Sohail Khan 12 Kg Weight Loss Reason: रियलिटी शो 'अलायंस' का हिस्सा बनने के बाद से अभिनेता सोहेल खान लगातार चर्चा में हैं। शो की रैप-अप पार्टी से सामने आई उनकी तस्वीरों में उनका बदला हुआ लुक देखकर फैंस भी हैरान रह गए। सोहेल पहले की तुलना में काफी फिट और स्लिम नजर आए। तस्वीरें वायरल होने के बाद सोशल मीडिया पर उनके वजन कम होने को लेकर तरह-तरह की प्रतिक्रियाएं सामने आईं।
अब सोहेल खान ने खुद अपने बदले हुए लुक और वजन कम होने की वजह का खुलासा किया है। हिंदुस्तान टाइम्स से बातचीत में अभिनेता ने बताया कि 'अलायंस' में शामिल होने के कुछ ही दिनों बाद उनकी तबीयत खराब हो गई थी। उन्होंने कहा कि यह उनका पहला रियलिटी शो था और शुरुआत में उन्हें थोड़ा क्लॉस्ट्रोफोबिक महसूस हुआ। सोहेल ने बताया कि शो के पहले ही हफ्ते में उन्हें पेट में इंफेक्शन हो गया था। इसके बावजूद वह करीब पांच हफ्तों तक शो का हिस्सा बने रहे।
सोहेल खान ने यह भी बताया कि तबीयत खराब होने के कारण उन्हें शो के दौरान अपने खाने-पीने का विशेष ध्यान रखना पड़ा। वह आखिरी दिन तक शो के टास्क और चैलेंज में हिस्सा लेना चाहते थे। सोहेल ने कहा कि वह अपने नए दोस्तों और परिवार जैसे बन चुके कंटेस्टेंट्स के साथ ज्यादा से ज्यादा समय बिताना चाहते थे। वजन कम करने को लेकर सोहेल ने साफ किया कि इसके पीछे किसी दवा या फैट बर्नर का इस्तेमाल नहीं था। उन्होंने मजाकिया अंदाज में कहा कि न ओजेम्पिक लिया और न ही कोई फैट बर्नर, बल्कि उन्हें शो में लोगों से मिलने वाला प्यार और अपनापन मिला।
बता दें कि 'अलायंस' में सलमान खान भी सोहेल खान को सपोर्ट करने पहुंचे थे। उस दौरान सोहेल ने बताया था कि उन्होंने करीब 12 किलो वजन कम किया है। अब उनके बदले लुक को लेकर चल रही चर्चाओं पर खुद अभिनेता ने स्थिति साफ कर दी है। उनके मुताबिक, वजन कम होने की मुख्य वजह उनकी तबीयत और शो के दौरान खान-पान पर रखा गया नियंत्रण था।