

Highlights
'सेल्फी मैंने ले ली आज' फेम ढिंचैक पूजा ने सोशल मीडिया पर अपनी प्रेग्नेंसी का ऐलान किया।
पूजा ने बेबी बंप फ्लॉन्ट करते हुए बेबी शॉवर का वीडियो शेयर किया है।
वीडियो में वह 'बेबी बॉय' लिखा हुआ गुब्बारा पकड़े नजर आ रही हैं।
Bigg Boss 11 Dhinchak Pooja Pregnancy: 'सेल्फी मैंने ले ली आज' गाने से इंटरनेट पर रातोंरात मशहूर हुईं ढिंचैक पूजा एक बार फिर सुर्खियों में हैं। इस बार वजह उनका कोई नया गाना नहीं, बल्कि उनकी निजी जिंदगी से जुड़ी खुशखबरी है। 'बिग बॉस 11' में नजर आ चुकीं सिंगर ने फैंस को बताया है कि वह जल्द ही मां बनने वाली हैं।
पूजा ने सोशल मीडिया पर एक खास वीडियो शेयर कर अपनी प्रेग्नेंसी का ऐलान किया है। इस वीडियो में वह बेबी बंप फ्लॉन्ट करती नजर आ रही हैं। इसके साथ ही उनके बेबी शॉवर की झलक भी देखने को मिली है। ढिंचैक पूजा ने मंगलवार को अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर एक वीडियो शेयर किया, जिसमें उनकी प्रेग्नेंसी से जुड़े कई खास पल दिखाई दे रहे हैं।
वीडियो में पूजा गुलाबी रंग के कपड़ों में नजर आ रही हैं। एक क्लिप में वह 'बेबी बॉय' लिखा हुआ गुब्बारा पकड़े दिखाई देती हैं। वहीं, एक दूसरी तस्वीर में वह अपना बेबी बंप फ्लॉन्ट करते हुए पोज दे रही हैं। उनके हाथ में एक स्टिकर भी है, जिस पर 'आई लव माय मॉमी' लिखा हुआ है। इस वीडियो को शेयर करते हुए पूजा ने कैप्शन में लिखा कि ढिंचैक पूजा का बच्चा जल्द आ रहा है। उनके इस पोस्ट के बाद फैंस उन्हें बधाइयां दे रहे हैं।
पूजा की प्रेग्नेंसी की खबर उनकी शादी के कुछ महीने बाद सामने आई है। उन्होंने इसी साल मई में सिंगर यवान के साथ शादी की जानकारी सोशल मीडिया पर साझा की थी। शुरुआत में कई लोगों को लगा था कि यह किसी म्यूजिक वीडियो के प्रमोशन का हिस्सा है। हालांकि, बाद में पूजा ने साफ कर दिया था कि उनकी शादी बिल्कुल असली है और इसका किसी म्यूजिक प्रोजेक्ट से कोई संबंध नहीं है।
ढिंचैक पूजा ने एक इंटरव्यू में अपनी शादी के बारे में बात की थी। उन्होंने बताया था कि उनकी मुलाकात यवान से ऑनलाइन हुई थी। दोनों ने कुछ समय तक एक-दूसरे को डेट किया और फिर परिवार की रजामंदी से शादी करने का फैसला लिया। पूजा ने यह भी कहा था कि उनकी शादी बेहद निजी तरीके से हुई थी। अब शादी के कुछ महीनों बाद पूजा की प्रेग्नेंसी की खुशखबरी ने उनके फैंस को उत्साहित कर दिया है।