

Urvashi Rautela AI Case: आर्टिफिशियल इंटेलीजेंस जहां एक ओर कई लोगों के लिए वरदान साबित हो रही है, तो वहीं कई लोगों के लिए ये अभिशाप भी साबित हो रहा है। एंटरटेनमेंट इंडस्ट्री में अक्सर एआई के गलत उपयोग की शिकायतें आती रहती है।
कई बार एंटरटेनमेंट इंडस्ट्री में एक्टर-एक्ट्रेस की गलत एआई इमेज का गलत इस्तेमाल किया जाता है। हाल ही में एक्ट्रेस उर्वशी रौतेला को लेकर भी एक ऐसा ही मामला सामने आया है, जिसमें बिना परमिशन के उनके फोटोज इस्तेमाल करने का दावा किया जा रहा है।
इसी कड़ी में एक्ट्रेस उर्वशी रौतेला की टीम ने लॉस एंजिल्स की एक एआई कंपनी पर उनकी पहचान और कंटेंट का कथित तौर पर बिना परमिशन इस्तेमाल करने का आरोप लगाया है। उर्वशी की टीम का कहना है कि कंपनी ने एक्ट्रेस उर्वशी रौतेला के नाम, तस्वीरों और वीडियो का यूज किया और अब इस मामले में कानूनी रास्ता अपनाया जा रहा है। मामले में हर्जाने की रकम का आकलन फिलहाल 7,000 करोड़ किया जा रहा है। हालांकि, कंपनी का नाम सार्वजनिक बयान में नहीं बताया गया है।
उर्वशी की टीम ने मीडिया से बातचीत करते समय बताया कि उनके बिजनेस ने कथित तौर पर उर्वशी के नाम, तस्वीरों और वीडियो का बिना अनुमति इस्तेमाल करके अरबों डॉलर की वैल्यू हासिल की है। हम उचित कानूनी तरीका अपना रहे हैं, जिसमें लॉस एंजिल्स स्थित कंपनी के खिलाफ 7,000 करोड़ रुपए के हर्जाने का आकलन भी शामिल है। अपनी एआई कंपनी बनाइए, अपना ब्रांड बनाइए, लेकिन जब तक आपके पास परमिशन न हो, अपने बिजनेस में उर्वशी के नाम का इस्तेमाल न करें।
उर्वशी का यह मामला ऐसे वक्त में सामने आया है, जब फिल्म और एंटरटेनमेंट इंडस्ट्री में एआई से बने फेक वीडियो, आवाज की नकल और डीपफेक कंटेंट को लेकर चिंता बढ़ रही है। हाल ही में सलमान खान ने भी बिग बॉस 20 के एक एपिसोड में एआई के गलत इस्तेमाल पर बात की थी। उन्होंने बताया कि एआई की मदद से लोगों की आवाज और वीडियो को इस तरह बदला जा सकता है कि ऐसा लगे जैसे उन्होंने वास्तव में कुछ कहा या किया है, जबकि वह असल में हुआ ही नहीं।
सलमान ने कहा था कि किसी ने आपकी एआई वॉयस लेकर डब करके किसी को गाली बक दी। आप जानते हैं वे क्या कर रहे हैं? एआई वीडियो बना रहे हैं। बहुत सारे लोगों के। और मैं भी एआई वीडियो में हूं। उन्होंने एआई की तेजी से बढ़ती क्षमता को लेकर चिंता जताते हुए कहा कि यह काफी गंभीर मामला है।
(एजेंसी इनपुट के साथ)