Highlights
सूरज बड़जात्या की फिल्म 'ये प्रेम मोल लिया' का छठ गीत 'बुलाए छठी मइया' रिलीज हो गया है।
इस गाने को श्रेया घोषाल और केशव आनंद ने अपनी आवाज दी है।
गाने के बोल मनोज मुंतशिर ने लिखे हैं और संगीत हिमेश रेशमिया ने तैयार किया है।
Ayushmann Khurrana Sharvari Wagh Song Bulaye Chhathi Maa: छठ पूजा का त्योहार करीब है और इसी बीच बॉलीवुड से एक खास तोहफा दर्शकों को मिला है। मशहूर फिल्ममेकर सूरज बड़जात्या की अपकमिंग फैमिली ड्रामा फिल्म 'ये प्रेम मोल लिया' का नया गाना रिलीज हो गया है। यह गीत छठ पूजा की आस्था और परंपरा को समर्पित है।
'बुलाए छठी मइया' नाम के इस गाने को श्रेया घोषाल ने अपनी सुरीली आवाज दी है। रिलीज होते ही यह गीत सोशल मीडिया पर छा गया है। खास बात यह है कि यूट्यूब पर कुछ ही घंटों में इसे 30 लाख से ज्यादा व्यूज मिल चुके हैं। फिल्म 'ये प्रेम मोल लिया' का गाना 'बुलाए छठी मइया' 12 नवंबर को रिलीज किया गया है। छठ पूजा से ठीक पहले आए इस गीत में छठी मइया की भक्ति, परिवार के मिलन और घाट पर होने वाली पूजा की खूबसूरत झलक दिखाई गई है।
'बुलाए छठी मइया' गाने में छठ महापर्व की परंपराओं और उससे जुड़े भावनात्मक रिश्तों को भी दर्शाया गया है। इस गीत में श्रेया घोषाल के साथ केशव आनंद ने भी अपनी आवाज दी है। इसके बोल मशहूर गीतकार मनोज मुंतशिर ने लिखे हैं, जबकि इसका संगीत हिमेश रेशमिया ने तैयार किया है। तीनों की शानदार जुगलबंदी ने गाने को खास बना दिया है।
'बुलाए छठी मइया' में फिल्म के मुख्य कलाकार शरवरी वाघ और आयुष्मान खुराना नजर आ रहे हैं। दोनों कलाकार देसी अंदाज में छठ पूजा के माहौल का हिस्सा बनते दिखाई देते हैं। गाने में उनकी केमिस्ट्री भी दर्शकों का ध्यान खींच रही है। घाट पर पूजा और परिवार के साथ त्योहार मनाने के दृश्यों ने गाने को और भावुक बना दिया है।
सूरज बड़जात्या इस फिल्म के जरिए निर्देशन की दुनिया में वापसी कर रहे हैं। फिल्म में आयुष्मान खुराना और शरवरी वाघ के अलावा सुप्रिया पाठक, सीमा पाहवा और अनुपम खेर भी अहम भूमिकाओं में नजर आएंगे। 'ये प्रेम मोल लिया' 27 नवंबर को सिनेमाघरों में रिलीज होने वाली है। फिलहाल फिल्म के इस नए छठ गीत को दर्शकों का अच्छा रिस्पॉन्स मिल रहा है। अब देखना होगा कि यह फिल्म भी गाने की तरह दर्शकों का दिल जीत पाती है या नहीं।