Swara Bhasker Body Shaming: बॉलीवुड एक्ट्रेस स्वरा भास्कर अक्सर अपनी बेबाक राय के लिए जानी जाती हैं। एक्ट्रेस ने समाजवादी पार्टी के नेता और सोशल एक्टिविस्ट फहाद अहमद से शादी के बाद काफी ट्रोलिंग का सामना किया। बेटी के जन्म के बाद बढ़े वजन को लेकर भी सोशल मीडिया पर उन्हें निशाना बनाया गया। हाल ही में एक पॉडकास्ट में स्वरा ने बॉडी शेमिंग और महिलाओं पर खूबसूरत दिखने के दबाव को लेकर खुलकर बात की।
जय मदान के पॉडकास्ट में स्वरा से जब बॉडी शेमिंग को लेकर सवाल किया गया तो उन्होंने ट्रोलर्स को जवाब देते हुए कहा कि उनकी जिंदगी किसी दूसरे की नजरों के हिसाब से नहीं चलती। एक्ट्रेस ने कहा कि अगर किसी को सिर्फ सेक्सी लड़कियां देखनी हैं तो वह उनके पेज पर न आए और किसी दूसरे पेज पर चला जाए। उनकी बेटी के जन्म को करीब ढाई साल हो चुके हैं और मां बनने के बाद महिलाओं के शरीर में बदलाव आना स्वाभाविक है।
स्वरा ने अपनी बिना मेकअप वाली एक तस्वीर को लेकर हुई ट्रोलिंग का भी जिक्र किया। उन्होंने बताया कि चुनाव प्रचार के दौरान उनकी टीम ने बिना मेकअप वाली तस्वीर पोस्ट कर दी थी। इसके बाद कुछ लोगों ने उनकी पुरानी और नई तस्वीर की तुलना करते हुए लिखा कि मुस्लिम से शादी करने के बाद वह मोटी और भद्दी हो गई हैं। एक्ट्रेस ने कहा कि इस तरह की टिप्पणियों से उनके पति फहाद अहमद भी परेशान हो गए थे।
हालांकि, स्वरा ने साफ किया कि वह अब अपने शरीर को लेकर ट्रोलर्स के दबाव में नहीं आएंगी। स्वरा ने कहा कि फिल्म इंडस्ट्री और दूसरी पब्लिक-फेसिंग नौकरियों में महिलाओं पर हमेशा अच्छा दिखने का दबाव रहता है। खासकर बच्चे को जन्म देने के बाद महिलाओं को अपने शरीर को लेकर अतिरिक्त दबाव महसूस कराया जाता है। उन्होंने कहा कि इस दौरान शरीर को जरूरी पोषण देना ज्यादा महत्वपूर्ण है।
स्वरा भास्कर ने 16 फरवरी 2023 को फहाद अहमद से स्पेशल मैरिज एक्ट के तहत कोर्ट मैरिज की थी। सितंबर 2023 में दोनों बेटी राबिया के माता-पिता बने। वर्कफ्रंट की बात करें तो स्वरा आखिरी बार पति फहाद अहमद के साथ टीवी शो ‘पति पत्नी और पंगा’ में नजर आई थीं। फिलहाल उनके अगले प्रोजेक्ट की आधिकारिक घोषणा नहीं हुई है।