Shilpa Shinde Wild Card Entry: रियलिटी शो 'लॉक अप 2' लगातार नए ट्विस्ट और हाई-वोल्टेज ड्रामे के चलते सुर्खियों में बना हुआ है। अब शो में एक और बड़ा मोड़ आने वाला है। टीवी अभिनेत्री शिल्पा शिंदे बतौर पहली वाइल्ड कार्ड कंटेस्टेंट शो में एंट्री करने जा रही हैं। मेकर्स ने सोशल मीडिया पर उनका प्रोमो वीडियो जारी कर इस खबर की आधिकारिक पुष्टि कर दी है।
रिलीज किए गए प्रोमो वीडियो में शिल्पा शिंदे पूरे आत्मविश्वास के साथ जेल में मौजूद कंटेस्टेंट्स को चुनौती देती नजर आती हैं। वह कहती हैं कि सुना है सब लोग अंदर अपनी-अपनी गद्दी जमाए बैठे हैं, लेकिन उन्हें कह दो कि जब तक कोई बाहर का अंदर कदम नहीं रखता, तब तक ही उनका राज चलता है। वीडियो के साथ मेकर्स ने कैप्शन लिखा कि सही पकड़े हैं! अब गेम पलटने वाला है।
शिल्पा शिंदे की एंट्री ऐसे समय पर हो रही है जब वह अपने एक पुराने बयान को लेकर विवादों में हैं। हाल ही में उन्होंने एक पॉडकास्ट में खुलासा किया था कि साल 2017 में निर्माता संजय कोहली के खिलाफ दर्ज कराया गया यौन उत्पीड़न का मामला झूठा था। शिल्पा ने दावा किया कि उस समय परिस्थितियां ऐसी थीं कि उनके पास कानूनी लड़ाई लड़ने के लिए यही रास्ता बचा था।
'लॉक अप 2' में पहला एलिमिनेशन भी हो चुका है। हालिया एपिसोड में श्रेष्ठा अय्यर शो से बाहर होने वाली पहली कंटेस्टेंट बनीं, जबकि आकांक्षा चमोला और माधुरी जैन ग्रोवर एविक्शन से बच गईं। फिलहाल शो में राम कपूर, शिवांगी जोशी, धीरज धूपर, हर्षद चोपड़ा, रियाज अली और सूफी मोतीवाला जैसे कई चर्चित चेहरे गेम खेलते नजर आ रहे हैं।
27 जून से शुरू हुए इस रियलिटी शो में अब तक कई बड़े ट्विस्ट देखने को मिल चुके हैं। ऐसे में शिल्पा शिंदे जैसी बेबाक और अनुभवी खिलाड़ी की एंट्री से प्रतियोगियों के बीच तनाव बढ़ना तय माना जा रहा है। अब दर्शकों की नजर इस बात पर है कि 'अंगूरी भाभी' अपने दमदार अंदाज से गेम में कितना बड़ा बदलाव ला पाती हैं और क्या वह शो की सबसे मजबूत कंटेस्टेंट बनकर उभरेंगी।