Shekhar Suman New Show With Nitin Gadkari: 14 साल बाद अभिनेता शेखर सुमन फिर से धूम मचाने आ रहे है। शेखर अपने लेट-नाइट शो 'शेखर टुनाइट' में फिर से वापसी कर अपना जलवा बिखेरेंगे। इस बार शेखर सुमन यूट्यूब पर अपने लेट नाइट शो 'शेखर टुनाइट' के जरिए अपने फैन्स के साथ जुड़ रहे हैं।
शो के पहले ही दिन शेखर ने मेहमान के रूप में केंद्रीय सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी को बुलाया है। जैसा कि आप सभी जानते हैं, केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी अपने बेबाक बयान और भाषणों को लेकर जाने जाते हैं। इस बार भी केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने शो में ऐसा कुछ कह दिया जिससे शो में हंसी के ठहाके लग गए।
दरअसल 14 सालों के इंतजार के बाद मशहूर अभिनेता शेखर सुमन अपना टीवी शो 'शेखर टुनाइट' लेकर आ रहे हैं। शेखर पहले भी अपने तीखे सवालों, हास्य और दिल को छू लेने वाली बात को लेकर सुर्खियों में रहते थे। लेकिन इस बार शेखर एक नए सफर की ओर चल पड़े हैं। शेखर ने अपने शो में सबसे पहले केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी को बुलाया। जिसमें नितिन जी ने शेखर के सवालों का जवाब बड़े मजाकिया अंदाज़ में दिया। गडकरी जी ने महाराष्ट्र और मराठी भाषा पर बात करते हुए कहा कि 'राज्य से बाहर रहने के दौरान उन्हें मराठी भाषा और संस्कृति की असली ताकत और महत्व समझ में आया'।
शो के दौरान शेखर सुमन ने मराठी भाषा के विवाद को लेकर अपने हास्य अंदाज में कहा कि 'जो लोग मराठी नहीं बोल सकते उन्हें ऑटो और स्कूटर चलाने नहीं दिया जाएगा। इससे हम जैसे बिहारी लोग घबरा गए हमारा भी ध्यान रखिए'। वहीं शेखर की बात पर नितिन गडकरी ने मुस्कुराते हुए कहा, 'आप बिहारी हैं! मैं आपको एक बात बताता हूं। बिहार अलग राज्य बनने के बाद हमने गंगा नदी पर सबसे ज्यादा पुल और सड़कें बनाईं और पूरे बिहार की तस्वीर बदल दी। अगर हम बिहारियों के खिलाफ होते, तो क्या यह सब कर पाते? बाद में उन्होंने अपना बयान वापस भी ले लिया। हमने तो यह भी कहा था कि अगर मेरे पास कोई दूसरा काम न हो और मुझे ऑटो-रिक्शा चलाना पड़े, तो मैं भी मराठी सीखूंगा। क्योंकि अगर आप वहां की भाषा नहीं जानते, तो आपका काम प्रभावित हो सकता है। हर भाषा को अपने साहित्य और संस्कृति पर गर्व होना चाहिए, लेकिन यह गर्व कभी कट्टरता या जुनून में नहीं बदलना चाहिए।'
यह भी पढ़ें: ‘गैंग्स ऑफ वासेपुर’ ने बदली Nawazuddin Siddiqui की किस्मत, सालों के संघर्ष के बाद मिली बॉलीवुड में पहचान
शेखर के बेटे अध्ययन सुमन द्वारा निर्मित और धर्मेश संगानी के प्रोडक्शन में बने इस शो 'शेखर टूनाइट' में अभिनेता शेखर सुमन का फिर से वहीं अंदाज दिखेगा जिसका दर्शक कई सालों से इंतजार कर रहे थे। दमदार मेहमानों, निजी किस्सों और शेखर सुमन के शानदार अंदाज़ इस शो में आपको देखने को मिलेगा। बता दें कि 'शेखर टुनाइट' हर शुक्रवार शाम 6 बजे यूट्यूब पर दिखाया जाएगा।