फ मजाक है जो वायरल हो गया है।
ये खबर भी पढ़ें : कुलदीप सिंह सेंगर की जेल से रिहाई पर स्वागत की वायरल तस्वीर निकली फर्जी, AI से बनाई गई इमेज
पड़ताल के अगले चरण में हमने AI इमेज डिटेक्टर टूल पर इसे सर्च किया। सर्च करने पर रिजल्ट में यह फोटो 99% AI जनरेटेड निकली।
साफ है कि सोशल मीडिया पर वायरल हो रही फोटो असली नहीं बल्कि AI जनरेटेड है। वहीं, इसके साथ किया जा रहा दावा भी पूरी तरह गलत है। एलिस पेरी ने बाबर आजम को प्रपोज नहीं किया है।