फ्लॉप फिल्मों से टूट गए थे मोहनीश बहल, फिर सलमान खान बने मसीहा, मैंने प्यार किया ने रातोंरात बदल दी पहचान

Mohnish Bahl Career: लगातार फ्लॉप फिल्मों के बाद मोहनीश बहल बॉलीवुड छोड़कर पायलट बनने की तैयारी कर रहे थे। तभी सलमान खान ने ‘मैंने प्यार किया’ में विलेन के रोल के लिए मोहनीश का नाम सुझाया था।
Mohnish Bahl Birthday Special Story
मोहनीश बहल(फोटो सोर्स-सोशल मीडिया)
Published on: 
Updated on: 

Mohnish Bahl Birthday Special: बॉलीवुड अभिनेता मोहनीश बहल शुरुआती फिल्मों की लगातार नाकामी से परेशान होकर अभिनय छोड़ने तक का मन बना लिया था। वह विमानन क्षेत्र में करियर बनाने की तैयारी कर रहे थे, लेकिन सलमान खान ने उनके फिल्मी सफर को नई दिशा दे दी। मोहनीश का जन्म 14 अगस्त 1961 को मुंबई में हुआ था। वह फिल्मी परिवार से ताल्लुक रखते हैं। उनकी मां दिग्गज अभिनेत्री नूतन थीं, जबकि नानी शोभना समर्थ और मौसी तनुजा भी सिनेमा की जानी-मानी हस्तियां थीं।

मोहनीश ने 1983 में फिल्म ‘बेकरार’ से अभिनय की शुरुआत की। इसके बाद ‘तेरी बाहों में’ समेत कई फिल्मों को सफलता नहीं मिली। हालांकि ‘पुराना मंदिर’ बॉक्स ऑफिस पर सफल रही, लेकिन उस दौर में हॉरर फिल्मों को लेकर बनी धारणा के कारण इसका उन्हें अपेक्षित फायदा नहीं मिला। लगातार असफलताओं से निराश होकर मोहनीश ने बॉलीवुड छोड़ने का फैसला कर लिया और कमर्शियल पायलट बनने की दिशा में आगे बढ़ने लगे।

सलमान खान की एक सिफारिश ने बदली जिंदगी

इसी दौरान जिम में उनकी मुलाकात सलमान खान से हुई। दोनों की दोस्ती बढ़ी। जब राजश्री प्रोडक्शंस की ‘मैंने प्यार किया’ के लिए कास्टिंग हो रही थी, तब सलमान ने फिल्म में नकारात्मक किरदार ‘जीवन’ के लिए मोहनीश के नाम की सिफारिश की। 1989 में रिलीज हुई फिल्म की जबरदस्त सफलता ने मोहनीश बहल को दोबारा इंडस्ट्री में स्थापित कर दिया। इसके बाद राजश्री की फिल्मों ने उनकी इमेज पूरी तरह बदल दी।

विलेन से बने संस्कारी भाई

‘हम आपके हैं कौन’ और ‘हम साथ-साथ हैं’ जैसी फिल्मों में उन्होंने आदर्श और संस्कारी भाई के किरदार निभाए। इन भूमिकाओं ने उन्हें घर-घर में लोकप्रिय बना दिया। बाद में उन्होंने टेलीविजन पर भी सफलता हासिल की। 2002 में ‘संजीवनी’ में डॉ. शशांक गुप्ता का किरदार उनके टीवी करियर की बड़ी उपलब्धि बना। इस भूमिका के लिए उन्हें 2003 में इंडियन टेलीविजन एकेडमी अवॉर्ड भी मिला। 2019 में उन्होंने ‘संजीवनी 2’ में फिर इसी किरदार में वापसी की।

Mohnish Bahl Birthday Special Story
राजकुमार राव की अपनी ही 2 फिल्मों में होगी बॉक्स ऑफिस टक्कर! प्रहार और रफ्तार एक ही दिन मचाएंगी धमाल

परिवार की विरासत भी आगे बढ़ी

मोहनीश बहल ने 23 अप्रैल 1992 को अभिनेत्री एकता सोहिनी से शादी की। उनकी दो बेटियां हैं, प्रनूतन और कृषा। बड़ी बेटी प्रनूतन ने 2019 में फिल्म ‘नोटबुक’ से बॉलीवुड डेब्यू किया। मोहनीश की आखिरी फिल्म 2019 में आई ‘पानीपत’ थी। मौजूदा समय में वह अभिनय से ज्यादा अपने परिवार और व्यावसायिक जिम्मेदारियों पर ध्यान दे रहे हैं।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com