Sunny Deol Rejected Movie: सनी देओल ने अपने लंबे फिल्मी करियर में कई यादगार फिल्मों में काम किया है। हालांकि, उनके करियर से जुड़े कुछ ऐसे किस्से भी हैं, जब उनके किसी फिल्म को ठुकराने के बाद किसी दूसरे अभिनेता की किस्मत चमक गई। ऐसा ही एक किस्सा साल 1992 की फिल्म ‘दीवाना’ से जुड़ा है, जिसने शाहरुख खान को रातोंरात बॉलीवुड का बड़ा स्टार बना दिया था।
साल 1983 में बेताब से बॉलीवुड डेब्यू करने वाले सनी देओल ने घायल, घातक, बॉर्डर और गदर जैसी फिल्मों से अपनी अलग पहचान बनाई। रिपोर्ट्स के मुताबिक, 1992 में रिलीज हुई दीवाना का ऑफर पहले सनी देओल को दिया गया था। हालांकि, उस समय अपने दूसरे प्रोजेक्ट्स में व्यस्त होने के कारण उन्होंने फिल्म करने से इनकार कर दिया। सनी के मना करने के बाद फिल्म के मेकर्स ने नए चेहरे की तलाश शुरू की और यह मौका शाहरुख खान तक पहुंचा।
दिलचस्प बात यह है कि शाहरुख खान ने भी शुरुआत में ‘दीवाना’ करने से मना कर दिया था। उस समय वह कुछ दूसरे प्रोजेक्ट्स में व्यस्त थे। हालांकि, बाद में जब उन्हें पता चला कि फिल्म में दिग्गज अभिनेता ऋषि कपूर भी अहम भूमिका में हैं, तो उन्होंने अपना फैसला बदल दिया। शाहरुख कपूर के साथ काम करने को लेकर उत्साहित थे और आखिरकार फिल्म का हिस्सा बन गए। यही फिल्म उनके फिल्मी करियर की पहली रिलीज बनी।
राज कंवर के निर्देशन में बनी ‘दीवाना’ में शाहरुख खान के साथ ऋषि कपूर और दिव्या भारती नजर आए थे। फिल्म में शाहरुख के अंदाज और अभिनय को दर्शकों ने खूब पसंद किया। रिलीज के बाद वह तेजी से लोगों के बीच लोकप्रिय हो गए और बॉलीवुड को एक नया सुपरस्टार मिल गया।
रिपोर्ट्स के मुताबिक, करीब 4 करोड़ रुपये के बजट में बनी ‘दीवाना’ ने भारत में लगभग 7.20 करोड़ रुपये का नेट कलेक्शन किया था, जबकि इसका वर्ल्डवाइड ग्रॉस कलेक्शन करीब 13 करोड़ रुपये बताया जाता है। आज शाहरुख खान बॉलीवुड के सबसे बड़े सितारों में गिने जाते हैं। ऐसे में यह किस्सा दिलचस्प है कि जिस फिल्म ने उनके करियर की शुरुआत को यादगार बनाया, वह पहले सनी देओल के पास गई थी।