

Salman Khan Paparazzi Video: बॉलीवुड के दबंग खान यानी सलमान खान अक्सर अपने बेबाक अंदाज को लेकर चर्चा में रहते हैं। हाल ही में उन्होंने 'बिग बॉस' के वीकेंड का वार में पैपराजी कल्चर पर नाराजगी जाहिर की थी। अभिनेता ने खास तौर पर एक्ट्रेसेस की तस्वीरें और वीडियो लेने के तरीके पर सवाल उठाते हुए पैपराजी को फटकार लगाई थी। अब इसी के बाद सलमान का एक नया वीडियो सामने आया है, जिसमें उनका अंदाज काफी अलग नजर आया।
मंगलवार देर रात सलमान खान एक रिकॉर्डिंग स्टूडियो के बाहर नजर आए। इस दौरान वहां मौजूद पैपराजी ने अभिनेता की तस्वीरें क्लिक कीं। खास बात यह रही कि सलमान ने कैमरों से दूरी बनाने के बजाय उनके लिए रुककर पोज दिए। अभिनेता ने फोटोग्राफर्स को तस्वीरें लेने का पूरा मौका दिया और इसके बाद स्टूडियो के अंदर चले गए। इस दौरान सलमान ने अपने फैंस के साथ भी तस्वीरें खिंचवाईं। वीडियो में पीछे से पैपराजी को उनके लुक की तारीफ करते हुए सुना जा सकता है। फोटोग्राफर्स ने सलमान के रुककर पोज देने के लिए उनका शुक्रिया भी अदा किया।
दरअसल, 'बिग बॉस 20' के हालिया वीकेंड का वार एपिसोड में सलमान खान ने पैपराजी के काम करने के तरीके पर नाराजगी जताई थी। उन्होंने एक्ट्रेसेस की तस्वीरें खींचते समय कैमरे के एंगल और उनके शरीर के खास हिस्सों को फोकस करने के तरीके पर सवाल उठाया था। सलमान ने पैपराजी से सम्मानजनक तरीके से तस्वीरें लेने की अपील की थी। अब नए वीडियो में सलमान और पैपराजी के बीच दिखाई दे रही सहजता को सोशल मीडिया यूजर्स उसी घटनाक्रम से जोड़कर देख रहे हैं।
सलमान खान के वीडियो पर सोशल मीडिया पर कई तरह के रिएक्शन देखने को मिल रहे हैं। एक यूजर ने लिखा कि जबसे सलमान ने बिग बॉस में पैपराजी की क्लास लगाई है, तबसे वे उनके सामने काफी शालीन नजर आ रहे हैं। वहीं कुछ यूजर्स ने मजाकिया अंदाज में लिखा कि पैपराजी अब शरीफ हो गए हैं। एक अन्य यूजर ने कमेंट किया, हो गया भाई।
वर्कफ्रंट की बात करें तो सलमान खान के पास कई बड़े प्रोजेक्ट्स हैं। वह निर्देशक अपूर्व लाखिया की वॉर ड्रामा फिल्म 'मातृभूमि: मे वॉर रेस्ट इन पीस' में नजर आएंगे। इसके अलावा वह निर्देशक वामशी पेडिपल्ली और प्रोड्यूसर दिल राजू की अनटाइटल्ड एक्शन फिल्म में भी लीड रोल में दिखाई देंगे। इस फिल्म में नयनतारा उनके साथ नजर आएंगी और इसे ईद 2027 पर रिलीज करने की घोषणा की गई है।