The Odyssey Collection Day 9: हॉलीवुड के मशहूर निर्देशक क्रिस्टोफर नोलन की फिल्म 'द ओडिसी' भारतीय बॉक्स ऑफिस पर शानदार प्रदर्शन कर रही है। 17 जुलाई को सिनेमाघरों में रिलीज हुई इस बिग बजट फिल्म ने रिलीज के दूसरे वीकेंड में एक बड़ा मुकाम हासिल कर लिया है। नौवें दिन फिल्म ने भारत में 100 करोड़ रुपये का नेट कलेक्शन पार कर लिया है।
मैट डेमन, टॉम हॉलैंड, ऐन हैथवे, रॉबर्ट पैटिंसन, जेंडाया और चार्लीज थेरॉन जैसे इंटरनेशनल सितारों से सजी इस फिल्म ने पहले ही दिन शानदार ओपनिंग दर्ज की थी। फिल्म ने रिलीज के पहले दिन 17.40 करोड़ रुपये का कारोबार किया था, जबकि पहले सप्ताह के अंत तक इसका कुल नेट कलेक्शन 90.30 करोड़ रुपये पहुंच गया। शानदार विजुअल्स, दमदार कहानी और क्रिस्टोफर नोलन की डायरेक्शन ने भारतीय दर्शकों को भी खूब प्रभावित किया है।
दूसरे सप्ताह में भी फिल्म की कमाई की रफ्तार बनी हुई है। शुक्रवार को फिल्म ने 6.85 करोड़ रुपये का कारोबार किया था। वहीं शनिवार को दर्शकों की संख्या में बढ़ोतरी देखने को मिली और फिल्म ने 7.76 करोड़ रुपये की कमाई दर्ज की। इसके साथ ही 'द ओडिसी' का भारत में कुल नेट कलेक्शन 104.91 करोड़ रुपये हो गया है। फिल्म ने नौवें दिन 100 करोड़ क्लब में एंट्री कर अपनी सफलता पर मुहर लगा दी है।
इस समय भारतीय सिनेमाघरों में कई बड़ी फिल्में चल रही हैं। अजय देवगन की 'धमाल 4', मल्टीस्टारर 'वेलकम टू द जंगल' और थलपति विजय की 'जन नायकन' जैसी फिल्मों के बावजूद 'द ओडिसी' ने अपनी मजबूत पकड़ बनाए रखी है। खासकर मल्टीप्लेक्स दर्शकों के बीच फिल्म को शानदार रिस्पॉन्स मिल रहा है।
ट्रेड एक्सपर्ट्स का मानना है कि रविवार को छुट्टी का पूरा फायदा फिल्म को मिल सकता है। अगर यही रफ्तार बनी रही तो दूसरे वीकेंड के अंत तक 'द ओडिसी' का कलेक्शन और मजबूत हो जाएगा। क्रिस्टोफर नोलन की फिल्मों का भारत में हमेशा अलग फैन बेस रहा है और 'द ओडिसी' भी उसी परंपरा को आगे बढ़ाती नजर आ रही है। फिलहाल भारतीय बॉक्स ऑफिस पर 'द ओडिसी' का शानदार सफर लगातार जारी है।