

Lock Upp 2 Judgment Day: नेटफ्लिक्स के चर्चित रियलिटी शो ‘लॉकअप सीजन 2’ में पहले ही जजमेंट डे पर बड़ा ट्विस्ट देखने को मिला। भारतीय क्रिकेटर श्रेयस अय्यर की बहन श्रेष्ठा अय्यर का शो में सफर महज एक हफ्ते में खत्म हो गया। कम वोट मिलने के बाद वह बॉटम-2 में पहुंचीं और आखिरकार साथी कैदियों के फैसले के चलते उन्हें शो से बाहर होना पड़ा। वहीं, गौरव खन्ना की पूर्व पत्नी आकांक्षा चमोला को बाकी कंटेस्टेंट्स ने बचा लिया, जिससे उनका सफर फिलहाल जारी रहेगा।
इस बार शो को अभिनेता रितेश देशमुख और फराह खान होस्ट कर रहे हैं। पहले जजमेंट डे को और खास बनाने के लिए कंगना रनौत ने भी सरप्राइज एंट्री की। उन्होंने 'जनता की आवाज' बनकर सभी कैदियों के पूरे हफ्ते के प्रदर्शन की समीक्षा की और कई प्रतियोगियों की जमकर क्लास लगाई। इस दौरान कम वोट मिलने के कारण पांच कंटेस्टेंट्स डेंजर जोन में पहुंच गए। इनमें माधुरी ग्रोवर, आकांक्षा चमोला, श्रेष्ठा अय्यर, सूफी मोतीवाला और श्रेया कालरा शामिल थे।
जजमेंट डे पर मेकर्स ने डेंजर जोन में मौजूद प्रतियोगियों को खुद को सुरक्षित करने का एक मौका दिया। इसके लिए सभी को अपनी जिंदगी का एक बड़ा राज दुनिया के सामने बताना था। सबसे पहले माधुरी ग्रोवर ने बजर दबाया और अपना सीक्रेट साझा किया। नियमों के मुताबिक, ऐसा करते ही वह सीधे एविक्शन से सुरक्षित हो गईं। वहीं, सूफी मोतीवाला और श्रेया कालरा दर्शकों के वोटों के आधार पर पहले ही सुरक्षित घोषित कर दिए गए।
माधुरी, सूफी और श्रेया के सुरक्षित होने के बाद मुकाबला आकांक्षा चमोला और श्रेष्ठा अय्यर के बीच रह गया। यहीं शो में सबसे बड़ा ट्विस्ट आया। होस्ट्स ने फैसला जनता पर छोड़ने के बजाय जेल के बाकी कैदियों को यह अधिकार दे दिया कि वे तय करें कि दोनों में से किसे बचाया जाए। घर के अंदर की रणनीति और आपसी समीकरण इस फैसले में साफ नजर आए। अधिकांश कंटेस्टेंट्स ने आकांक्षा चमोला के पक्ष में वोट किया। इसके बाद श्रेष्ठा अय्यर को शो से बाहर होना पड़ा।