Urvashi Rautela Legal Action: बॉलीवुड एक्ट्रेस उर्वशी रौतेला अपने बयानों और विवादों को लेकर सुर्खियों में बनी रहती हैं। हाल ही में उनकी टीम ने अमेरिका की एक फेमस एआई कंपनी के खिलाफ बेहद कड़ा रुख अपनाया है। टीम का आरोप है कि लॉस एंजिल्स की इस कंपनी ने बिना उर्वशी की पूर्व अनुमति के उनके नाम, तस्वीरों और वीडियो का उपयोग किया है।
इस पूरे मामले ने मनोरंजन जगत के साथ-साथ कानूनी गलियारों में भी तहलका मचा दिया है। पर्सनैलिटी राइट्स और सेलिब्रिटी कंटेंट के अनधिकृत इस्तेमाल को लेकर यह भारत का अब तक का सबसे बड़ा और अनोखा दावा माना जा रहा है।
उर्वशी रौतेला की टीम ने सोशल मीडिया पर एक बयान जारी कर इस पूरी कानूनी लड़ाई की जानकारी सार्वजनिक की है। टीम ने बताया कि लॉस एंजिल्स की बॉलीवुड.एआई और हॉलीवुड.एआई कंपनी ने उर्वशी की पहचान और मीडिया कंटेंट का इस्तेमाल कर भारी मुनाफा कमाया है।
टीम के अनुसार कंपनी ने एक्टेस की तस्वीरों और वीडियोज के दम पर अपना बड़ा बिजनेस खड़ा कर लिया और अरबों डॉलर का वैल्यूएशन हासिल किया। इसी को ध्यान में रखते हुए टीम ने कंपनी के खिलाफ कानूनी प्रक्रिया शुरू की है, जिसमें हर्जाने की रकम का प्रारंभिक आकलन लगभग 7,000 करोड़ रुपये लगाया गया है।
एक्ट्रेस की टीम ने बयान में बहुत ही कड़े शब्दों का इस्तेमाल करते हुए कंपनी को खुली चेतावनी दी है। इंस्टाग्राम पर शेयर किए गए पोस्ट में लिखा गया है कि कोई भी अपनी एआई कंपनी या ब्रांड बनाने के लिए स्वतंत्र है, लेकिन जब तक लिखित अनुमति न हो, तब तक उर्वशी के नाम और पहचान का इस्तेमाल व्यावसायिक लाभ के लिए नहीं किया जाना चाहिए।
टीम ने यह भी साफ किया है कि सेलिब्रिटी की पहचान का व्यावसायिक दुरुपयोग पूरी तरह से गैर-कानूनी है। वे उर्वशी रौतेला के अधिकारों की रक्षा के लिए सभी जरूरी कानूनी कदम उठाने जा रहे हैं और कोर्ट में अपना पक्ष मजबूती से रखेंगे।
उर्वशी रौतेला की टीम के इस बड़े दावे पर एआई कंपनी के संस्थापक और सीईओ शीराज हसन का रिएक्शन भी सामने आया है। उन्होंने सोशल मीडिया पर पोस्ट शेयर कर एक्ट्रेस के आरोपों पर अपनी तरफ से सफाई दी है और इस दावे को पूरी तरह से अजीब बताया है।
कंपनी की ओर से कहा गया कि उन्होंने कभी भी किसी के बयानों को तोड़-मरोड़कर पेश नहीं किया है। शीराज हसन ने यह भी कहा कि मनोरंजन इंडस्ट्री को अब एआई तकनीक के साथ तालमेल बिठाना होगा।
हाल ही में सलमान खान ने भी एआई तकनीक के गलत इस्तेमाल का उदाहरण देते हुए कहा कि आजकल किसी की भी आवाज एआई के जरिए कॉपी कर ली जाती है। इसके बाद उस फर्जी आवाज का इस्तेमाल करके किसी को भी अपशब्द या गालियां दे दी जाती हैं, जिससे सामने वाले इंसान को काफी परेशानी का सामना करना पड़ता है।
अभिनेता ने आगे खुलासा किया कि वे खुद भी कई बार एआई द्वारा बनाए गए इन फर्जी वीडियोज का शिकार बन चुके हैं। सोशल मीडिया पर कई ऐसे एआई जनरेटेड वीडियो वायरल किए जा रहे हैं, जिनमें वे ऐसी जगहों पर दिखाई देते हैं जहां वे वास्तव में कभी गए ही नहीं होते।